लखनऊ. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के 9.12 लाख करोड़ रुपये के ऐतिहासिक बजट पर प्रदेशवासियों को एक भावुक और प्रेरणादायक संदेश भेजा है. ‘योगी की पाती’ नाम से जारी इस पत्र में उन्होंने बजट को राज्य के नवनिर्माण की नई यात्रा का प्रतीक बताया है. सीएम ने लिखा कि यह बजट युवाओं, महिलाओं, अन्नदाताओं और गरीबों की आकांक्षाओं को साकार करने का माध्यम बनेगा. मुख्यमंत्री ने कहा है कि एक ट्रिलियन इकॉनमी के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए स्टेट डाटा अथॉरिटी का गठन किया जाएगा. इसके तहत 25 लाख युवाओं को ट्रेनिंग दी जाएगी.पत्र में मुख्यमंत्री ने पिछले 9 वर्षों की प्रगति को रेखांकित करते हुए कहा, “नवनिर्माण के 9 वर्षों की यह यात्रा प्रगति पथ पर सतत गतिशील है.” उन्होंने बजट को “ऐतिहासिक” और “नवाचार का प्रतीक” करार दिया. योगी आदित्यनाथ ने जोर देकर कहा कि यह बजट बिना किसी नया टैक्स लगाए विकास की गति को बनाए रखने का परिणाम है, जो सरकार के कुशल वित्तीय प्रबंधन को दर्शाता है.
युवाओं पर विशेष फोकस
मुख्यमंत्री ने के कहा, “हम युवाओं के सपनों को आकार दे रहे हैं और उनके सपनों को साकार करने के संसाधन भी उपलब्ध करा रहे हैं.” टेक युवा-समर्थ युवा योजना के तहत 25 लाख युवाओं को नई टेक्नोलॉजी में प्रशिक्षित किया जाएगा. सीएम ने युवाओं से अपील की कि वे एमर्जिंग टेक्नोलॉजी को अपनाकर उद्यमशीलता की ओर बढ़ें.”बजट में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डेटा सेंटर क्लस्टर और AI मिशन के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं. 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को हासिल करने के लिए स्टेट डेटा अथॉरिटी का गठन किया जाएगा. इससे उत्तर प्रदेश वैश्विक टेक्नोलॉजी केंद्र के रूप में स्थापित होगा.
महिला सशक्तिकरण
महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए महिला उद्यमी उत्पाद विपणन योजना, क्रेडिट कार्ड योजना और श्रमजीवी छात्रावास प्रस्तावित हैं. मंडल मुख्यालयों में नए स्पोर्ट्स कॉलेज खुलेंगे, जहां कॉमनवेल्थ और ओलंपिक स्तर की प्रतिभाओं को निखारा जाएगा.MSME, ODOP और स्टार्टअप को प्रोत्साहन देकर उत्तर प्रदेश को निवेश और रोजगार का प्रमुख केंद्र बनाया जा रहा है. सीएम योगी ने पत्र के अंत में प्रदेशवासियों से आह्वान किया: “युवा साथी, सरकार की योजनाओं का लाभ उठाकर प्रदेश के नवनिर्माण में सहभागी बनें. आपकी ऊर्जा, क्षमता और नवाचार के साथ मिलकर हम विकसित उत्तर प्रदेश का लक्ष्य प्राप्त करेंगे.”
उत्तर प्रदेश विधानमंडल में आज से वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट पर चर्चा हुई। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना पहले विधायकों को बजट पर बोलने का मौका दिया।
राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान विपक्ष के हंगामे को सीएम ने बताया बेहद खराब
विधान परिषद में सीएम योगी ने राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान हुए विपक्ष के हंगामे को लेकर अपनी बात शुरू की। उन्होंने विपक्ष के व्यवहार को बेहद खराब बताया। कहा कि इनसे किसी भी प्रकार की उम्मीद करना बेवकूफी है। आज 8.5 वर्षों में यूपी बदलाव आया है। पहले की सरकारों ने प्रदेश को अपराध, अराजकता का गढ़ बना दिया था। कर्फ्यू यहां की पहचान बन गया था। आज यूपी टेक्नोलॉजी, ट्रस्ट एंड ट्रांसफॉर्मेशन की त्रिवेणी बनकर उभरा है। 2017 से पहले सत्ता के ंसंरक्षण माफिया पल रहे थे, जो सरकार के पैरलल अपनी सत्ता का संचालन करते थे। वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया था। न बेटी सुरक्षित थी, न व्यापारी सुरक्षित था। 