प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज यूपी के सबसे लंबे एक्सप्रेस-वे की सौगात प्रदेशवासियों को दिया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गंगा एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण हरदोई जिले के मल्लावां से किया. प्रदेश का सबसे लंबा 594 किलोमीटर का मेरठ-प्रयागराज गंगा एक्सप्रेस-वे न केवल यूपी के आर्थिक विकास का ग्रोथ इंजन बनेगा. बल्कि यह यूपी की लाइफ लाइन भी बनेगा. यह एक्सप्रेस-वे पूरब को जहां पश्चिम को सीधे कनेक्ट करेगा. वहीं गंगा एक्सप्रेस-वे से 12 जिले 518 गांव भी जुड़ेंगे. एक्सप्रेस-वे शुरू हो जाने से जहां औद्योगिक विकास में गति आएगी. वहीं इसका सीधा लाभ व्यापारियों और किसानों को मिलेगा. इसके साथ ही साथ गंगा एक्सप्रेस-वे से उत्तर प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा देगा. गंगा एक्सप्रेस-वे शुरू हो जाने के बाद मेरठ और प्रयागराज के बीच की दूरी 6 से 7 घंटे के बीच तय होगी. मेरठ एक्सप्रेस-वे के साथ ही यूपी देश का सबसे ज्यादा एक्सप्रेस-वे वाला राज्य बन गया है. इसका निर्माण 36320 करोड़ की लागत से किया गया है.
हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी पर हमला बोला. पीएम मोदी ने कहा कि पिछली सरकार ने अपनी करतूतों के कारण अपराध और जंगल राज को यूपी की पहचान बना दिया था. यूपी के माफियाओं पर फिल्में बनती थी. लेकिन अब यूपी की कानून व्यवस्था का देश भर में उदाहरण दिया जाता है. समाजवादी पार्टी विकास विरोधी भी है और नारी विरोधी भी है. केंद्र की एनडीए सरकार संसद में नारी शक्ति वंदन संशोधन लेकर आई थी. बड़ी संख्या में हमारी माताएं, बहने संसद, विधायक बनकर दिल्ली, लखनऊ पहुंचती. लेकिन सपा ने इस संशोधन बिल के खिलाफ वोट किया. यूपी को गाली देकर पॉलिटिक्स करने वाली डीएमके जैसी पार्टियां उन्हें इस बात पर आपत्ति थी कि यूपी की सीटें क्यों बढ़ेगी. समाजवादी पार्टी संसद में उन्हीं के सुर में सुर मिला रही थी. सपा वाले यहां से आपके वोट लेकर संसद जाते हैं और संसद में यूपी के लोगों को गाली देने वालों के साथ खड़े हो जाते हैं. इसलिए यूपी के लोग कहते हैं समाजवादी पार्टी कभी सुधर नहीं सकती है. यह लोग हमेशा महिला विरोधी राजनीति ही करेंगे.
हरदोई में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश के तेज विकास के लिए हमें तेजी से आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर का भी निर्माण करना है. यूपी का सबसे लंबा ग्रीन कॉरिडोर एक्सप्रेस वे, यह पांच साल के भीतर बनकर तैयार हो गया है. गंगा एक्सप्रेसवे मेरठ से आगे बढ़कर हरिद्वार तक पहुंचेगा. इसके और बेहतर उपयोग के लिए फारुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे का निर्माण कर इसे अन्य एक्सप्रेसवे से भी जोड़ना आएगा. ये हैं डबल इंजन सरकार का विजन. ये है भाजपा सरकार के काम करने की स्पीड. ये है भाजपा सरकार के काम का तरीका. पहले की सरकारों ने जिस तरह किसानों की उपेक्षा की उसके कारण किसान परेशानियों के में ही घिर करके रह गए. यहां के किसानों की फसलें बड़े बाजारों तक नहीं पहुंच पाती थी. कोल्ड स्टोरेज की कमी थी, लॉजिस्टिक्स का अभाव था. किसानों को उनकी मेहनत का सही मूल्य नहीं मिलता था. अब उन कठिनाइयों का समाधान भी तेजी से होगा.प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि अब वो दौर चला गया जब एक सड़क के लिए दशकों तक इंतजार करना पड़ता था. एक बार घोषणा हो गई तो वर्षों तक फाइलें चलती थी. चुनाव के लिए पत्थर लग जाता था. उसके बाद सरकारें आती रहती थी, जाती रहती थी. लेकिन काम का कुछ अता पता नहीं लगता था. डबल इंजन सरकार में शिलान्यास भी होता है और तय समय में लोकार्पण भी होकर के रहता है.
हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन कार्यक्रम में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि UP को एक्सप्रेसवे का वरदान माँ गंगा का आशीर्वाद है. ये एक्सप्रेसवे UP के विकास की नई लाइफलाइन बनेगा. अब आप कुछ ही घंटों में संगम भी पहुंच सकते हैं और काशी में बाबा के दर्शन करके भी वापस आ सकते हैं. मुझे खुशी है कि यूपी सरकार ने इस एक्सप्रेसवे का नाम मां गंगा के नाम पर रखा है.
