नई दिल्ली: फ्लाईदुबई विमान में अपनी जान की बाजी लगाकर सैकड़ों यात्रियों की जान बचाने वाले भारतीय मूल के पायलट स्मित मच्छार की बहादुरी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रतिक्रिया दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे लेकर अपने एक्स हैंडल पर एक पोस्ट किया है। उन्होंने कैप्टन स्मित मच्छार की जमकर तारीफ की है। पीएम मोदी ने कहा कि हर भारतीय को आपकी बहादुरी पर गर्व है। आपने दूसरों की जान बचाने के लिए जबरदस्त हिम्मत और अटूट संकल्प दिखाया।
पीएम मोदी ने स्मित मच्छार को बताया हीरो
पीएम मोदी ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हुए लिखा ” कैप्टन स्मित मच्छार एक हीरो हैं। बेहद खतरनाक हालात और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद, उन्होंने दूसरों की जान बचाने के लिए जबरदस्त हिम्मत और अटूट संकल्प दिखाया। उनकी बहादुरी से सैकड़ों लोगों की जान बची और एक बड़ी त्रासदी टल गई। भारत को कैप्टन मच्छार पर गर्व है। हम उनके जल्द ठीक होने, नई ताकत पाने और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।”
फ्लाईदुबई विमान में बड़ा हादसा टला
बता दें कि दुबई से इजरायल के तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट एफजेड 1073 ( Flydubai Flight FZ1073) के कॉकपिट में दो पायलटों के बीच खूनी झड़प के बाद यात्रियों के बीच अफरातफरी मच गई और एक सह-पायलट ने दूसरे पायलट पर चाकू से हमला कर दिया। लेकिन इसमें भारतीय मूल के पायलट स्मित मच्छार ने अपनी जान पर खेलकर सैकड़ों यात्रियों की जान बचा ली। इस खूनी झड़प के दौरान विमान 34000 फीट से नीचे उतरकर 17000 फीट तक आ गया था। यात्रियों में दहशत पैदा हो गई थी।
‘पीएम नेतन्याहू ही नहीं, हमारा पूरा देश कैप्टन स्मित मच्छार का मुरीद’
इजराइल के पीएम नेतन्याहू ने भी की थी तारीफ
इजराइल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने भी इंडियन पायलट की तारीफ करते हुए कहा कि भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की असाधारण बहादुरी को मेरा सलाम। चाकू लगने और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद, उन्होंने मुकाबला किया, हमलावर का विरोध किया, कॉकपिट का दरवाजा खोला और यात्रियों व क्रू को हमलावर पर काबू पाने में मदद की।जिससे हवा में होने वाली एक बड़ी दुर्घटना टल गई। उन्होंने 174 लोगों की जान बचाई, जिनमें इजराइली नागरिक और अन्य देशों के लोग भी शामिल थे। मैं कैप्टन मच्छार के जल्द और पूरी तरह ठीक होने की कामना करता हूं।
कौन हैं कैप्टन स्मित मच्छार
बता दें कि कैप्टन स्मित मच्छार फ्लाईदुबई ( flydubai ) में डायरेक्ट-एंट्री कैप्टन के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने सितंबर 2026 में दुबई से तेल अवीव (इजरायल) जा रही फ्लाइट FZ1073 को संभावित हाईजैकिंग से बचाकर उसमें सवार 174 से अधिक यात्रियों की जान बचाई। मूल रूप से गुजरात के रहने वाले और मुंबई में पले-बढ़े कैप्टन स्मित को बोइंग 737 विमान उड़ाने का 13 साल से अधिक का लंबा अनुभव है और वे पूर्व में स्पाइसजेट में भी सीनियर कमांडर रह चुके हैं। अब उनकी बहादुरी की दुनिया भर में तारीफ हो रही है।
ओमान मूल का था को-पायलट
बता दें कि कैप्टन स्मित मच्छार ही वह शख्स हैं, जिन्होंने फ्लाइट में सवार 180 यात्रियों की जान बचाने में सबसे बड़ी भूमिका निभाई है। कैप्टन मच्छार ही फ्लाईदुबई की फ्लाइट दुबई से टेकऑफ कराकर तेल अवीव जा रहे थे। इसी दौरान ओमान मूल के को-पायलट ने कैप्टन मच्छार पर चाकू लेकर हमला कर दिया। ओमानी मूल का पायलट इजरायली नागरिकों से भरी फ्लाइट को क्रैश कराना चाहता था। लेकिन समय रहते कैप्टन मच्छार ने चाकू से हमले के बाद घायल होते हुए भी कॉकपिट खोल दिया और दूसरे यात्री तुरंत उसमें दाखिल हो गए। लोगों ने को-पायलट को संभालते हुए काबू कर लिया।
