कांग्रेस की रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में हुई ‘वोट चोरी’ रैली में एक कार्यकर्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर अपशब्द कहे थे। इसे लेकर सोमवार को संसद में जमकर हंगामा हुआ। राज्यसभा में बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इस मुद्दे को उठाया। उन्होंने कहा, कांग्रेस की रैली में पीएम मोदी के खिलाफ अपशब्द कहे गए। कांग्रेस ने राजनीति का स्तर गिरा दिया। इसके लिए सोनिया गांधी को माफी मांगनी चाहिए।कांग्रेस की ओर से दिल्ली के रामलीला मैदान पर रविवार को ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ रैली आयोजित की गई।इसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल और सचिन पायलट समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। रैली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ जमकर विवादित और अभद्र नारे लगाए। इसको लेकर भाजपा ने कड़ा विरोध जताते हुए प्रधानमंत्री का अपमान करने का आरोप लगाया है।भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने एक वीडियो एक्स पर साझा करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ अभद्र और भद्दे नारे लगाने का आरोप लगाया है।उन्होंने लिखा, ‘रामलीला मैदान में रैली से पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारे लगाते हुए प्रधानमंत्री मोदी को जान से मारने की धमकी दी। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस शहरी नक्सलियों द्वारा समर्थित मुस्लिम लीग जैसी माओवादी पार्टी बन गई है! जनता इसका जवाब ‘मोदी तेरा कमल खिलेगा’ से देगी।’भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने एक्स पर लिखा, ‘कांग्रेस का एजेंडा साफ है। यह SIR के खिलाफ नहीं है। यह संविधान पर वार के बारे में है। वह SIR के नाम पर प्रधानमंत्री मोदी को हटाना चाहते हैं? हाल ही में राहुल गांधी ने भी ECI को धमकी दी थी। अब तक कांग्रेस प्रधानमंत्री मोदी को 150 से अधिक बार गाली दे चुकी है।’बता दें कि कांग्रेस ने आज वोट चोरी के खिलाफ विशाल रैली का आयोजन किया है।भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि जनता अपने प्रिय नेता के इस अपमान को बर्दाश्त नहीं करेगी।उन्होंने कहा, “मैंने व्यक्तिगत रूप से यह नारा नहीं सुना है, लेकिन मैं इसकी बारीकी से जांच करूंगा। अगर वाकई ऐसे नारे लगाए गए हैं, तो इससे पता चलता है कि कांग्रेस अभी भी जनभावना को समझने में नाकाम है। जब भी उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी या उनके परिवार के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया है, जनता ने उन्हें नकार दिया है।”
ये देश के लिए दुखद- किरेन रिजिजू
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने इस मुद्दे को लोकसभा में उठाया। उन्होंने कहा, हम सब लोग सदन के सदस्य हैं, अलग अलग पार्टी से हैं। हम सब लोग एक दूसरे के राजनीतिक विरोधी हैं, दुश्मन नहीं हैं। हमारे एक सांसद ने 2014 में बीजेपी के सांसद ने विरोधियों पर गलत शब्द का इस्तेमाल किया था। पीएम मोदी ने उन्हें माफी मांगने के लिए कहा। उन्होंने तुरंत माफी मांगी। कल कांग्रेस की रैली में पीएम मोदी के लिए कब्र खोदने की बात कही गई। ये देश के लिए बहुत दुखद है कि कांग्रेस पार्टी ऐसे शब्दों का इस्तेमाल करती है। उस रैली में कांग्रेस का पूरा नेतृत्व मौजूद था। इस देश के लिए इससे ज्यादा शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण कुछ भी नहीं हो सकता। विश्व के सबसे मजबूत नेता के लिए ऐसी बात कही गई। कांग्रेस नेतृत्व को इसके लिए माफी मांगनी चाहिए।
यह कांग्रेस की मानसिकता और सोच- नड्डा
जेपी नड्डा ने कहा, सोनिया गांधी जी को कांग्रेस रैली में पीएम मोदी के खिलाफ लगाए गए नारों को लेकर देश से माफी मांगनी चाहिए। कांग्रेस की रैली में इस तरह के नारे लगाना कांग्रेस की मानसिकता और सोच को दिखाता है। यह निंदनीय है। हंगामे के बाद राज्यसभा 12 बजे तक स्थगित हो गई।
