नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी ने बीजेपी की आलोचना करते हुए इसे ‘ऑपरेशन लोटस’ करार दिया.आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने ताज़ा घटनाक्रम को लेकर एक्स पर राघव चड्ढ का नाम लिए बिना सिर्फ़ इतना लिखा, “बीजेपी ने फिर से पंजाबियों के साथ किया धक्का.”आम आदमी पार्टी ने इस महीने की शुरुआत में राज्यसभा में पार्टी के डिप्टी लीडर की ज़िम्मेदारी राघव चड्ढा की जगह अशोक कुमार मित्तल को दे दी थी.आम आदमी पार्टी के राज्यसभा में नेता और नेशनल मीडिया प्रभारी संजय सिंह ने शुक्रवार शाम चार बजे प्रेस कांफ्रेंस कर राघव चड्ढा समेत पार्टी के 7 सांसदों के बीजेपी में शामिल होने को ‘ऑपरेशन लोटस’ करार दिया.
राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा और संदीप पाठक समेत आम आदमी पार्टी (आप) के सात सांसदों ने शुक्रवार को पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया. इसके साथ ही उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने की घोषणा की है. इसको लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने कड़ी प्रतिक्रिया दर्ज कराई है. ‘आप’ ने इसको भाजपा का ‘ऑपरेशन लोटस’ बताया है. पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह और अनुराग ढांडा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया. ‘आप’ सांसद संजय सिंह ने कहा, “भाजपा का ‘ऑपरेशन लोटस’, घटिया राजनीति का खेल और पंजाब सरकार के अच्छे कामों को रोकने का षड्यंत्र है. पंजाब सरकार जो 300 यूनिट बिजली फ्री देने का काम करती है, वहां के बच्चों को अच्छी शिक्षा देने का काम करती है, तीस साल से जिन नहरों में पानी नहीं गया था, उन नहरों में पानी पहुंचाने का काम करती है. दलित और आदिवासी समाज से आने वाली माताओं और बहनों को 1,500 रुपए की मासिक आर्थिक मदद देने का काम करती है. गरीबों को 10 लाख रुपए तक फ्री इलाज की सुविधा भगवंत मान सरकार करती है. भाजपा ने ऐसी सरकार को तोड़ने और धोखा देने का काम किया है.”
संजय सिंह ने कहा, “आज आम आदमी पार्टी के राज्यसभा के सात सांसद तोड़कर भाजपा में शामिल किए गए. इन सातों नामों को पंजाब की जनता को याद रखना चाहिए. पंजाब की जनता इन लोगों को माफ नहीं करेगी. राघव चड्डा को पार्टी ने विधायक और सांसद बनाया. पंजाब की जनता ने प्यार देकर राज्यसभा में पहुंचाया. अब भाजपा की गोद में जा बैठे. संदीप पाठक को पंजाब की जनता के प्यार और आशीर्वाद से राज्यसभा में पहुंचने का मौका मिला. पार्टी ने बड़ी-बड़ी जिम्मेदारियां दीं. राजेंद्र गुप्ता का इतिहास उठाकर देखिए. पार्टी ने उनको क्या नहीं दिया. विक्रम साहनी, अशोक मित्तल और स्वाति मालीवाल को जमीन से उठाकर देश की सबसे बड़ी पंचायत में पहुंचाने का काम किया. इन सातों लोगों ने पंजाब की जनता की पीठ में छुरा घोंपने का काम किया है. पंजाब के लोगों को धोखा देने का काम किया है. पंजाब सरकार के अच्छे कामों को रोकने का काम किया है. इन सबको पंजाब के लोग माफ नहीं करेंगे.”
‘आप’ सांसद ने कहा, “मैं अमित शाह से कहना चाहता हूं, ये घिनौना खेल जो आपने आम आदमी पार्टी और पंजाब सरकार के साथ खेला है, इसके लिए आपको भी पंजाब की जनता माफ नहीं करेगी. एक अच्छी सरकार पंजाब में चल रही है. भगवंत मान बिजली, पानी और रोजगार जैसे मुद्दों पर अच्छा काम कर रहे हैं, और आज उस सरकार के साथ ऑपरेशन लोटस का खेल खेला जा रहा है. ईडी और सीबीआई का इस्तेमाल करके, हमारे सांसदों को तोड़ा जा रहा है. पिछले दिनों अशोक मित्तल के यहां ईडी का छापा पड़ा, और अब वो भाजपा में शामिल हो गए, इसका क्या मतलब है? इसका मतलब साफ है कि नेताओं को केंद्रीय एजेंसियों का भय दिखाया जा रहा है.”
पंजाब सीएम भगवंत मान ने क्या कहा
राघव चड्ढा के दो-तिहाई सांसदों के बीजेपी में विलय करने का एलान करने के बाद और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शुक्रवार शाम प्रेस कॉन्फ़्रेंस की.
उन्होंने कहा, “पार्टी बड़ी होती है, संगठन बड़ा होता है, लोग बड़े नहीं होते हैं. ये 6-7 लोग जो गए हैं, वो पंजाब नहीं हैं. ये गद्दार हैं. पंजाबियों के गद्दार हैं. बैठे-बिठाए गद्दी मिल गई, इन्हें वोट तो मांगने नहीं पड़े. न कहीं हाथ जोड़ने पड़े, न कहीं गलियों में जाकर लोगों के मुद्दों पर बात करनी पड़े. बस बनी-बनाई सीट मिल गई, चलो जी वहां राज्य सभा में जाकर तिकड़मबाजियां करने लगे.” “होना इनका वहां भी कुछ नहीं है, क्योंकि वह बीजेपी है. वह रंग लगाकर छोड़ देते हैं. कैप्टन साहब खुद बोलते हैं कि मुझे कोई नहीं पूछता. मैंने मनप्रीत बादल का कभी नाम नहीं सुना. बिट्टू का थोड़ा चलता है, उसे मंत्री बना दिया है. जिस दिन उन्हें पता चलेगा कि उनकी पंजाब में नहीं चलती है, उस दिन उन्हें भी बाहर कर देंगे.”
