नई दिल्ली: चुनाव आयोग ने राज्यसभा की जून-जुलाई में खाली हो रही 24 राज्यसभा सीटों के लिए 18 जून (गुरुवार) को चुनाव कराए जाने की घोषणा की है। इन सीटों पर मौजूदा 24 राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल 21 जून से 19 जुलाई के बीच अलग-अलग तारीखों को खत्म हो रहा है। इसलिए इन सीटों पर नए सदस्यों के लिए चुनाव कराए जाने हैं।जिन प्रमुख नेताओं का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, उनमें मल्लिकार्जन खरगे, दिग्जिवजय सिंह और पूर्व पीएम एचडी देवेगौड़ा का नाम भी शामिल है. राजस्थान से राजेंद्र गहलोत, नीरज डांगी और रवनीत सिंह की सीटें भी खाली हो रही हैं.चुनाव आयोग ने साफ निर्देश दिया है कि मतदान के दौरान केवल रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा उपलब्ध कराए गए विशेष बैंगनी रंग के स्केच पेन का ही इस्तेमाल किया जाएगा. किसी अन्य पेन के उपयोग की अनुमति नहीं होगी. साथ ही चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति भी की जाएगी ताकि मतदान निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया जा सके. राजनीतिक तौर पर इन चुनावों को काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि राज्यसभा में संख्या बल कई बड़े विधेयकों और राजनीतिक रणनीतियों पर असर डालता है. ऐसे में आने वाले दिनों में विभिन्न दल उम्मीदवारों के चयन और समर्थन जुटाने की कवायद तेज कर सकते हैं.
किन किन राज्यों में सीट हो रहीं खाली
चुनाव आयोग ने यह घोषणा करते हुए बताया कि 10 राज्यों में आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक से चार-चार सीट, मध्य प्रदेश और राजस्थान से तीन-तीन, झारखंड से दो और मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम से एक-एक सीट खाली हो रही है।
एक जून से नामांकन पत्र दाखिला
इन सभी सीटों के लिए चुनाव होने हैं जिसके लिए एक जून से नामांकन पत्र दाखिल करना शुरू हो जाएगा। आठ जून तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकते हैं। भरे गए नॉमिनेशन फॉर्म की जांच नौ जून को, उम्मीदवार द्वारा 11 जून तक नाम वापस लिए जा सकते हैं। 18 जून को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक वोटिंग होगी और इसी दिन शाम पांच बजे तक वोटों की गिनती करने का काम पूरा कर लिया जाएगा।
बैंगनी रंग के स्केच पेन का ही इस्तेमाल
आयोग ने निर्देश दिया है कि बैलेट पेपर पर प्रीफेंस टिक करने के लिए केवल वायलेट यानी बैंगनी रंग के स्केच पेन का ही इस्तेमाल किया जा सकेगा। इसके लिए रिटर्निंग ऑफिसरों को आदेश दिए गए हैं कि वह केवल वायलेट कलर पेन ही उपलब्ध कराएं। अन्य किसी कलर के पेन का उपयोग वर्जित होगा।
