उत्तर प्रदेश के बरेली में चक्रवाती तूफान ने ऐसा कहर बरसाया कि चार लोगों की जान चली गई, कई मवेशी मारे गए और गांवों में तबाही का मंजर दिखाई दिया. इसी बीच भमोरा के बमियाना गांव से एक हैरान करने वाला वीडियो भी सामने आया, जिसमें तेज आंधी के दौरान एक युवक टीन शेड समेत हवा में उड़ता दिखाई दे रहा है. वायरल वीडियो ने पूरे जिले में दहशत और चर्चा दोनों बढ़ा दी हैं.
चक्रवाती तूफान और तेज बारिश में गई 5 लोगों की जान
बरेली के आंवला और भमोरा क्षेत्र में बुधवार (13 मई) सुबह आए भीषण चक्रवाती तूफान और तेज बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया. नंदगांव के मजरा जंगतीरा में दीवार गिरने से 38 वर्षीय घासीराम की मलबे में दबकर मौत हो गई.भमोरा थाना क्षेत्र के नितोई गांव में पेड़ की टहनी गिरने से 65 वर्षीय गोमती देवी ने भी दम तोड़ दिया. बेहटा जुनून गांव में टिन शेड गिरने से 61 वर्षीय लिपि की जान चली गई, जबकि हर्रामपुर गांव में पेड़ गिरने से 7 वर्षीय छात्रा देवकी सक्सेना की भी मौत हो गई.
घर का टीन शेड पकड़कर खड़ा युवक भी हवा में उड़ा
तूफान के दौरान कई पेड़ धराशायी हो गए, जिससे तजपुरा नवदिया और दरावनगर गांव में कई भैंस और गाय भी दबकर मर गईं. वहीं बमियाना गांव में नन्हे नाम का युवक बारात घर का टीन शेड पकड़कर खड़ा था, तभी तेज हवाएं उसे शेड समेत हवा में उड़ा ले गईं. नीचे गिरने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वहीं इंस्पेक्टर भमोरा के थाना प्रभारी पवन कुमार ने घटना में दो लोगों की मौत के साथ वायरल वीडियो भी पोस्ट की है. इतने में तेज हवाओं के कारण टीन शेड जोर जोर से हिलने लगा। इससे पहले नन्हें मिया कुछ संभल पाते कि कुछ ही सेकंड में आंधी इतनी तेज हो गई कि पूरा टीनशेड जमीन से उखड़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि टीनशेड के साथ नन्हे मियां भी हवा में कई फीट ऊपर उठ गए। वहां मौजूद लोग चीखने लगे और अफरा-तफरी मच गई। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि तेज हवा टीनशेड को उड़ाकर ले जाती है और युवक भी उसके साथ हवा में लटकता नजर आता है। कुछ देर बाद टीनशेड नीचे गिर गया, लेकिन संतुलन बिगड़ने से नन्हे मियां ऊंचाई से जमीन पर आ गिरे। गिरते ही वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हाथ और पैर में आई गंभीर चोट
आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत नन्हें मियां को संभाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, हादसे में उनके दोनों हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इसे देखकर हैरानी जता रहे हैं।
गांव वाले फिल्मी दृश्य को लेकर कर रहे चर्चा
मौसम विभाग पहले ही कई जिलों में तेज हवाओं और खराब मौसम को लेकर अलर्ट जारी कर चुका था। ग्रामीणों का कहना है कि आंधी इतनी तेज थी कि कई जगह पेड़ और बिजली के खंभे भी गिर गए। फिलहाल गांव में इस घटना को लेकर चर्चा बनी हुई है और लोग इसे किसी फिल्मी दृश्य से कम नहीं मान रहे।
