नई दिल्लीः पेपर लीक मामले पर केंद्र सरकार पर हमलावर राहुल गांधी आज फिर सड़क पर उतर गए हैं। राहुल गांधी इंडिया गठबंधन के सांसदों के साथ 30 जनवरी मार्ग गांधी स्मृति स्थल पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। बस में सवार होकर वह विपक्षी सांसदों के साथ गांधी स्मृति स्थल पहुंचे। जब राहुल घर से बस में सवार होकर पहुंचे तो आगे-आगे कांग्रेस के कार्यकर्ता चल रहे थे और पीछे-पीछे नेताओं को लेकर जा रही बस चल रही थी। इस काफिले में बिहार से सांसद पप्पू यादव भी साथ थे, जो पैदल-पैदल बस के आगे चल रहे थे। वहीं, केरल के मुख्यमंत्री भी अपने काफिले के साथ बस के आगे-आगे अपनी गाड़ी में सवार होकर चल रहे थे। बता दें कि गांधी स्मृति के निकली राहुल गांधी की बस को पहले उनके आवास के बाहर ही रोक लिया गया था, लेकिन थोड़ी देर बाद विपक्षी नेताओं की बस को गांधी स्मृति के लिए जाने दिया गया।
भारत के छात्रों के साथ खड़े होने से हमें कोई नहीं रोक सकता। हम उन स्टूडेंट्स को याद करने जा रहे हैं जिन्हें हमने खो दिया। वे बच्चे जिन्हें NEET पेपर लीक के बाद अपनी जान देने पर मजबूर होना पड़ा। हम उन स्टूडेंट्स के साथ खड़े होने जा रहे हैं, जो आज घायल हैं जिन्हें शांतिपूर्ण तरीके से न्याय और जवाबदेही की मांग करने पर पीटा गया।
राहुल गांधी, लोकसभा में विपक्ष के नेता
राहुल गांधी बोले- शिक्षा मंत्री को हटाएं और छात्रों से माफी मांगे
गांधी स्मृति पहुंचने पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, “हमारे नेता महात्मा गांधी की हत्या यहीं हुई थी। आज मोदी सरकार भारत में लोकतंत्र की हत्या कर रही है। छात्रों पर ज़ुल्म कर रही है और उन्हें पीट रही है। विपक्ष इसे स्वीकार नहीं करेगा। हम छात्रों के साथ हैं और नरेंद्र मोदी को शिक्षा मंत्री को हटाना होगा और माफ़ी मांगनी होगी।”
वहीं, कांग्रेस नेता और NSUI के सदस्य गांधी स्मृति के बाहर राहुल गांधी के समर्थन में नारे लगा रहे हैं। प्रदर्शनकारी सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी कर रहे हैं। कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने कहा कि परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर सवाल उठ रहे हैं। लगातार पेपर लीक हो रहे हैं। इसे रोकने के लिए कुछ नहीं किया गया है। कोई जवाबदेही तय नहीं की गई है। हम छात्रों की मांग को उठा रहे हैं।
राहुल गांधी बोले- पूरा विपक्ष छात्रों के साथ खड़ा है
राहुल गांधी ने कहा कि हम उन छात्रों को याद करने जा रहे हैं जिन्हें हमने खो दिया। वे बच्चे जिन्हें NEET पेपर लीक के बाद अपनी जान देने के लिए मजबूर होना पड़ा। हम उन छात्रों के साथ खड़े होने जा रहे हैं, जो घायल हैं, जिन्हें न्याय और जवाबदेही की शांतिपूर्ण मांग करने पर पीटा गया। भारत के छात्र अकेले नहीं हैं। पूरा विपक्ष उनके और उनकी मांगों के साथ खड़ा है। इस बीच राहुल गांधी के आवास के बाहर दिल्ली पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई है।
राहुल गांधी के साथ मीटिंग करने वाले इंडिया गठबंधन के नेताओं की लिस्ट
अरविंद सावंत (SS UBT)
सुप्रिया सुले(एनसीपी शरद गुट)
महुआ मोइत्रा (टीएमसी)
महुआ मांझी (जेएमएम)
सौगत राय(टीएमसी)
मीसा भारती(आरजेडी)
संजय यादव(आरजेडी)
जॉन ब्रिटास (सीपीएम)
पी संतोष कुमार (सीपीआई)
राम जी लाल सुमन (एसपी)
ईटी मोहम्मद बशीर (आईयूएमएल)
संसद में बने गतिरोध के बीच बैठक
यह बैठक NEET-UG पेपर लीक विवाद को लेकर संसद में बने गतिरोध के बीच हो रही है, जिसमें विपक्ष ने चर्चा के लिए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और राज्यसभा के नियम 267 के तहत चर्चा की मांग रखी है। केंद्र सरकार का कहना है कि वह NEET विवाद और इससे जुड़े मामलों पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष से कोई शर्त न रखने को कहा है। नियम 267 के तहत सांसद संसद के उच्च सदन में कामकाज रोकने की मांग कर सकते हैं।
सुबह भी राहुल गांधी ने की थी बैठक
इससे पहले संसद के मानसून सत्र के दौरान संसद भवन परिसर में राहुल गांधी ने इंडिया गठबंधन के सभी नेताओं के साथ बैठक की थी। मीटिंग में TMC ममता गुट के नेता सौगत रॉय, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव और INDIA गठबंधन के अन्य नेता मौजूद थे।
संसद के दोनों सदनों में हंगामा
बता दें कि गुरुवार को सदन के दोनों सदनों लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही हंगामेदार रही, जिसमें विपक्षी सदस्यों ने जमकर नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन किया। सदन में सरकार और विपक्ष के बीच तीखी बहस हुई और दोनों पक्ष पेपर लीक विवाद पर अपने-अपने रुख से पीछे हटने को तैयार नहीं दिखे। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि सरकार NEET मुद्दे पर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है और विपक्ष जानबूझकर शर्तें लगाकर प्रक्रिया में बाधा डाल रहा है। उन्होंने कहा, “सभी पार्टियों ने NEET पर चर्चा की मांग की है।
घायल छात्रों के साथ खड़े होने जा रहे
गांधी स्मृति जाने से पहले राहुल गांधी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए छात्रों के नाम संदेश जारी किया। उन्होंने कहा कि अभी, INDIA गठबंधन के सांसद और नेता शांतिपूर्ण तरीके से तीस जनवरी मार्ग पर गांधी स्मृति जा रहे हैं। हम उन छात्रों को याद करने जा रहे हैं, जिन्हें हमने खो दिया- वे बच्चे जिन्हें NEET पेपर लीक के बाद अपनी जान देने के लिए मजबूर होना पड़ा। हम उन छात्रों के साथ खड़े होने जा रहे हैं जो आज घायल हैं- जिन्हें न्याय और जवाबदेही की शांतिपूर्ण मांग करने पर पीटा गया। भारत के छात्र अकेले नहीं हैं। पूरा विपक्ष उनके और उनकी मांगों के साथ खड़ा है।
