उत्तर प्रदेश में बुधवार शाम को आए भीषण बारिश, आंधी-तूफान, आकाशीय बिजली ने अब तक 101 लोगों की जान ले ली है. वहीं 50 से अधिक लोग घायल हुए हैं. तेज आंधी-तूफान की वजह से कई इलाकों में पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से कई लोगों को चोट लगी है और अन्य नुकसान हुआ है. सीएम योगी आदित्यनाथ ने मौसम के कहर की वजह से गई जानों पर दुख जताते हुए 24 घंटे के भीतर पीड़ित परिवारों को मुआवजा दिए जाने के निर्देश दिए हैं.
राहत कार्य 24 घंटे में पूरा हो
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पीड़ितों को राहत पहुंचाने का काम 24 घंटे के अंदर पूरा किया जाए. उन्होंने यूपी में तेज बारिश, आंधी और आकाशीय बिजली से जनहानि, पशुहानि और आर्थिकहानि पर संज्ञान लेते हुए मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना की व्यक्त की. और सभी जिलों के जिलाधिकारियों समेत अन्य विभागों के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर पीड़ितों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा है कि इस काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
सर्वे के बाद तुंरत मुआवजा देने के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने का निर्देश दिया है. साथ ही राजस्व, कृषि विभाग और बीमा कंपनी से नुकसान का सर्वे कराकर शासन को भी अवगत कराने के लिए निर्देश दिया है. सर्वे के बाद नुकसान का आंकलन पूरा कर तुंरत मुआवजा देने के लिए कहा गया है.
यूपी में बारिश-तूफान से अब तक 101 लोगों की मौत
बता दें कि मौसम के कहर ने भदोही में 18, प्रयागराज में 21, मिर्जापुर में 15, प्रतापगढ़ में 4, फतेहपुर में 10, बरेली में 4, उन्नाव और बदायूं में 6-6, सीतापुर, रायबरेली और चंदौली में 2-2, कानपुर देहात, हरदोई और संभल में 2-2, कौशांबी और शाहजहांपुर में 1-1, सोनभद्र और लखीमपुर में भी 1-1 जान ले ली.
बरेली में हवा में उड़ा शख्स
उत्तर प्रदेश के बरेली में बुधवार शाम आई तेज आंधी ने जमकर कहर बरपाया. इस तेज तूफान में पेड़ तो उखड़ ही गए, घर भी भरभराकर गिर गए. वहीं, आंधी का एक वीडियो भी सामने आया है, जहां एक युवक टीनशेड के साथ हवा में काफी देर तक उड़ता दिख रहा है. इस दौरान वह कई फीट ऊंचा उछल गया. वीडियो बरेली के भमोरा थाना के बमियाना गांव का बताया जा रहा है, जहां हवा में उछलने के बाद नन्हे घायल हो गया. जमीन पर गिरने के बाद उसे गंभीर चोटें आई हैं, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया है. वीडियो में देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि उस दौरान तूफान कितना खतरनाक रहा था. हवा इतनी जोर से चल रही थी कि नन्हे टीनशेड के साथ काफी देर तक हवा में रहा.
