अयोध्या: यहां के बार एसोसिएशन ने 4 लोगों के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी है। बार एससोसिएशन ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय , ट्रस्टी अनिल मिश्रा और गोपाल राव सहित 4 लोगों के खिलाफ शिकायत दी है। वकीलों ने इनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कालिका प्रसाद मिश्र ने कहा है कि, पुलिस ने एफआईआरदर्ज करने का आश्वासन दिया है। फिलहाल शिकायत दर्ज हुई है, प्राथमिकी अभी तक पंजीकृत नहीं हुई है।
विधिक राय लेकर पुलिस करेगी कार्रवाई
अयोध्या बार एसोसिएशन के सेक्रेटरी शैलेंद्र कुमार जायसवाल ने कहा कि, ‘संघ के आदेश पर हम यहां (पुलिस थाना) आए थे। हम से कहा गया था कि तहरीर दे दीजिए, एफआईआर पंजीकृत कराएं। कुल ढाई हजार अधिवक्ता थे। वे वापस चले गए हैं, हम 10-12 यहां आए हैं। प्रार्थना पत्र यहां दिया है। वह पुलिस ने लेकर एक पीली पर्ची दी है। उन्होंने कहा है कि तहरीर ले ली गई है। तहरीर लेने के बाद उन्होंने कहा कि वे विधिक राय लेंगे। राय लेने के बाद ही आगे कोई कार्रवाई करेंगे।’
केस दर्ज कराने के लिए कई विकल्प
जायसवाल ने कहा कि, ‘हम लोग भी इंतजार कर रहे हैं कि ठीक है, तहरीर दी, आपको कॉपी दी, रिसीविंग ली। आगे नहीं होगा तो हम भी आगे विधिक कार्रवाई करेंगे। एफआईआर दर्ज करने के लिए कहा तो है, पर पुलिस है, कितना भरोसा है? आगे बहुत सारे रास्ते हैं, सारे रास्ते अपनाए जाएंगे। कोर्ट है, हाईकोर्ट है, सुप्रीम कोर्ट है। हालांकि यहां तक नौबत नहीं आएगी, वे एफआईआर दर्ज कर लेंगे।’
वकीलों ने किया विरोध प्रदर्शन
चंपत राय श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव हैं। डॉ अनिल मिश्रा ट्रस्ट के सदस्य और गोपाल राव व्यवस्थापक हैं। बार एसोसिएशन ने दान चोरी के मामले में गिरफ्तार किए गए 8 आरोपियों का केस नहीं लड़ने का फैसला भी लिया है। बार एसोसिएशन के सदस्य गुरुवार को राम जन्मभूमि थाने पहुंचे। वकीलों के एक प्रतिनिधिमंडल ने थाना राम जन्मभूमि पहुंचकर तहरीर दी। गुस्से से भरे वकीलों ने कचहरी गेट से निकलकर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव पर केस दर्ज करने की मांग की। इससे पहले आज बार एसोसिएशन हॉल में वकीलों की एक बैठक भी हुई थी।
