प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के राजनीतिक इतिहास में बुधवार को एक नया अध्याय लिख दिया है। उन्होंने देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़कर सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। 10 जून 2026 को पीएम मोदी ने कार्यालय में लगातार 4,399 दिन पूरे कर लिए हैं, जबकि 1952 के पहले आम चुनाव के बाद निर्वाचित सरकार के प्रमुख के रूप में नेहरू का कार्यकाल 4,398 दिनों का था।पीएम मोदी ने 26 मई 2014 को पहली बार देश के प्रधानमंत्री के तौर पर की शपथ ली थी। उन्होंने 9 जून 2024 को ही एनडीए के तीसरे कार्यकाल में पीएम पद की शपथ ली और अब वह सत्ता में सबसे लंबे कार्यकाल वाले प्रधानमंत्री बन गए हैं।
पीएम मोदी पर भूटान के पीएम शेरिंग तोबगे ने दो पन्नों का लेटर पीएम मोदी के नाम लिखा है. उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के लगातार कार्यकाल में भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले चुने हुए प्रधानमंत्री बनने के खास मौके पर पीएम मोदी को दोस्त, भाई और मार्गदर्शक बताया है. तोबगे ने पीएम मोदी को बधाई दी. उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि भारत के लोगों की तरफ से मोदी पर बार-बार जताए भरोसे को दिखाती है. भारत की लोकतांत्रिक ताकत को उजागर करती है. पीएम मोदी से जुड़े याद को बताते हुए, तोबगे ने 2014 के पीएम शपथ ग्रहण समारोह को याद किया.
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी की बतौर प्रधानमंत्री पहली विदेश यात्रा भूटान की थी. यह भारत और भूटान के संबंधों को दी गई उनकी अहमियत का दर्शाता है. उनकी आधिकारिक बातचीत धीरे-धीरे भरोसे, आपसी सम्मान और समझ पर आधारित निजी दोस्ती में बदल गई.
तोबगे ने कहा कि वह मोदी को एक बड़े भाई के तौर पर देखते हैं. जो सफलता और चुनौतियों, दोनों समय में मार्गदर्शन, समर्थन, समझदारी और हौसला देते हैंय वह सार्वजनिक जीवन के अहम पलों में आगे बढ़ने में मदद के लिए मोदी की सलाह और पक्के समर्थन को श्रेय देते हैं. इस दौरान उन्होंने पत्र में पीएम मोदी से जुड़ी कई बातें साझा की. उन्होंने आखिर में कहा कि मोदी की विरासत को न केवल उनकी राजनीतिक उपलब्धियों के लिए, बल्कि उनके व्यक्तिगत गुणों के लिए याद किया जाएगा. भूटान के राजा, सरकार और जनता की ओर से, वे मोदी को हार्दिक बधाई देते हैं और उनकी अटूट दोस्ती और समर्थन के लिए आभार व्यक्त करते हैं. मोदी भारत की सेवा सफलतापूर्वक करते रहेंगे और भारत-भूटान के संबंध पीढ़ियों तक फलते-फूलते रहेंगे.
इटली की प्रधानमंत्री मेलोनी ने दी बधाई
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने पीएम मोदी को बधाई देते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी को बधाई, वो आज भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले चुने हुए पीएम बन गए हैं. हाल के हफ्तों में रोम में उनसे फिर से मिलना और एक खास रणीतिक साझेदारी की संयुक्त रूप से शुरुआत करना खुशी की बात रही है. यह साझेदारी भविष्य की ओर देखते हुए हमारे देशों और हमारे लोगों के लिए नए अवसर पैदा करने पर केंद्रित है.
इथोपिया के पीएम बोले- मोदी ग्लोबल साउथ की एक मजबूत-निरंतर आवाज रहे
इथोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली ने एक्स पर लिखा कि मैं अपने बड़े भाई और प्रिय मित्र माननीय नरेंद्र मोदी को बधाई देता हूं. उन्होंने भारत के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने और लगातार तीन बार लोकतांत्रिक जनादेश के साथ दूरदर्शिता और दृढ़ संकल्प के साथ देश का नेतृत्व करने का ऐतिहासिक मुकाम हासिल किया है. उन्होंने दुनिया के सबसे बड़े और सबसे जीवंत लोकतंत्र का निरंतर विश्वास जीता है. उनके शासनकाल में लाखों लोग गरीबी से बाहर निकले हैं, बड़े पैमाने पर डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर लागू किया गया है और अभूतपूर्व इंफ्रास्ट्रक्चर विकास हुआ है, जिससे तेजी से आर्थिक प्रगति हुई है. वे ग्लोबल साउथ की एक मजबूत और निरंतर आवाज रहे हैं.
मंगोलिया के राष्ट्रपति उखनागीन खुरेलसुख ने दी पीएम मोदी को बधाई
मंगोलिया के राष्ट्रपति उखनागीन खुरेलसुख ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को, जो मेरे और मंगोलिया के लोगों के प्रिय मित्र हैं, हार्दिक बधाई देना चाहता हूं. प्रधानमंत्री के तौर पर तीसरे कार्यकाल के लिए चुने जाने और आधुनिक भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने वाले व्यक्ति बनने पर कृपया मेरी हार्दिक बधाई स्वीकार करें. यह ऐतिहासिक उपलब्धि आपके नेतृत्व और भारत के लोगों द्वारा आप पर जताए गए अटूट भरोसे और विश्वास का प्रमाण है. मुझे आपके साथ मिलकर मंगोलिया-भारत रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने एवं हमारे दोनों देशों के लोगों के बीच दोस्ती के रिश्तों को और गहरा करने में खुशी होगी. मैं आपके अच्छे स्वास्थ्य और निरंतर सफलता की कामना करता हूं. भारत के मित्रवत लोगों की निरंतर समृद्धि और भलाई के लिए अपनी शुभकामनाएं देता हूं.
