मध्य प्रदेश में निगम मंडलों और प्राधिकरणों में राजनीतिक नियुक्तियों का सिलसिला जारी है. शुक्रवार देर रात राज्य सरकार ने एक बार फिर आदेश जारी कर एक दर्जन से अधिक निगमों, बोर्डों और विकास प्राधिकरणों के अध्यक्षों और उपाध्यक्षों के नामों की घोषणा की. इस कदम को सरकार और पार्टी संगठन के बीच तालमेल बिठाने की एक कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है. इस सूची में कई प्रमुख चेहरों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं.
संदीप जैन बने जबलपुर विकास प्राधिकरण अध्यक्ष
संदीप जैन को जबलपुर विकास प्राधिकरण (JDA) की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि वीरेंद्र गोयल सिंगरौली के औद्योगिक क्षेत्र के विकास प्राधिकरण का कार्यभार संभालेंगे. सामाजिक और सांस्कृतिक संतुलन बनाए रखने के लिए सरकार ने राघवेंद्र शर्मा को योग आयोग का अध्यक्ष, प्रवीण शर्मा को युवा आयोग का अध्यक्ष और विनोद गोटिया को तीर्थयात्रा एवं मेला प्राधिकरण का अध्यक्ष नियुक्त किया है.
शिक्षा क्षेत्र में सौभाग्य सिंह को पाठ्यपुस्तक निगम का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है. आवास क्षेत्र में ओम जैन को आवास बोर्ड का नेतृत्व सौंपा गया है. इसके अलावा पंकज जोशी को खादी बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जबकि राकेश जादौन को उपाध्यक्ष बनाया गया है. सरकारी कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए रमेश शर्मा को कर्मचारी कल्याण समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है. प्रभु दयाल कुशवाहा को कुश कल्याण बोर्ड का अध्यक्ष बनाया गया है.
जारी है नियु्क्तियां
बता दें कि मंगलवार को इससे पहले मोहन सरकार ने दो और प्रमुख नामों की घोषणा की थी. BJP ने पार्टी के पूर्व विधायक पंचूलाल प्रजापति को ‘विंध्य विकास प्राधिकरण’ का अध्यक्ष नियुक्त किया है. इसके अलावा उनके साथ दो उपाध्यक्ष भी नियुक्त किए गए. पिछले चार दिनों से सरकार विभिन्न निगमों, बोर्डों और विकास प्राधिकरणों में लगातार अध्यक्षों, उपाध्यक्षों और सदस्यों की नियुक्तियां कर रही है. इस प्रक्रिया में, कई वरिष्ठ नेताओं को पहले ही महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी जा चुकी हैं.
