राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि परिश्रम की पराकाष्ठा का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए अपने असाधारण नेतृत्व से आपने देश में बड़े लक्ष्यों को प्राप्त करने की संस्कृति का संचार किया है. आज विश्व समुदाय भी आपके मार्गदर्शन में अपना विश्वास प्रकट कर रहा है. मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि आप सदा स्वस्थ और सानंद रहें तथा अपने अद्वितीय नेतृत्व से राष्ट्र को प्रगति के नए शिखरों पर पहुंचाएं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 17 सितंबर के खास मौके पर मध्य प्रदेश के धार में पीएम मित्र पार्क का शिलांयास किया. आज ही पीएम मोदी का 75वां जन्मदिन भी है. इस खास मौके पर पीएम मोदी ने एक जनसभा को भी संबोधित किया. पीएम मोदी ने इस मौके पर कहा कि आज कौशल और निर्माण के देवता भगवान विश्वकर्मा की जयंति है. मैं भगवान विश्वकर्मा को नमन करता हूं. अपने कैशल से राष्ट्र निर्माण में लगे करोड़ों भाई-बहनों को भी आदरपूर्वक प्रणाम करता हूं. धार की ये धरती हमेशा से पराक्रम की धरती रही है, प्रेरणा की धरती रही है. महाराजा भोज का शौर्य हमें राष्ट्र गौरव की रक्षा के लिए डटे रहने की सीख देता है. महर्षि दधीचि का त्याग हमें मानवता की सेवा का संकल्प देता है. इसी विरासत से प्रेरणा लेकर आज देश मां भारती की सुरक्षा, सर्वोच्च प्राथमिकता है. पीएम मोदी ने कहा कि पाकिस्तान से आए आतंकियों ने हमारी बहन-बेटियों का सिंदूर उजाड़ा था. हमने ऑपरेशन सिंदूर करके आतंकी ठिकानों को उजाड़ दिया. हमारे वीर जवानों ने पलक झपकते ही पाकिस्तान को घुटनों पर ला दिया. अभी कल ही एक पाकिस्तानी आतंकी ने रो-रोकर अपना हाल बताया है. ये नया भारत है. ये किसी परमाणु धमकियों से डरता नहीं है. ये नया भारत है घर में घुसकर मारता है. उन्होंने आगे कहा कि आज 17 सितंबर को एक और ऐतिहासिक अवसर है. आज ही के दिन देश ने सरदार पटेल की फौलादी इच्छा शक्ति का उदाहरण देखा था. भारतीय सेना ने हैदराबाद को अनेकों अत्याचारों से मुक्त कराकर उनकी अधिकारों की रक्षा करके भारत के गौरव को पुन: प्रस्थापित किया था. देश की इतनी बड़ी उपलब्धि को कई दशक बीत गए हैं, कोई याद करने वाला नहीं था. लेकिन आपने मुझे मौका दिया, हमारी सरकार ने 17 सितंबर और हैदराबाद की घटना को अमर कर दिया है. हमने इस दिन को हैदराबाद लिब्रेशन डे के तौर पर मनाने की शुरुआत की है. आज हैदराबाद में बड़े शान से लिब्रेशन डे का कार्यक्रम भी हो रहा है. ये हमें प्रेरणा देता है कि मां भारती की आन-बान शान से बड़ा कुछ नहीं .हमारा हर पल समर्पित हो तो देश के लिए. पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि देश के लिए मर मटने की सौगंद लेकर हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना सबकुछ देश के नाम समर्पित कर दिया था. उन सभी का सपना था विकसित भारत. वो चाहते थे कि हम गुलामी की जंजीर को तोड़कर भारत तेजी से आगे बढ़े. आज इसी प्रेरणा से भारत के 140 करोड़ लोगों ने विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया है. विकसित भारत की इस यात्रा के चार सबसे प्रमुख स्तंभ हैं – भारत की नारी शक्ति, युवा शक्ति, गरीब औऱ किसान. आज यहां विकसित भारत के इन चारों स्तंभों को नई मजबूती देने का काम हुआ है.
