लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले बहुजन समाज पार्टी के भीतर राजनीतिक घमासान थमता दिख रहा है। बसपा प्रमुख मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद की पार्टी में वापसी का ऐलान कर दिया है। मायावती ने कहा कि पार्टी और मूवमेंट के हित में काफी सोच-विचार के बाद आकाश आनंद को दोबारा बसपा का राष्ट्रीय संयोजक बनाकर पार्टी में काम करने का मौका दिया जा रहा है। इसके साथ ही आकाश आनंद की पार्टी में वापसी को लेकर चल रही अटकलों पर भी विराम लग गया है। दरअसल, बसपा प्रमुख ने 3 सितंबर को आकाश आनंद को पार्टी की जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया था। उन्होंने 10 सितंबर को आकाश को पार्टी से हटाने का फैसला लिया। इसके बाद 2 अक्टूबर को आकाश आनंद ने बसपा प्रमुख से सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए माफी मांगी थी। अब मायावती ने इस संबंध में बड़ा फैसला लिया है।
आकाश आनंद का किया जिक्र
बसपा प्रमुख मायावती ने आकाश आनंद में आए बदलाव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आकाश आनंद का पार्टी में व्यक्तित्व काफी हद तक ठीक ही रहा है। हालांकि, पिछले दिनों के एक्शन को लेकर उन्होंने कहा कि कुछ कारणों की वजह से जरूरी परिवर्तन करने पड़े। इसके बाद आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ को राजनीति से संन्यास लेना पड़ा है। इसके बाद उनके व्यक्तित्व और कार्यशैली में काफी बदलाव देखने को मिल रहा है। पार्टी में वापस के लिए उनका सोशल मीडिया पोस्ट काफी चर्चा में रहा है।मायावती ने पार्टी से जुड़े लोगों की सलाह के आधार पर आकाश आनंद के अनुरोध को स्वीकार किए जाने की बात कही। मायावती ने कहा कि तमाम स्थिति को देखते हुए निर्णय लिया गया है कि उन्हें पहले दी गई जिम्मेदारियों पर फिर से काम करने का मौका दिया जाए। इसके लिए इनके पिता के साथ-साथ छोटे भाई ईशान आनंद ने भी अपनी सहमति जताई है।
ईशान की तारीफ, आकाश को पद
मायावती ने भतीजे ईशान आनंद की तारीफ करते हुए कहा कि वे अपनी मिशनरी भावना प्रदर्शित किए हैं। उन्होंने यहां तक कहा कि वे बिना किसी पद के ही पार्टी में बहनजी के दिशा-निर्देशन में जो भी उनको कार्य सौंपे जायेंगे तो उसे पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निभाएंगे। ऐसे में अब पार्टी काफी सोच-विचार करने के बाद पार्टी एवं मूवमेंट के हित में आकाश आनंद को फिर से बसपा का राष्ट्रीय संयोजक (नेशनल कन्वेनर) बनाकर इनको फिर से पार्टी में कार्य करने का मौका दे रही है।बसपा प्रमुख ने उम्मीद जताई कि अशोक सिद्धार्थ के राजनीति से संन्यास लेने के बाद से अब पार्टी में सब कुछ ठीक और सुचारू ढंग से चलेगा। पार्टी संगठन में भी बार-बार परिवर्तन नहीं करना पड़ेगा। हालांकि, उन्होंने इस मामले में काफी कुछ आकाश आनंद पर निर्भर होने की बात कही है। साथ ही, आकाश को उन्होंने अपना आशीर्वाद भी दिया है।
बाबासाहेब-कांशीराम का किया जिक्र
बसपा प्रमुख मायावती ने आकाश आनंद की वापसी की घोषणा सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए की। उन्होंने बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और कांशीराम का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इन लोगों ने देश भर में बहुजन-हित के लिए जबरदस्त त्याग-तपस्या, आजीवन कड़ा संघर्ष और उनके उच्च आदर्श हमेशा ही प्रेरणा के स्रोत रहे हैं। इस पर चलकर ही बसपा ने देश की राजनीति में अभूतपूर्व सफलताएं अर्जित की हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी अब यूपी चुनाव 2027 की तैयाारियों में जोर-शोर से जुटी है।मायावती ने परिवारवाद को लेकर स्थिति साफ करते हुए कहा कि बहुजन समाज ही मेरा विराट परिवार है। बहुजन समाज का हित और कल्याण मेरे लिए सर्वोपरि है और हमेशा ही रहेगा। इसको देखते हुए और पार्टी में अनुशासन बनाए रखने के लिए मैंने पिछले कुछ दिनों में अनेकों सख्त फैसले भी लिए हैं। उन्होंने कहा कि इसमें मेरे भाई-बहन और उनके परिवार के लोग भी शामिल रहे हैं।
