चंडीगढ़: पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व को लेकर चल रही खींचतान के बीच पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने अपने गुट के नेताओं के साथ शनिवार (11 जुलाई) को भूपेश बघेल से मुलाकात की है. पंजाब कांग्रेस के प्रभारी बघेल के साथ मीटिंग में चन्नी और उनके गुट के 15 नेताओं ने अपनी बात रखी है. सभी नेताओं ने एकमत होकर अमरिंदर सिंह राजा वडिंग को हटाने की मांग की है.पंजाब कांग्रेस में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। पार्टी के भीतर चल रही गुटबाजी अब खुलकर सामने आती दिखाई दे रही है। इसी बीच पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर से सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने कांग्रेस के पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल के साथ होने वाली अहम बैठक से पहले ऐसा बयान दिया जिसने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया। बैठक में पहुंचने से पहले मीडिया से बातचीत करते हुए चरणजीत चन्नी ने कहा कि हम मीटिंग में आए हैं। अंदर बैठकर बात करेंगे। तेल देखेंगे, तेल की धार देखेंगे। हमारा स्टैंड बिल्कुल साफ है। चन्नी के इस बयान को कांग्रेस हाईकमान के सामने अपनी शर्तें मजबूती से रखने और जरूरत पड़ने पर बड़ा राजनीतिक कदम उठाने के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
क्या है चन्नी के बयान के मायने
चरणजीत चन्नी का तेल देखेंगे, तेल की धार देखेंगे वाला बयान केवल एक मुहावरा नहीं, बल्कि पार्टी नेतृत्व को दिया गया स्पष्ट संदेश है। इसका अर्थ यह माना जा रहा है कि चन्नी पहले हाईकमान का रुख देखेंगे और उसके बाद अपनी आगे की रणनीति तय करेंगे। यदि उनकी मांगों को नहीं माना गया तो उनका गुट कांग्रेस की टेंशन बढ़ा सकता है। चुनाव से चन्नी गुट कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा भी खोल सकता है। अब सभी की निगाहें भूपेश बघेल और चरणजीत चन्नी के बीच हुई बैठक के नतीजों पर टिकी हैं। यह बैठक न केवल पंजाब कांग्रेस की आंतरिक राजनीति, बल्कि 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति और पार्टी की एकजुटता के लिहाज से भी बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।मीटिंग में चरणजीत सिंह चन्नी ने सभी नेताओं से हाथ खड़े करकर उनका मत जाना कि क्या वे अमरिंदर सिंह राजा वडिंग को हटाना चाहते हैं? जिसके बाद सभी ने हाथ उठाकर इसका समर्थन किया.
हमने कार्यकर्ताओं की भावनाएं भूपेश बघेल को बता दी- रंधावा
कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा, ”हमने कार्यकर्ताओं की भावनाएं भूपेश बघेल को बता दी हैं. ये बता दिया है कि जो सरकार के सामने ठोककर बात करे वही हमारा नेता हो सकता है. जो सरकार के साथ कॉम्प्रोमाइज हो वह नहीं. हमने उन्हें बताया है कि कई बार निर्णय वापस भी लेने पड़ते हैं. यहां बैठे लोग चाहते हैं कि पंजाब में कांग्रेस की सरकार बने.”
जीतने लायक नेताओं को टिकट दिया जाएगा- भूपेश बघेल
पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी और उनके गुट के नेताओं के साथ बैठक के बाद भूपेश बघेल ने कहा कि पार्टी आलाकमान के निर्णय पर किसी को कोई ऐतराज नहीं है. उन्होंने कहा, ”सभी ने अपनी बात रखी है. अमरिंदर सिंह राजा वडिंग को लेकर कोई बात नहीं हुई है. कुछ नेताओं ने इस बारे में बात की है और मैं उन्हें पार्टी नेतृत्व के सामने रखूंगा. सभी नेताओं को विश्वास दिलाया है कि जनरल सेक्रेटरी इंचार्ज होने के नाते मैं सबके हितों का ध्यान रखूंगा. मैंने नेताओं को विश्वास दिलाया है कि जो भी नेता जीतने लायक होगा उन्हें टिकट मिलेगी.”भूपेश बघेल अगले हफ्ते आलाकमान को देंगे रिपोर्ट
भूपेश बघेल अगले हफ्ते पार्टी आलाकमान को पंजाब की रिपोर्ट देंगे. चरणजीत सिंह चन्नी गुट की शिकायतों की रिपोर्ट बनाकर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी सांसद राहुल गांधी को सौपेंगे.
कांग्रेस में जो भी मनमुटाव हैं वो सुलझा लिए जाएंगे- परगट सिंह
उधर, कांग्रेस विधायक परगट सिंह ने कहा, ”कांग्रेस में जो भी मनमुटाव हैं वो सुलझा लिए जायेंगे और पार्टी एकजुट होकर विधानसभा में उतरेगी. किसी नेता ने किसी के बारे में क्या कहा है उस पर मैं नहीं बोल सकता लेकिन पंजाब के सामने जो मुद्दे हैं उनपर ध्यान होना चाहिए. लोग कांग्रेस की तरफ देख रहे हैं. ये हमारी पार्टी का अंदरूनी मामला है और इसे सुलझा लिया जायेगा.”
बता दें कि पंजाब में अगले साल विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं. इस चुनाव से पहले पंजाब कांग्रेस में चन्नी और राजा वडिंग गुट के बीच वर्चस्व की सियासी लड़ाई चल रही है. पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी प्रदेश अध्यक्ष के पद से अमरिंदर सिंह राजा वडिंग को हटवाने की पूरी कोशिश में जुटे हैं.