2017 के बाद उपद्रवग्रस्त प्रदेश उत्सव प्रदेश बन गया है। सीएम ने कहा कि कानून व्यवस्था का मतलब रूल ऑफ लॉ है। यूपी फियर (भय) जोन से फेथ जोन में बदल गया है। महाशिवरात्रि के अवसर पर 40 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी में स्नान किया। आज जो श्रद्धालु प्रदेश में आ रहे हैं, उन्हें आज की व्यवस्था पर भरोसा है। 2017 के बाद से न कर्फ्यू है, न दंगा है… यूपी में सब चंगा है। आज प्रदेश की पुलिस में 44 हजार से अधिक महिला पुलिसकर्मी हो गई हैं। पहले ट्रेनिंग सेंटर नहीं थे। आज जितनी भी भर्तियां हो रही हैं, उन सबकी ट्रेनिंग हम अपने सेंटर में कर रहे हैं। अब खपरैल वाले कमरे नहीं हैं। आधुनिक बैरक बनाए गए हैं।
फार्म-7 के नाम पर फर्जी बातें कर रही सपा- सीएम
सीएम ने आगे कहा कि आज प्रदेश में बेहतर एयर कनेक्टिवटी है। प्रदेश में 16 डोमेस्टिक एयरपोर्ट, 4 इंटरनेशनल एयरपोर्ट हैं। पांचवा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जेवर में बनकर तैयार है। इसी महीने हम कोशिश करेंगे कि वह शुरू हो। प्रदेश में शिक्षा की बेहतर व्यवस्था है। टाटा टेक्नालॉजी के साथ मिलकर आईटीआई पर काम हुआ है। जब टीम वर्क होता है, तब परिणाम आता है। आज अपराधी भयभीत है, किसान खुशहाल है, हर गांव में बिजली है। आज यूपी राम राज्य की ओर आगे बढ़ा है। उन्होंने कहा कि बजट के बारे में सपा अच्छा नहीं बोल पाई। उनके पास कुछ अच्छा है नहीं तो अच्छा बोल नहीं पाए। सपा जातीय संघर्षों को बढ़ावा देती है। आपस में लड़ाती है। आस्था को अपमानित करती है। सांविधानिक मूल्यों पर भी प्रहार करने से पीछे नहीं रहते हैं। एसआईआर भारत निर्वाचन आयोग करवा रहा है। इसमें सरकारों का रोल नहीं होता है। 2 करोड़ 88 लाख लोग या तो मृत पाए गए, या शिफ्टिंग किए गए। सपा इन्हें फर्जी वोट बनाकर मतदान कराती थी। तभी फार्म-7 के नाम पर फर्जी बातें करती है। इनके कार्यकर्ता बीएलओ के साथ मारपीट कर रहे हैं। ये सांविधानिक मूल्यों का अपमान है। ये किसी भी प्रकार स्वीकार नहीं हो सकता है।
पहली की सरकारों का विकास परिवारवादी था-सीएम
सीएम ने कहा कि पहली की सरकारों का विकास परिवारवादी था। जेपीएनआईसी का उदाहरण देते हुए विपक्ष पर निशाना साधा। कहा कि 800 करोड़ खर्च हो गए वह फिर भी अधूरा है। हमने जेपी के जन्मभूमि पर अस्पताल बनवाया।1400 करोड़ खर्च हो गए, फिर भी गोमती रिवर फ्रंट का प्रोजक्ट अधूरा है, यह महज 300 करोड़ का प्रोजेक्ट था। सपा सरकार ने अपने कार्यकाल में अराजकता फैलाई। इसीलिए युवाओं के सामने पहचान का संकट खड़ा हुआ। किसान सुसाइड के लिए मजबूर हुआ। आज जल, थल, नभ तीनों यूपी के अंदर देखने को मिलता है। यूपी में पहली रैपिड रेल का उद्घाटन 22 फरवरी को होगा। आज यूपी में सुरक्षा का बेहतरीन वातावरण है। मेरठ से दिल्ली सिर्फ 45 मिनट में तय होता है। आज 22 एक्सप्रेसवे वाला राज्य यूपी है। इनमें 7 क्रियाशील हो चुके हैं और 5 निर्माणाधीन हैं। 10 पर हम काम कर रहे हैं।
सात लाख से अधिक आवास उपलब्ध कराए-सीएम
सीएम योगी ने कहा कि हमने सात लाख से अधिक आवास उपलब्ध कराए। 2017 से पहले राशन वितरण की खूब शिकायतें थीं। आज कोई शिकायत नहीं है, क्योंकि टेक्नालॉजी का उपयोग किया गया। 6 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठे। किसी भी सेक्टर में यदि यूपी के युवा को मौका मिला, तो उसने अपनी अलग छाप छोड़ी। डाटा आज की सबसे बड़ी ताकत है। एआई देश का मर्चिंग सेक्टर है। इसके लिए बजट में व्यवस्था की गई है। उन्होंने आगे कहा कि हर युवा उद्यमी बन सके, ‘सीएम युवा उद्यमी’ स्कीम से काम चल रहा है। हर साल एक लाख युवा उद्यमी बन सकें, इसके लिए तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। ईवी के पहली यूनिट लखनऊ में स्थापित हुई है। 20 हजार से अधिक स्टार्ट अप यूपी में चल रहे हैं। प्रदेश में बेरोजगारी की दर 2.24 फीसदी तक आ गई है। हर गांव में खेल का मैदान हो, इसके लिए भी प्रयासरत हैं। इलेक्ट्रिक व्हीकल के बाजार में यूपी की धमक है। खरीदे जा रहे वाहनों 19 फीसदी हिस्सा यूपी का है। तिपहिया वाहनों में 40 फीसदी से अधिक यूपी का हिस्सा है।