श्रीलंका की राष्ट्रपति ने दी पीएम मोदी को बधाई
श्रीलंका की राष्ट्रपति अनुरा कुमार डिसनायके ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर हार्दिक बधाई देता हूं. श्रीलंका हमारी करीबी साझेदारी को महत्व देता है. हमारे दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे संबंधों को और मजबूत करने की उम्मीद करता हैं.
मलेशिया के पीएम ने दी पीएम मोदी को बधाई
मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने पीएम मोदी को बधाई दी. उन्होंने कहा कि भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले चुने हुए प्रधानमंत्री बनने की ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रधानमंत्री मोदी को हार्दिक बधाई. यह उपलब्धि उनके सालों की समर्पित जनसेवा और भारत के विकास, समृद्धि और वैश्विक मंच पर उसकी स्थिति को बेहतर बनाने में उनके नेतृत्व का प्रमाण है. मलेशिया भारत के साथ अपनी करीबी और पुरानी दोस्ती को बहुत महत्व देता है. मैं दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने और अपने लोगों के लिए नए अवसर बढ़ाने की दिशा में सहयोग जारी रखने के लिए उत्सुक हूं. मैं प्रधानमंत्री मोदी की निरंतर सफलता और भारत के लोगों के लिए शांति, प्रगति और समृद्धि की कामना करता हूं.
नाइजीरिया के राष्ट्रपति ने दी बधाई
नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला अहमद तिनुबु ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले चुने हुए प्रधानमंत्री बनने की ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देता हूं. यह शानदार उपलब्धि उस अटूट भरोसे और विश्वास को दर्शाती है जो भारत की जनता ने लगातार तीन कार्यकालों में उनके नेतृत्व पर जताया है. जन-सेवा के प्रति उनका समर्पण, राष्ट्रीय विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और वैश्विक मंच पर उनका प्रभावशाली नेतृत्व दुनिया भर में लाखों लोगों को प्रेरित करता रहता है. नाइजीरिया के एक अच्छे दोस्त होने के अलावा, प्रधानमंत्री मोदी मेरे व्यक्तिगत मित्र और भरोसेमंद सहयोगी भी हैं, जिन पर मैं हमेशा भरोसा कर सकता हूं. इतने सालों में मैंने उनकी समझदारी, साहस और अपने देश की प्रगति और समृद्धि के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की गहराई से सराहना की है. नाइजीरिया की सरकार और जनता की ओर से, मैं प्रधानमंत्री मोदी के अच्छे स्वास्थ्य, समझदारी और सफलता की कामना करता हूं, ताकि वे भारत को और भी ऊंचाइयों तक ले जा सकें.
मालदीव के राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद मुइजूं ने क्या लिखा
मालदीव के राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद मुइजूं भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार पद पर रहने वाले चुने हुए प्रधानमंत्री बनने पर महामहिम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हार्दिक बधाई. मालदीव आपसी सम्मान, संप्रभु समानता और साझा हितों के आधार पर भारत के साथ सहयोग को और मजबूत करने के लिए उत्सुक है.
केन्या के राष्ट्रपति ने क्या लिखा है?
केन्या के राष्ट्रपति विलियम सामोई रुटो ने कहा कि जनसेवा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई. आज आप भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले चुने हुए प्रधानमंत्री बन गए हैं. यह दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में लगातार तीन बार मिले जनादेश के जरिए भारत की जनता द्वारा आपके नेतृत्व में जताए गए भरोसे और विश्वास को दर्शाता है. एक साधारण शुरुआत से इस पद तक का आपका सफर आपके समर्पण, दृढ़ता और जनसेवा का प्रमाण है. केन्या भारत के साथ अपनी मजबूत और स्थायी साझेदारी को महत्व देता है और हमारे लोगों के आपसी फ़ायदे के लिए सहयोग को और गहरा करने की उम्मीद करता है. भारत की जनता की सेवा और निरंतर सफलता के लिए शुभकामनाएं.
साउथ कोरिया के राष्ट्रपति ने क्या कहा है?
साउथ कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्युंग ने लिखा कि मैं आपको दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रधानमंत्री बनने पर हार्दिक बधाई देता हूं. आपने कई सालों तक भारत के विकास और प्रगति का नेतृत्व किया है. अंतरराष्ट्रीय समुदाय में भारत की प्रतिष्ठा को ऊंचा उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई हैं. मुझे विश्वास है कि यह उपलब्धि भारत के लोगों द्वारा आपके नेतृत्व पर जताए गए भरोसे को दर्शाती है. अप्रैल में हमने कोरिया-भारत विशेष रणनीतिक साझेदारी को और आगे बढ़ाने तथा विकास और नवाचार से भरे भविष्य के निर्माण के लिए मिलकर काम करने पर सहमति जताई थी. मैं आपके साथ विश्वास और मित्रता को आगे बढ़ाने तथा हमारे दोनों देशों के लोगों के लिए लाभकारी ठोस परिणाम प्राप्त करने की आशा करता हूं. मैं आपके उत्तम स्वास्थ्य और भारत के लोगों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना करता हूं.
