लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा में वर्ष 2026-27 का बजट पेश करते हुए वित्त मंत्री सुरेश खन्ना शायराना अंदाज में नजर आए। उन्होंने बजट भाषण के दौरान सीएम योगी की तारीफ करते हुए शायरी पढ़ी। उनकी इस शायरी पर सदन के अंदर का माहौल बदल गया। सीएम योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा-“यही जुनून, यही ख्वाब मेरा है, दिया जला के रोशनी कर दूं जहां अंधेरा है।”वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने अपने बजट भाषण में जहां सरकार की विभिन्न लोकप्रिय योजनाओं के बारे में बताया वहीं एक और शायरी का जिक्र किया। उन्होंने कहा-सितारा बन के आसमां में वहीं चमकते हैं, डुबो देते हैं जो अपने आपको पसीने में। सीएम योगी की तारीफ में उन्होंने कहा-” काबिले तारीफ है, अंदाज एक-एक काम का, गा रहा है गीत यूपी, योगी जी के नाम का।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस बजट को ‘नए उत्तर प्रदेश’ के निर्माण का आधार बताते हुए कहा कि यह गरीबों, युवाओं, किसानों और महिलाओं के कल्याण को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है. सरकार का लक्ष्य प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के मार्ग पर अग्रसर करना है. इस बजट से निवेश रोजगार और सामाजिक योजनाओं को बढ़ावा मिलेगा और यह प्रदेश की 25 करोड़ जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप है.
उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने आज विधानसभा में वित्त वर्ष 2026-27 का बजट पेश किया है. वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने सदन में कुल 9,12,696 करोड़ का बजट पेश किया जो अब तक का सबसे बड़ा बजट माना जा रहा है. इस बजट को केवल आंकड़ों की बाजीगरी नहीं बल्कि विकास के ‘महासंकल्प’ के रूप में देखा जा रहा है, क्योंकि आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले यह प्रदेश के हर वर्ग की उम्मीदों और आकांक्षाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है.
वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था लगातार मजबूती से आगे बढ़ रही है और बेरोजगारी दर घटकर केवल 2.24 प्रतिशत रह गई है जो राज्य में रोजगार सृजन की दिशा में सकारात्मक संकेत है. इसके अलावा प्रति व्यक्ति आय 2025-26 में लगभग 1.20 लाख होने का अनुमान है जो पिछले वर्षों की तुलना में वृद्धि को दर्शाता है. इस बढ़ोतरी ने राज्य की आर्थिक स्थिति को और मजबूत किया है.सरकार ने बजट में सामाजिक कल्याण, बुनियादी ढांचे और विकास योजनाओं पर खास जोर दिया है. प्राथमिकता के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर निवेश का प्रस्ताव रखा गया है. विकास कार्यों के लिए भारी पूंजीगत व्यय भी शामिल है. जिससे सड़कों, सेतु निर्माण एवं सिंचाई परियोजनाओं जैसे महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को बढ़ावा मिलेगा.
9. 13 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया
बता दें कि वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने राज्य विधानसभा में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 9. 13 लाख करोड़ रुपये का बजट बुधवार को पेश किया जो पिछले वित्त वर्ष की तुलना में करीब 12.2 प्रतिशत अधिक है। सदन के समक्ष बजट पेश करते हुए खन्ना ने कहा कि राज्य सरकार राजकोषीय प्रबंधन एवं ऋण नियंत्रण के लिए हमेशा पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। इसे राज्य में अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश की 18वीं विधानसभा का आखिरी पूर्ण बजट माना जा रहा है। इस बजट में सरकार ने रोजगार, अवस्थापना विकास और चिकित्सा स्वास्थ्य समेत विभिन्न मदों को खास तवज्जो दी है।
प्रति व्यक्ति आय दोगुनी से ज्यादा
वित्त मंत्री ने बताया कि प्रति व्यक्ति आय अब 1,09,844 रुपये हो गई है जो 2016 -17 की तुलना में दोगुनी से ज्यादा है। सरकार का लक्ष्य है कि 2025-26 तक इसे 1,20,000 रुपये तक पहुंचाया जाए। प्रदेश की जीएसडीपी में 13.4 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। बेरोजगारी की दर घटकर केवल 2.24 प्रतिशत रह गई है। उन्होंने यह भी ऐलान किया कि अब देश का सबसे बड़ा मोबाइल फोन मैन्यूफैक्चरिंग सेंटर बन चुका है।
