देहरादून: कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने अपने पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू पर उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। जिसके बाद गिरधारी लाल साहू का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में साहू ने रेखा के आरोपों का खंडन किया है। साहू ने रेखा के सभी आरोपों को निराधार बताते हुए वापस लेने की अपील की। गिरधारी लाल साहू ने वीडियो जारी कर कहा कि रेखा आर्य को अपने मंत्री पद का घमंड हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि घर तुड़वाने के लिए ये ऑडियो वायरल किए गए हैं। उन्होंने रेखा आर्य पर भ्रष्ट्राचार करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
साथ ही कहा कि जो ऑडियो वायरल किए गए हैं, वह एआई से बनाया गया है। गिरधारी लाल ने कहा कि उत्तराखंड और सोमेश्वर की जनता जानती है कि उन्होंने रेखा को कहां से कहां तक लाकर खड़ा कर दिया। उन्होंने कहा कि रेखा को सड़क से उठाकर मंत्री तक बनवाया। गिरधारी ने रेखा आर्य पर भ्रष्टाचार करके संपत्ति जोड़ने का आरोप लगाया। आरोप लगाया कि रेखा आर्य ने भ्रष्टाचार के जरिए दो सौ दस करोड़ करोड़ का साम्राज्य बनाया। साथ ही दावा किया कि वे पूरी कलई जल्द खोलेंगे।
रेखा आर्य ने अपने पति पर क्या आरोप लगाए
बता दें कि प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने एक दिन पहले ही वीडियो जारी कर अपने पति पर गंभीर आरोप लगाए। रेखा आर्य ने अपने पति गिरधारी लाल साहू पर जालसाजी, जातिगत प्रताड़ना और जान से मारने का षड्यंत्र रचने का आरोप लगाते हुए एफआईआर भी दर्ज कराई है। कैबिनेट मंत्री की शिकायत पर कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मंत्री ने आरोप लगाया कि उनका पति पहले से विवाहित है और वर्तमान में भी उसके विवाहेत्तर संबंध हैं।
