Women Reservation Bill: महिला आरक्षण बिल को लेकर संसद के विशेष सत्र के दौरान शुक्रवार (17 अप्रैल, 2026) को लोकसभा में विपक्ष और सत्तापक्ष में गहमा-गहमी देखने को मिली. बिल पर बोलते हुए नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा. उन्होंने सदन में जादूगर की कहानी के बहाने पीएम मोदी पर हमला किया, जिस पर सदन में मौजूद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कड़ी आपत्ति जताई, वहीं, सदन के स्पीकर ने भी राहुल गांधी को सिर्फ विषय पर अपनी बात रखने को कहा.
सदन में क्या बोले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, ‘भारतीय जनता पार्टी (BJP) को भी पता है कि यह बिल पास नहीं हो सकता है. यह एक पैनिक रिएक्शन था, क्योंकि प्रधानमंत्री दो संदेश देना चाहते थे. पहला, वो भारत का इलेक्टोरल मैप बदलना चाहते थे और दूसरा वो बताना चाहते थे कि वो प्रो-महिला हैं, ऐसा क्यों ये आप पर छोड़ता हूं, लेकिन सच्चाई है कि मैजिशियन पकड़ा गया है.’
नेता विपक्ष के बयान पर भड़के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
राहुल गांधी ने इस बयान के बाद सदन में सत्ता पक्ष की ओर से हंगामा शुरू हो गया. इसके बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आपत्ति जताते हुए कहा, ‘जिस तरह के शब्दों का प्रयोग पीएम के प्रति नेता प्रतिपक्ष कर रहे हैं, वो निंदनीय है. देश की जनता ने उन्हें प्रधानमंत्री बनाया है. राहुल गांधी देश की जनता का अपमान कर रहे हैं. जिन शब्दों का इन्होंने प्रयोग किया उन्हें सदन की कार्यवाही से बाहर निकाला जाना चाहिए. राहुल गांधी को क्षमा मांगनी चाहिए.’वहीं, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, ‘राहुल गांधी ने वीर जवानों का मजाक उड़ाया है. ये उन्हें भी जादू कह रहे हैं. ये प्रधानमंत्री का मजाक नहीं, बल्कि देश का मजाक है. किसी मंत्री के लिए मैजिशियन शब्द का प्रयोग भी असंसदीय है.’ उन्होंने राहुल गांधी के कहा कि आप नेता प्रतिपक्ष हैं, आपके नए सांसद क्या सीखेंगे, जब नेता ही ऐसा व्यवहार करेंगे.’ इस पर स्पीकर ओम बिरला ने टोकते हुए कहा कि मेरी घोर आपत्ति है. आप जो विधेयक है, उस विधेयक पर बोलें.
राहुल गांधी ने बीजेपी पर साधा निशाना
राहुल गांधी ने आगे कहा, ‘BJP के अंदर कंफ्यूजन है. भाजपा को लगता है कि वही भारत के नागरिक हैं, उन्हें लगता है कि वही ऑर्म्ड फोर्सेज हैं. आप भारत या आर्म्ड फोर्सेज नहीं हैं. आप एक पॉलिटिकल पार्टी हैं. हम आप पर अटैक कर रहे हैं. कायरों की तरह भारतीय नागरिकों और सेना के पीछे छिपने की कोशिश न करें.’ उन्होंने कहा, ‘अमेरिका के साथ जो डील साइन हुआ, वो किसी भी पीएम ने साइन नहीं किया होता.’लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने लोकसभा से महिला आरक्षण से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक पारित नहीं होने के बाद शुक्रवार को कहा कि यह संविधान पर आक्रमण था, जिसे विपक्ष ने नाकाम कर दिया। उन्होंने संसद परिसर में कहा कि यदि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी महिला आरक्षण लागू करना चाहते हैं तो 2023 में पारित कानून को लागू करें जिसमें विपक्ष पूरा सहयोग देगा। कांग्रेस नेता ने कहा कि यह महिला (आरक्षण) विधेयक नहीं था, ये हिंदुस्तान के राजनीतिक और चुनावी ढांचे को बदलने की कोशिश थी, संविधान पर आक्रमण था। हमने इसे रोक दिया। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि मैं प्रधानमंत्री से कहना चाहता हूं, अगर आप महिला आरक्षण विधेयक लाना चाहते हैं, तो 2023 का महिला आरक्षण विधेयक आज से लागू कर दीजिए, पूरा विपक्ष आपको 100 प्रतिशत समर्थन देगा। अगर ऐसा किया गया, तो हम महिला आरक्षण विधेयक को तुरंत लागू करवा देंगे।
