इस्लामाबाद: पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में आज शुक्रवार, 6 फरवरी को एक बड़ा फिदायीन हमला हुआ। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बम ब्लास्ट में अब तक 69 लोगों की मौत हो चुकी है और 169 से ज्यादा लोग घायल हैं। इस्लामाबाद की शिया मस्जिद में जुमे की नमाज के दौरान यह आत्मघाती हमला हुआ। इस ब्लास्ट के बाद के कई फोटो और वीडियो सामने आए हैं, जिसमें मस्जिद के अंदर और बाहर सभी जगह लाशें बिछी नजर आ रही हैं।इस्लामाबाद में इमामबाड़े और शियाओं की मस्जिद को निशाना बनाकर यह हमला किया गया। कई की हालत गंभीर है। ऐसे में धमाके में मरने वालों की संख्या और बढ़ने का अंदेशा है। शुक्रवार होने की वजह से करीब 700 लोग जुमे की नमाज के लिए मस्जिद में जमा थे। ऐसे में धमाके में बड़े पैमाने पर लोगों की जानें गई हैं। अभी तक किसी गुट ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
चारों और चीख पुकार मच गई और हर तरफ खून ही खून फैल गया
इस्लामाबाद पुलिस ने बताया है कि शहजाद टाउन इलाके के इमामबाड़े में ब्लास्ट हुआ है। इमामबाड़े परिसर में एक आत्मघाती हमलावर ने खुद को उड़ा लिया। इससे चारों और चीख पुकार मच गई और हर तरफ खून ही खून फैल गया। धमाके के बाद पुलिस और राहत कर्मियों के दल ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया है। पूरे इलाके को सील करते हुए लोगों को निकाला जा रहा है।फेडरल कैपिटल के शहजाद टाउन में स्थित तरलाई इलाके में खदीजतुल कुबरा मस्जिद-कम-इमामबाड़ा में यह बम ब्लास्ट की खौफनाक घटना हुई है। इस हमले के बाद फेडरल कैपिटल के पॉलीक्लिनिक, पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) और CDA अस्पताल में इमरजेंसी लगा दी गई है।
अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित
पाकिस्तानी अखबार डॉन ने बताया है कि धमाके में बड़े स्तर पर जानमाल के नुकसान का अंदेशा है। पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीमें मौके पर लोगों को निकालने में जुटी हुई हैं। बड़ी संख्या में लोगों के घायल होने की आशंका को देखते हुए पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) और पॉलीक्लिनिक अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है।धमाके में घायल हुए लोगों को PIMS और पॉलीक्लिनिक अस्पताल लाया जा रहा है। पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर ने डॉन को बताया है कि मुख्य इमरजेंसी, ऑर्थोपेडिक, बर्न सेंटर और न्यूरोलॉजी डिपार्टमेंट को एक्टिव कर दिया गया है। ये सभी विभाग इमरजेंसी मोडपर हैं ताकि यहां आने वाले घायलों को तुरंत इलाज मिल सके।
बीते साल भी दहला था इस्लामाबाद
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में करीब तीन महीने पहले 11 नवंबर, 2025 को भी एक बड़ा धमाका हुआ था। उस समय इस्लामाबाद के G-11 इलाके में डिस्ट्रिक्ट और सेशंस कोर्ट बिल्डिंग के बाहर भीषण सुसाइड ब्लास्ट किया गया था। उस ब्लास्ट में 12 लोग मारे गए थे और 30 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे।