पीएम मोदी ने कहा कि आज के आयोजन में नारी शक्ति का बहुत ध्यान रखा गया है. ये कार्यक्रम में तो धार में हो रहा है लेकिन ये कार्यक्रम पूरे देश के लिए हो रहा है. पूरे देश में हो रहा है. पूरे देश की माताओं बहनों के लिए हो रहा है. यहां से स्वस्थ्य नारी, सशक्त परिवार एक महाअभियान का आरंभ हो रहा है. देशभर में अलग-अलग चरणों में आदिसेवा पर्व की गूंज पहले से ही सुनाई दे रही है. आज से इसका मध्य प्रदेश संस्करण भी प्रारंभ हो रहा है. ये अभियान धार समेत एमपी के जनजातिय समाज को विभिन्न योजनाओं से सीधे जोड़ने का सेतु बनेगा. साथियों विश्वकर्मा जयंति के आज एक बड़ी औद्योगिक शुरुआत भी होने जा रही है. देश के सबसे बड़े इंटिग्रेटेड पार्क का शिलांयास यहां हुआ है. इस पार्क से भारत के टेक्सटाइल इंडस्ट्री को नई ऊर्जा मिलेगी. किसान को उसकी उपज का सही मूल्य मिलेगा. मेरे लिए खुशी की बात कि पूरे देश में लाखों किसान इस कार्यक्रम में जुड़े हुए हैं. इस पीएम मित्र पार्क से सबसे बड़ा लाभ, हमारे युवकों को होगा. युवकों को युवतियों को बड़ी संख्या में रोजगार मिलेगा. पीएम मोदी ने कहा कि आज मैं मध्य प्रदेश की धरती से एक और अभियान की चर्चा करना चाहता हूं. आप जानते हैं हमारे आदिवासी इलाकों में सिकल सेल एनीमिया एक बहुत बड़ा संकट होता है. हमारी सरकार आदिवासी भाई बहनों को इस बिमारी से बचाने के लिए राष्ट्रीय मिशन चला रही है. इस मिशन की शुरुआत हमने 2023 में मध्य प्रदेश के शहडोल से ही की थी. शहडोल में ही हमने सिकल सेल क्लिनिक का हमने पहला कार्ड दिया था. और आज मध्य प्रदेश सिकल सेल स्क्रीनिंग का एक करोड़वां कार्ड दिया गया है. अब तक इस पूरे देश में पांच करोड़ से ज्यादा लोगों की स्क्रीनिंग हो चुकी है. सिकल सेल स्क्रीनिंग से आदिवासी समाज के लाखों लोगों का जीवन सुरक्षित हुआ है. जिस काम में हम लगे हुए हैं वो आने वाली पीढ़ियों के लिए बहुत बड़ा आशीर्वाद बनने वाला है. जिनका आज जन्म भी नहीं हुआ है हम उनके लिए काम कर रहे हैं. आज जो पीढ़ी स्वस्थ हो जाएगी तो भविष्य में आने वाली उनकी संतान भी सुरक्षित हो जाएगी. मैं आदिवासी महिलाओं से आग्रह करूंगा कि वह सिकल सेल एनेमिया की जांच जरूर कराएं. पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना, दुनिया जब इसके आंकड़े सुनते हैं तो उनकी आंखे फटी की फटी रह जाती है. मुफ्त राशन की इस योजना ने गरीब मां के घर का चूल्हा बुझने नहीं दिया था. आज भी इस योजना के तहत मुफ्त अनाज दिया जा रहा है. पीएम आवास योजना के तहत जो करोड़ों घर दिए गए हैं उनमें से ज्यादातर महिलाओं के ही नाम पर हैं. हमारी सरकार ने बहुत जोर बहनों और बेटियों को आर्थिक रूप से सशक्त करने पर भी है. हमारी करोड़ों बहनें मूद्रा योजना के जरिए लोन लेकर नए व्यापार कर रही है. हमारी सरकार तीन करोड़ ग्रामीण बहनों को लखपति दीदी बनाने के अभियान में जुटी है. मैं बड़े गर्व से कह सकता हूं कि इस अभियान में जो सफलता मिली है, अब तक दो करोड़ बहनें लखपति दीदी बन भी चुकी हैं. हम महिलाओं को बैंक सखी और द्रोन दीदी बनाकर उन्हें ग्रामीण अर्थव्यवस्था के केंद्र में ला रही हैं. केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने प्रधानमंत्री मोदी के 75वें जन्मदिन पर कहा, “मेरा सौभाग्य है कि पिछले 8 साल से मैं प्रधानमंत्री मोदी की टीम का सदस्य हूं. उनके प्रधानमंत्री बनने से पहले से मेरा उन्हें जानने का सौभाग्य है. आज हमारे 5 गुरुद्वारा साहिब में प्रधानमंत्री मोदी के लंबे जीवन, अच्छे स्वास्थ्य के लिए अरदास हो रहा है. हम उनके अच्छे स्वास्थ्य, दीर्घायु और देश सेवा में बहुत सारे और सालों की कामना करते हैं.
