राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 11 सितंबर यानी शुक्रवार को स्कूल, कॉलेज और सभी सरकारी दफ्तर बंद रहेंगे. यह आदेश दिल्ली प्रदेश के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने दिया है.
उपराज्यपाल के दफ्तर से जारी आदेश के अनुसार ब्रिक्स समिट के मद्देनजर सभी सरकारी दफ्तरों, स्वायत्त संस्थानों और पब्लिक सेक्टर अडरटेकिंग संस्थान बंद रहेंगे. 18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 12 और 13 सितंबर को प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा. भारत इस वर्ष ब्रिक्स (दुनिया की प्रमुख उभरती हुई अर्थव्यवस्थाओं और विकासशील देशों का संगठन) की अध्यक्षता कर रहा है.
बता दें दिल्ली में 12-13 सितंबर को ब्रिक्स समिट होगा. उपराज्यपाल के इस ऐलान के बाद दिल्ली वालों को लंबा वीकेंड मिल गया है. 11 सितंबर शुक्रवार के बाद 12 और 13 सितंबर को क्रमशः शनिवार और रविवार है. हालांकि इस आदेश से यह स्पष्ट नहीं है कि सरकारी, निजी, स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालयों में यह छुट्टी लागू होगी या नहीं.
गौरतलब है कि भारत ब्रिक्स के संस्थापक सदस्यों में एक है और इससे पहले 2012, 2016 और 2021 में इसकी अध्यक्षता कर चुका है. भारत ने एक जनवरी 2026 को चौथी बार ब्रिक्स की अध्यक्षता संभाली. इस वर्ष ब्रिक्स अपनी स्थापना की 20वीं वर्षगांठ भी मना रहा है.
