नई दिल्ली केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ‘वंदे मातरम्’ को लेकर कांग्रेस के रुख पर निशाना साधा है। उन्होंने गुरुवार को कहा कि कांग्रेस ने राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के दो टुकड़ किए हैं। यह देश विरोधी फैसला है। अमित शाह ने कहा कि बीजेपी कांग्रेस के फैसले की निंदा करती है। पूरा गीत राष्ट्रीय एकता के लिए जरूरी है।
वंदे मातरम् पर कांग्रेस का फैसला जिस पर बोले अमित शाह
असल में, कांग्रेस ने बुधवार को कहा था कि वह ‘वंदे मातरम्’ को लेकर 1937 में महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू, सरदार वल्लभभाई पटेल और उस समय के अन्य प्रमुख नेताओं द्वारा किए गए फैसले का पूरी तरह पालन करेगी। इसी के अनुरूप पार्टी कार्यकर्ता राष्ट्रगीत के सिर्फ दो अंतरे ही गाएंगे। वंदे मातरम् में 6 अंतरा हैं।कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक में इसको लेकर चर्चा हुई और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने 1937 के सीडब्ल्यूसी के उस प्रस्ताव के कुछ अंश भी पढ़े जो महान नेताओं की मौजूदगी में पारित हुआ था और जिसमें वंदे मातरम् के दो अंतरों के गायन का निर्णय लिया गया था।
कांग्रेस ने देश विरोधी फैसला लियाः गृह मंत्री
बहरहाल, वंदे मातरम् के सिर्फ दो अंतरा गाने के कांग्रेस के फैसले पर अमित शाह ने चेन्नई में न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में कहा, ‘कांग्रेस ने देश विरोधी फैसला लिया है। कांग्रेस के फैसले का बीजेपी निंदा करती है। कांग्रेस ने लाखों शहीदों का अपमान किया है। पूरा गीत राष्ट्रीय एकता के लिए जरूरी है।’ उन्होंने कहा कि 1937 में कांग्रेस ने जो फैसला लिया था , उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आजादी के 80 साल बाद सुधारा है। देश की जनता उसका विरोध नहीं सहेगी।
बीजेपी जनता के बीच जाकर कांग्रेस के फैसले का विरोध करेगी
अमित शाह ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी एक बार फिर तुष्टीकरण की राजनीति कर रहे हैं। राष्ट्रगीत पूरा न गाना अवहेलना है। इस फैसले ने कांग्रेस के तुष्टीकरण की पुष्टी की है। ये संसद में पारित एक्ट को खारिज कर रहे हैं। लेकिन अब तुष्टीकरण की राजनीति नहीं चलेगी। उन्होंने कहा कि बीजेपी जनता के बीच जाकर कांग्रेस के फैसले का विरोध करेगी।
स्वतंत्रता दिवस पर वंदे मातरम् को लेकर हुआ विवाद
बता दें कि बीते 15 अगस्त को कांग्रेस कार्यालय में ध्वजारोहण समारोह के दौरान वंदे मातरम् के गायन को लेकर उस वक्त विवाद खड़ा हो गया था जब कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी राष्ट्रगीत गाए जाने के दौरान ही खरगे की तरफ कुछ इशारा करती नजर आईं। बीजेपी का आरोप है कि सोनिया गांधी ने पूरा वंदे मातरम गाए जाने पर आपत्ति जताई थी। वहीं कांग्रेस ने इस आरोप को खारिज कर दिया था।
