चंडीगढ़: पंजाब और चंडीगढ़ में मॉनसून का इंतजार अब खत्म होने वाला है। मंगलवार को राज्य के कई जिलों में प्री-मानसून बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। पठानकोट, गुरदासपुर और मोहाली में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि चंडीगढ़ में भी हल्की बूंदाबांदी हुई। बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। पठानकोट में बारिश का असर सबसे ज्यादा देखने को मिला। यहां करीब पांच घंटे लगातार बारिश होने से शहर के कई इलाकों में 3 से 4 फीट तक पानी भर गया। सड़कों पर जलभराव के कारण लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई। स्कूल खुलने के पहले ही दिन कई बच्चे समय पर स्कूल नहीं पहुंच सके। वहीं खड्डी नाला उफान पर आ गया, जिससे पानी पुल के ऊपर से बहने लगा और प्रशासन को सतर्क रहना पड़ा।
मौसम हुआ सुहावना
मोहाली और जालंधर में भी मौसम सुहावना बना रहा। तेज ठंडी हवाओं और बादलों के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने पूरे पंजाब और चंडीगढ़ के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है। मौसम विभाग के अनुसार, 2 से 4 जुलाई और 6 जुलाई को पंजाब के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं चंडीगढ़ और ट्राइसिटी क्षेत्र में भी 2 से 6 जुलाई के बीच कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मंगलवार दोपहर 12 बजे तक भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया था।
प्री-मानसून गतिविधियां और तेज होंगी
मौसम केंद्र चंडीगढ़ के मुताबिक, पंजाब और चंडीगढ़ के शेष हिस्सों में मानसून आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। पहली जुलाई से प्री-मानसून गतिविधियां और तेज होंगी। दूसरी ओर, मानसून ने मंगलवार को हिमाचल प्रदेश में भी दस्तक दे दी है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, किन्नौर, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, शिमला, मंडी, सिरमौर और कांगड़ा जिलों में मानसून पहुंच चुका है। मंडी जिले में भारी बारिश से नुकसान की खबरें सामने आई हैं। मौसम विभाग ने हिमाचल में भी अगले चार दिनों तक भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है।
