उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के आयोजन स्थल पर कथित शुद्धीकरण को लेकर सोमवार को विवाद और बढ़ गया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने पूरे राज्य में शिकायतें दायर कीं, जबकि भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध-प्रदर्शन किया और राहुल गांधी के पुतले फूंके।
कांग्रेस ने लोक सभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ उत्तराखंड में प्राथमिकी दर्ज किए जाने को लेकर आरोप लगाया कि यह कदम शुद्धीकरण के मामले में कार्रवाई से बचने और लोगों का ध्यान भटकाने के लिए उठाया गया है। उसने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के सभा स्थल पर शुद्धीकरण के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए और इससे कम कुछ भी मंजूर नहीं है। कांग्रेस की प्रदेश और स्थानीय इकाइयों ने अपने नेता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज किए जाने के विरोध में प्रदर्शन भी किया।
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा कि राहुल गांधी ने अपने संवाददाता सम्मेलन में दलितों के साथ हो रहे अन्याय, अपमान और भेदभाव को लेकर जो सवाल उठाया था, उसे भाजपा-आरएसएस ने 24 घंटे के भीतर ही सही साबित कर दिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने उत्तराखंड में खरगे की रैली के बाद शुद्धीकरण के नाम पर छुआछूत और अपमान किए जाने का मुद्दा उठाया था तथा इसमें शामिल भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
लखनऊ में राहुल गांधी पर FIR के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन
लखनऊ में मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज FIR के विरोध में प्रदर्शन किया. बाराबंकी से कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने हजरतगंज स्थित GPO पर महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने नारेबाजी की.कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज FIR वापस लेने और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के हल्द्वानी कार्यक्रम के बाद कथित ‘शुद्धिकरण’ करने वालों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘गलत FIR वापस लो’ और ‘बीजेपी सरकार होश में आओ’ जैसे नारे लगाए.
तनुज पुनिया बोले- संविधान के मुताबिक हो कार्रवाई
प्रदर्शन के दौरान सांसद तनुज पुनिया ने कहा कि किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई राजनीतिक भावना से नहीं, बल्कि संविधान और कानून के अनुसार होनी चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने दलितों के अपमान का मुद्दा उठाया, लेकिन उनके खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कर दिया गया.तनुज पुनिया ने कहा कि कांग्रेस लंबे समय से हल्द्वानी में खड़गे के कार्यक्रम के बाद हुए कथित शुद्धिकरण के मामले में कार्रवाई की मांग कर रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने कथित तौर पर शुद्धिकरण किया, उनके खिलाफ FIR नहीं हुई, जबकि राहुल गांधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया गया. उन्होंने कहा, “उल्टा चोर कोतवाल को डांट रहा है.”
कस्टोडियल डेथ मामले में भी कार्रवाई की मांग
कांग्रेस सांसद ने कस्टोडियल डेथ के मामले में भी दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. उन्होंने कहा कि सरकार को सभी मामलों में निष्पक्ष तरीके से कानून के मुताबिक कार्रवाई करनी चाहिए. इस प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और पुलिस के बीच नोकझोंक भी हुई. पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया. इसके बाद तनुज पुनिया समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर ईको गार्डन भेज दिया गया.