पीएम मोदी के जन्मदिन पर बन रहा ब्लड डोनेशन का वर्ल्ड रिकॉर्ड
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर देशभर में अलग अलग कार्यक्रम का आयोजन हो रहा है. इस खास मौके को और यादगार बनाने के लिए एक ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन किया गया. इस कैंप के जरिए नया विश्व कीर्तिमान बनाने की कोशिश है. बुधवार को अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद की तरफ से देश में लगाए गए 7000 कैंप के जरिए एक दिन में 3 लाख ब्लड इकठ्ठा करने की कोशिश है. अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद का मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव देश में ही नहीं बल्कि दुनिया के 70 देशों में भी चल रहा है. नाम दिया है रक्तदान अमृत महोत्सव 2.0.पीएम मोदी के जन्मदिन के मौके पर आयोजित इस मेगा ब्लड डोनेशन कैंप में दिल्ली में केंद्रीय रेलमंत्री एवं आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आईटीओ के अणुव्रत भवन में रक्तदान किया. साथ ही केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने भी रक्तदान शिविर का दौरा किया और तेरापंथ परिषद के काम की सराहना की. देश के बाहर नेपाल, USA, UK, इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया, दुबई, अफ्रीकी देश समेत 70 देशों में अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद की तरफ से ब्लड डोनेशन कैंप लगाया गया है. इससे पहले भी एक दिन में सबसे ज्यादा यूनिट ब्लड डोनेशन कैंप के जरिए इकठ्ठा करने का विश्व कीर्तिमान अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के नाम ही है जब 2022 में एक दिन में 2.5 लाख यूनिट ब्लड इकठ्ठा किया गया था. इस मुहिम को पीएम नरेंद्र मोदी के साथ साथ भारत सरकार के शिक्षा, रेल, स्वास्थ्य और खेल एवं युवा मंत्रालय ने अपना पूरा सहयोग दिया है. ज़िंदगी बचाने की इस मुहिम की शुरुआत के पीछे मकसद है कि ब्लड बैंक में न खून की कमी रहे और न ही कोई ज़िंदगी खून की कमी से दम तोड़े. रोज़ाना 15000 यूनिट ब्लड की ज़रूरत पड़ती है और साल में 1.2 करोड़ यूनिट, लेकिन उपलब्धता 90–95 लाख यूनिट की ही है. मसलन 20 – 25% रक्त की कमी. आपको बता दें कि भारत में लगभग 1.5 लाख थैलेसीमिया के मरीज हैं, जिन्हें नियमित रक्त चढ़ाना पड़ता है. इसके अलावा कैंसर, डायलिसिस, हृदय रोगी और बड़ी सर्जरी वाले मरीजों को भी रक्त की भारी आवश्यकता रहती है. हर साल भारत में 5 लाख से अधिक सड़क दुर्घटनाएं होती हैं. इनमें से लाखों मरीजों को तत्काल रक्त की आवश्यकता पड़ती है. और रक्त भंडारण की अवधि भी सीमित वक्त के लिए ही होती है. आंकड़े बताते हैं कि भारत की कुल आबादी का केवल 1% लोग ही नियमित रक्तदाता हैं. अगर सिर्फ 2% लोग भी साल में एक बार रक्तदान करें, तो भारत में रक्त की कमी कभी नहीं रहेगी.
राहुल गांधी ने PM मोदी को जन्मदिन पर दी बधाई लोकसभा में नेता विपक्ष और कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके 75वें जन्मदिन पर बधाई दी है. राहुल गांधी ने पीएम मोदी को बधाई देते हुए एक सोशल मीडिया पोस्ट भी किया है. राहुल गांधी ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा कि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं देता हूं, साथ ही उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना भी करता हूं. पीएम मोदी को उनके जन्मदिन पर बधाई देने वालों में सिर्फ राहुल गांधी ही नहीं है. पीएम को उनके जन्मदिन पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी बधाई दी है. इस लिस्ट में कई और बड़े और दिग्गज नेता भी शामिल हैं. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी पीएम मोदी को उनके 75वें जन्मदिन पर बधाई दी है. खरगे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि पीएम मोदी को उनको जन्मदिन की बधाई देता हूं. साथ ही मैं उनके बेहतर स्वास्थ्य की कामना भी करता हूं. भगवान उनको दीर्घायु बनाए.
