बरेली में बिजली संकट से परेशान होकर उपभोक्ताओं ने सोमवार सुबह पवन विहार उपकेंद्र का घेराव किया। उपभोक्ताओं ने उपकेंद्र में तालाबंदी कर कर्मचारियों को बाहर निकाल दिया और बिजली निगम के खिलाफ नारेबाजी की। यह विरोध प्रदर्शन कृष्णा नगर फेज दो कॉलोनी का ट्रांसफार्मर फुंक जाने और लगातार बिजली कटौती के कारण हुआ। कॉलोनी में पिछले तीन दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित है। इससे निवासियों को भीषण गर्मी और अंधेरे में रहने को मजबूर होना पड़ रहा है। पहले केबल फाल्ट की समस्या थी, जिसे ठीक करने के बाद अब ट्रांसफार्मर फुंक गया है। निवासियों का आरोप है कि बिजली निगम के अधिकारी उनके फोन नहीं उठा रहे हैं। वे उनकी शिकायतों पर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। सोमवार सुबह बड़ी संख्या में लोग पवन विहार उपकेंद्र पर जमा हुए और दरी बिछाकर बैठ गए। यहां आए एसडीई से इनकी तकरार हो गई।
बरेली के मलूकपुर और आसपास के इलाकों में पिछले पांच दिनों से गहराए बिजली संकट ने स्थानीय निवासियों को प्रभावित किया है। भीषण गर्मी के बीच बिजली की लगातार कटौती से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।मलूकपुर, घेर शेख मिट्ठू, पटी गली और खन्नू मोहल्ला जैसे क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है। लगातार बिजली गुल रहने से घरों के इन्वर्टर काम करना बंद कर चुके हैं। लोग महंगे जनरेटर पर निर्भर रहने को मजबूर हैं।स्थानीय निवासी अदीबा ने बताया कि बिजली न होने से बच्चों पर सबसे बुरा असर पड़ रहा है। मोहल्ले के कई बच्चे बीमार हो गए हैं, जिन्हें अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कुछ परिवार अपने घरों को छोड़कर रिश्तेदारों के यहां शरण लेने को विवश हैं।क्षेत्रवासियों के अनुसार, जब कभी थोड़ी देर के लिए बिजली आती भी है, तो वोल्टेज में भारी उतार-चढ़ाव रहता है। इससे लोगों के घरों के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खराब हो रहे हैं। फ्रिज बंद होने से खाने-पीने का सामान सड़ रहा है। बिजली न होने से नलकूप और मोटर नहीं चल पा रहे हैं, जिससे पीने के पानी और अन्य घरेलू कार्यों के लिए पानी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। बिजली विभाग की लापरवाही से परेशान होकर मोहल्ले की महिलाएं और अन्य क्षेत्रवासी किला बिजली घर पहुंचे। अम्मो, शेरू, गुड्डू, रजिया, आसिया और पप्पू सहित बड़ी संख्या में लोगों ने विभाग के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। हालांकि, शिकायत के बावजूद बिजली व्यवस्था में अब तक कोई सुधार नहीं हुआ है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बनी हुई है।
उपभोक्ताओं की प्रमुख मांगें
प्रदर्शनकारी उपभोक्ताओं ने तत्काल ट्रॉली ट्रांसफार्मर लगाकर कॉलोनी की बिजली आपूर्ति चालू करने की मांग की। उनकी यह भी मांग थी कि एक उच्च क्षमता का नया ट्रांसफार्मर स्थायी रूप से स्थापित किया जाए। निवासियों ने बिजली निगम के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बार-बार की समस्याओं से वे तंग आ चुके हैं।
बिजली न आई तो मुख्यमंत्री से करेंगे शिकायत
कृष्णा नगर फेज दो के निवासियों ने अपनी समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री से मिलने की योजना बनाई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वे मंगलवार को शहर आ रहे मुख्यमंत्री योगी से बिजली अफसरों की शिकायत करेंगे। वे बिजली निगम और जिला प्रशासन के संबंधित अधिकारियों की शिकायत करेंगे। हालांकि चीफ इंजीनियर ज्ञान प्रकाश ने तीन घंटे में नया ट्रांसफार्मर लगाकर व्यवस्था सही कराने का भरोसा दिया तो लोग उपकेंद्र से चले आए।
