नई दिल्ली: संसद भवन के मकर द्वार पर विपक्ष ने कई दिनों तक राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर दान पात्र लेकर प्रदर्शन किया था. एक दिन तो सांसद पप्पू यादव साधु के वेश में नजर आए थे और इसको लेकर घिरे भी थे. इस बीच कई दिनों में विपक्ष ने 2 लाख 14 हजार रुपये का चंदा भी दान पात्र में हासिल कर लिया है. अब इस रकम को लेकर समाजवादी पार्टी के सांसद गुरुवार को कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर पहुंचे. सपा सांसदों ने इस रकम को मंदिर में जमा कराया है. सपा सांसदों ने कहा कि हम हनुमान मंदिर में यह दान इसलिए जमा करा रहे हैं क्योंकि वह धर्म के रक्षक माने जाते हैं.

मॉनसून सत्र के आखिरी दिन जब समाजवादी पार्टी के सांसद रुचि वीरा और अक्षय यादव ने गिना तो पाया कि मकर द्वार के बाहर एक घंटे के लिए रखे जाने वाले दानपात्र में 2 लाख 15 हजार 3 सौ 90 रुपए से ज्यादा का चंदा इकट्ठा हुआ. इस दानपात्र में दान देने वालों में कांग्रेस के राहुल गांधी प्रियंका गांधी समेत अखिलेश यादव और RJD के सांसद मनोज झा तक शामिल रहे हैं. सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि बीजेपी ने राम मंदिर तक में चढ़ावा चोरी कर दी और संसद में चर्चा तक नहीं करा रहे हैं. इसी के चलते हमने दान पात्र रखकर विरोध किया है.
इस बीच गुरुवार को एक बार फिर से संसद में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच खींचतान दिखी. विपक्षी सांसद चढ़ावा चोरी मामले को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे और नारेबाजी चल रही थी. इसी बीच सत्ता पक्ष के सांसद भी वहां विरोध प्रदर्शन करते हुए पहुंचे. ये लोग झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में धांधली समेत कई अन्य मुद्दे उठाते नजर आए. एनडीए के सांसदों ने कहा कि राहुल गांधी आखिर क्यों भाग रहे हैं. छात्रों के मुद्दे उठाने का दावा करने वाले राहुल गांधी आखिर झारखंड में बच्चों पर पुलिस के लाठीचार्ज पर क्यों नहीं बोल रहे.

सपा सांसद बोले- यह मसला यूपी चुनाव में भी उठाएंगे
समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि चढ़ावा चोरी के मामले पर सदन में चर्चा कराने के लिए रोज हम लोग नोटिस दे रहे थे. लेकिन सरकारी भागती रही. अब हम इस मुद्दे को लेकर यूपी के चुनाव में जनता के बीच लेकर जाएंगे. उन्होंने कहा कि भाजपा ने करोड़ों लोगों की आस्था से खिलवाड़ किया है. दरअसल मॉनसून सत्र पूरी तरह राम मंदिर चढ़ावा चोरी, NEET मामले पर जंतर मंतर में लाठी चार्ज के मुद्दे की भेंट चढ़ गया. हालांकि भाजपा का कहना था कि लाठी चार्ज के मुद्दे पर गृह मंत्री बयान देने को तैयार हैं लेकिन विपक्ष चर्चा से लगातार भाग रहा है.
विपक्ष ने 31 जुलाई को किया था नाटक
विपक्ष के नेताओं ने 31 जुलाई को संसद परिसर में अयोध्या स्थित राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी के मामले को नाट्यकला के माध्यम से दर्शाते हुए बीजेपी पर निशाना साधा था। साथ ही इस मामले पर संसद में चर्चा कराने तथा जवाबदेही तय करने की मांग की।
पप्पू यादव ने धारण किया था पुजारी का वेश
बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय लोकसभा सदस्य राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव पुजारी का वेश धारण करके संसद भवन के मकर द्वार के सामने दान पेटी के साथ बैठे थे। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कई नेता उस दान पेटी में पैसे डालने के लिए गए तो पप्पू यादव ने पैसे अपनी जेब में डाल लिए और यह दर्शाने का प्रयास किया कि इसी तरह से राम मंदिर के चढ़ावे को चुराया गया था। इसके बाद कई विपक्षी सदस्यों ने चोर-चोर और चढ़ावा चोर कहते हुए पप्पू यादव को घेर लिया।उसी दौरान अयोध्या से समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा, ‘आज यह मुद्दा पूरे देश में चर्चा का विषय बना हुआ है। यह कहा जा सकता है कि इस लड़ाई की शुरुआत अखिलेश यादव ने की थी, और इसे आगे बढ़ाना हमारी जिम्मेदारी है, जो हमें अयोध्या की जनता ने सौंपी है।’
