प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की आर्थिक विकास दर 7.8 प्रतिशत होने पर देशवासियों को बधाई दी है. उन्होंने इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर बिना नाम लिए निशाना साधा. पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो मैसेज शेयर किया है. उन्होंने कहा कि कुछ लोग निराशा के अंधेरे में डूबे हैं और देश को लेकर झूठ फैला रहे हैं.
भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है
पीएम मोदी ने कहा, ”मेरे देशवासियों को बहुत-बहुत बधाई. 7.8% की विकास दर—पूरा देश खुशी से भरा हुआ है. मैं इस देश के लोगों को उनके संकल्प और मेहनती स्वभाव के लिए बधाई देता हूं. ये हमारी सामूहिक ताकत को दिखाता है. दुनिया संघर्षों में फंसी हुई है, हर तरफ से युद्ध की खबरें आ रही हैं और दुनिया संकटों से घिरी हुई है. सप्लाई चेन बुरी तरह बाधित हुई है. 2020 के कोविड दौर के बाद से, हर जगह स्थिरता की कमी रही है. फिर भी, भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है.”
राहुल गांधी पर साधा निशाना
पीएम मोदी ने राहुल गांधी का नाम लिए बिना उन पर निशाना साधा. उन्होंने कहा, ”इस बीच, देश के भीतर कुछ लोग निराशा के अंधेरे में डूबे हुए हैं, जो झूठ फैला रहे हैं और निराशा का माहौल बना रहे हैं. इन सबसे ऊपर उठकर और इन बाधाओं को पार करते हुए, देश ने 7.8% की विकास दर हासिल की है. हमें इस गति को बनाए रखना होगा. हमें आगे बढ़ते रहना होगा, और इसके लिए ‘आत्मनिर्भर भारत’ बनना जरूरी है.”इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार केंद्र सरकार पर निशाना साधते रहे हैं. उन्होंने ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान देश में बेरोजगारी का मुद्दा उठाया था. राहुल ने बीजेपी सरकार को आड़े हाथों लिया था.
‘सोना खरीदने से बचना है’
पीएम मोदी ने कहा, ”हमें स्वदेशी और ‘वोकल फॉर लोकल’ के मंत्र को अपनाना चाहिए. हमें सिर्फ मौज-मस्ती के लिए विदेश यात्रा करने या विदेशों में शादियां करने से बचना चाहिए. इसके बजाय, हमें ‘भारत में शादी’ के मंत्र को अपनाना चाहिए. जब तक बहुत जरूरी न हो, हमें सोना खरीदने से भी बचना चाहिए. हम जितना ज़्यादा ‘स्वदेशी’ और आत्मनिर्भरता पर जोर देंगे, मुझे उतना ही भरोसा है कि आजादी के 100 साल पूरे होने तक हम अपने युवाओं को एक विकसित भारत सौंपेंगे.”
”आज अपनी कड़ी मेहनत से हम निश्चित रूप से अपनी युवा पीढ़ी के सपनों को साकार करेंगे. आइए, अपनी कोशिशों में कोई कसर न छोड़ें. हमारी नीतियां सही हैं और हमारे इरादे नेक हैं. 140 करोड़ भारतीयों की मिली-जुली ताकत देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए एकजुट हो रही है. आइए जश्न मनाएं, पक्का संकल्प लें और उस संकल्प को हकीकत में बदलने के लिए मिलकर आगे बढ़ें.”
