नई दिल्ली: संसद की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू होती है लेकिन सांसद अमूमन 10 बजे से आना शुरू कर देते हैं। गुरुवार को सुबह करीब सवा दस बजे बीजेपी और एनडीए के सांसद संसद के मकर द्वार के पास जुटना शुरू हुए। मकर द्वार से ही सांसद अंदर सदन में जाते हैं। इसके चंद सेकंड बाद ही मकर द्वार के ठीक सामने संविधान सदन (संसद की पुरानी बिल्डिंग) की तरफ कांग्रेस सांसद भी जुटने लगे।
सत्ता पक्ष ने लगाए ये नारे
इस तरह सत्ता पक्ष और विपक्ष के सांसद एकदम एक दूसरे के आमने सामने थे। दोनों तरफ से नारे लगने शुरू हुए। सत्ता पक्ष ने नारे लगाए कि राहुल गांधी शर्म करो तो कांग्रेस ने पीएम के खिलाफ नारे लगाए। कांग्रेस की तरफ से सांसद वर्षा गायकवाड़ और गुरजीत औजला ने मोर्चा संभाल रखा था।
कांग्रेस लगा रही थी धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो के नारे
एनडीए सांसद संख्या में ज्यादा थे और हाथों में नारे लिखी तख्तियां लिए थे। वे छात्रों का इस्तेमाल बंद करो और संसद में चर्चा करने दो जैसे नारे लगा रहे थे। कांग्रेस सांसद धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो के नारे लगा रहे थे। 10 मिनट बाद कांग्रेस सांसदों के पास भी पेपर लीक लिखे हुए पोस्टर आ गए। करीब 10.25 बजे सोनिया गांधी भी पहुंचीं और कांग्रेस सांसदों के साथ प्रदर्शन में शामिल हुई।
दोनों पक्षों की ओर से लग रहे थे चोर चोर के नारे
साढ़े दस बजे जब दोनों तरफ से सांसदों की संख्या ज्यादा होने लगी तो सत्ता पक्ष और विपक्ष के सांसद नारे लगाते हुए एक दूसरे की तरफ बढ़े और धक्का मुक्की की नौबत आ गई। तब सिक्योरिटी में लगे लोगों ने ह्यूमन चेन बनाकर उन्हें अलग अलग किया। फिर एक तरफ सत्ता पक्ष और दूसरी तरफ विपक्ष और बीच में सिक्योरिटी। दोनों तरफ से चोर-चोर के नारे जोर जोर से लगने लगे। एक वक्त आया जब पूरा संसद परिसर चोर-चोर के शोर से गूंजने लगा।
कांग्रेस के सामने फीकी पड़ी NDA
कुछ देर में प्रियंका गांधी भी पहुंची और सोनिया गांधी के साथ खड़ी हुई और फिर कांग्रेस की तरफ से नारेबाजी को वो लीड करने लगीं। इसके बाद कांग्रेस सांसदों के पास बड़ा बैनर भी आ गया। अब सत्ता और विपक्ष दोनों तरफ के सांसद एक साथ मकर द्वार के सामने अपनी अपनी जगह पर नारेबाजी करने लगे। एनडीए सांसदों की संख्या ज्यादा थी लेकिन नारेबाजी के मामले में कांग्रेस सांसद ज्यादा आगे दिखे और उनकी आवाज ज्यादा सुनाई दे रही थी।नारेबाजी को लीड कर रही प्रियंका गांधी के साथ ही सोनिया गांधी भी आकर खड़ी हो गईं। 10.38 पर समाजवादी पार्टी नेता अखिलेश यादव आ गए और प्रदर्शन का हिस्सा बने। इसके कुछ सेकंड बाद ही राहुल गांधी भी पहुंचे। जहां प्रियंका गांधी लगतार नारेबाजी कर रहीं थी वहीं अखिलेश यादव नारेबाजी करते तो नहीं दिखे लेकिन लगातार मुस्कुरा रहे थे।
