राम मंदिर को लेकर सियासत एक बार फिर तेज हो गई है. शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे दल के सांसद संजय राउत ने राम मंदिर के मुद्दे को लेकर बीजेपी और केंद्र सरकार पर एक बार फिर तीखा हमला बोल दिया है. संजय राउत ने कहा, “राम मंदिर के दानपात्र में कथित भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है.”
राउत ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय को इसलिए रोका गया क्योंकि वे इसी मुद्दे को उठाने वाले थे. उन्होंने कहा कि महमूद ग़जनवी ने सोमनाथ मंदिर को 17 बार लूटा था, लेकिन बीजेपी ने राम मंदिर को 70 बार लूटा है. राउत ने इसे देशद्रोह और रामद्रोह तक करार दिया.
विपक्षी नेताओं के साथ रामलला के दर्शन का ऐलान
संजय राउत ने कहा कि उनकी उद्धव ठाकरे से इस मुद्दे पर चर्चा हुई है और अब वे राहुल गांधी, अखिलेश यादव, ममता बनर्जी और अरविंद केजरीवाल सहित सभी प्रमुख विपक्षी नेताओं के साथ अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करने की योजना बनाएंगे. उन्होंने कहा कि राम मंदिर किसी एक दल या व्यक्ति की जागीर नहीं है, बल्कि भगवान राम पूरे देश के हैं.
राउत ने राम मंदिर में अपनी भूमिका का किया जिक्र
राउत ने राम मंदिर आंदोलन में अपनी भूमिका का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि वे स्वयं इस आंदोलन का हिस्सा रहे हैं, CBI के आरोपी भी रहे और लखनऊ कोर्ट में कई बार पेश होकर बयान दर्ज करा चुके हैं. उन्होंने बालासाहेब ठाकरे के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि शिवसैनिकों ने भी इस आंदोलन में बलिदान दिया है और उन्हें उस पर गर्व है.
संजय राउत ने ऑपरेशन सिंदूर पर सरकार को घेरा
संजय राउत ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर भी केंद्र सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि पहले रक्षा मंत्री की ओर से कहा गया था कि इस ऑपरेशन में कोई जवान शहीद नहीं हुआ, लेकिन अब शहीद जवानों के नाम सामने आ रहे हैं. राउत ने सवाल उठाया कि अगर जवान शहीद हुए थे तो यह जानकारी पहले क्यों छिपाई गई और क्या अब भी कुछ तथ्य सार्वजनिक होने बाकी हैं.