यूपी को बीमारू राज्य कहकर लोग मजाक उड़ाते थे- सीएम
सीएम ने कहा कि यूपी को बीमारू राज्य कहकर लोग इसका मजाक उड़ाते थे। आज देश की जीडीपी में 9.5 फीसदी है। प्रति व्यक्ति आया तीन गुना हुई है। 8.5 वर्षों में कोई नया टैक्स नहीं लगाया, हां टैक्स चोरी रोकी है। आज रेवेन्यू सरप्लस प्रदेश के रूप में हम हैं। 2017 से पहले कृषि के लिए कोई स्पष्ट नीति नहीं थी। किसान सिर्फ वोट बैंक था। आज लागत कम उत्पादन ज्यादा है। आज किसान विकास का साथी है। जो भी पैसा होता है, डीबीटी के माध्यम के सीधे अन्नदाता के खातों में जाता है। उन्होंने कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि से 95 हजार करोड़ से अधिक धनराशि यूपी के किसानों को दी गई है। आज ‘खेती की बात खेत में’ हो रही है। कृषि वैज्ञानिक जाते हैं, किसान से बात करते हैं। कृषि उत्पादन की गुणवत्ता पर ध्यान दिया जा रहा है। आज प्रदेश के अंदर 7727 गो आश्रय स्थल संचालित हैं। इनमें 16 लाख से अधिक गोवंश हैं। प्रदेश में 3 लाख 6 हजार करोड़ गन्ना किसानों को मूल्य का भुगतान किया गया।
सपा के लोग गाजी के मेले का समर्थन करते हैं-सीएम
उन्होंने आगे कहा कि पहले फोरेसिंक लैब सिर्फ दो थीं। आज 12 लैब ए ग्रेड की चल रही हैं। 6 निर्माणाधीन हैं। सभी जनपदों में दो-दो फोरेसिंक वैन संचालित हैं। यदि कोई अपने फायदे के लिए उन आक्रांताओं का महिमा मंडन करता है, जिन्होंने देश को नुकसान पहुंचाया, देश आज उसे स्वीकार नहीं करेगा। भारत के राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान का अपमान करना संविधान का अपमान है। भारत में रहेंगे, लेकिन वंदे मातरम नहीं गाएंगे, ये नहीं चलेगा। सीएम ने कहा कि सपा के लोग गाजी के मेले का समर्थन करते हैं, जो भारत की संस्कृति को रौंदने आया था। महाराज सुहेलदेव के नाम पर हमने विवि बनाया। ये लोग राम मंदिर का विरोध करते हैं, काशी विश्वनाथ का विरोध करते हैं। इन लोगों में भारत की आस्था का कोई सम्मान नहीं है। संभल, बरेली, बौद्ध तीर्थ, प्रयागराज, काशी, मथुरा समेत सभी तीर्थों का विकास किया जा रहा है। आज यूपी की पहचान देव दिवाली से होती है।
घृणा-द्वेष की भावना वाली सरकार है- अतुल प्रधान
बजट पर सपा विधायक अतुल प्रधान ने कहा कि सरकार हमेशा छल, कपट, घृणा-द्वेष की भावना वाली है। पांच साल से हम बजट देख रहे हैं, लेकिन कुछ खास नहीं हुआ। पिछले साल सरकार कृषि में 55 फीसदी, खेल पर 61 फीसदी, गृह विभाग पर 31 फीसदी, शिक्षा-स्वास्थ्य पर 54 फीसदी बजट ही खर्च कर पाई है। सीएम के द्वारा सदन के नेता प्रतिपक्ष के परिवार के लिए बुढ़िया शब्द का इस्तेमाल किया गया। हम इसकी निंदा करते हैं। मथुरा में टंकी फट गई, उसके नीचे दबकर लोग मर गए। गुजराती लोग ठेके ले गए। अनस्किल्ड लोग काम कर रहे हैं। गन्ना के दाम 30 रुपये बढ़ाए, ढुलाई का भी रेट बढ़ा दिया। किसान की स्थिति जस की तस। सब्जियोंं के दाम नहीं मिल पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार सनातन की बात करती है, रोज सनातन का अपमान करती है। वाराणसी में न जाने कितने मंदिर तोड़ दिए। कुंभ में न जाने कितनी जानें गईं? अविमुक्तेश्वरानंद ने इसका खुलासा किया तो उनका अपमान किया गया। आप उनसे सर्टिफिकेट मांगा, आपसे सर्टिफिकेट मांगा जाए तो आप कौन सा सर्टिफिकेट देंगे। मेरठ में सेंट्रल मार्केट तोड़ा जा रहा है। सरकार पीड़ितों के लिए बिल लेकर आए।
