बरेली समेत कई जिलों में होटल व फैक्टरी के नाम पर जमीन खरीद के बहाने किसानों से कई करोड़ रुपये की ठगी कर ली गई। प्रदेश भर के ठगों का एक बड़ा नेटवर्क इस धंधे में शामिल था। अब क्राइम ब्रांच ने ठगी के सरगना पन्नालाल कश्यप को गिरफ्तार किया है। गाजियाबाद के थाना नंदग्राम में गढ़ी का निवासी पन्नालाल कश्यप बसपा सरकार में वर्ष 2007 में दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री रहा है।
क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर अरुण कुमार ने उसकी तलाश में पहले गाजियाबाद में दबिश दी, वहां से वह चकमा देकर भाग निकला। फिर टीम ने उसे मेरठ से गिरफ्तार कर लिया और बरेली ले आई। उसे भोजीपुरा थाना पुलिस को सौंपा गया है। यहां उसके खिलाफ दो मुकदमे पहले से दर्ज हैं। कई अन्य मामलों में विवेचना में उसका नाम खुला है। एसएसपी बरेली अनुराग आर्य ने उस पर 25 हजार का इनाम घोषित किया था।
करीब तीन साल से पीड़ित किसान रिपोर्ट दर्ज कराने को भटक रहे थे। लगभग दो साल पहले तत्कालीन आईजी राकेश कुमार सिंह व मौजूदा एसएसपी अनुराग आर्य ने इस मामले में संज्ञान लेकर पीड़ितों की रिपोर्ट लिखवाना शुरू की। पुलिस के मुताबिक पन्नालाल के खिलाफ करीब 38 मामले जिले के अलग अलग थानों में दर्ज कराए गए। भोजीपुरा और मीरगंज में सर्वाधिक मामले दर्ज थे।थाना पुलिस ने पीड़ितों की सुनवाई न की तो एसएसपी ने क्राइम ब्रांच को इन मामलों की विवेचना ट्रांसफर कर दी। तब से कार्रवाई में तेजी आई है। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि पन्नालाल कश्यप की गिरफ्तारी की गई है। अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
