Punjab farmer : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब कैबिनेट ने मंगलवार को गन्ना किसानों के लिए ऐतिहासिक फैसला लिया. कैबिनेट ने 2025-26 पेराई सीजन के लिए निजी चीनी मिलों ने 68.50 रुपये प्रति क्विंटल की सीधी सब्सिडी मंजूर की. यह राशि राज्य से तय राज्य सहमत मूल्य (SAP) में से दी जाएगी और सीधे किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी.
पंजाब पहले ही देश में गन्ने के लिए सबसे अच्छा SAP 416 रुपये प्रति क्विंटल दे रहा है, जो पिछले साल से 15 रुपये अधिक है. अब इस सब्सिडी के साथ किसानों को मिलने वाली कुल राशि और मजबूत हो गई है. सरकार के प्रवक्ता ने कहा, “यह फैसला किसानों की आय सुरक्षा को और मजबूत करेगा. पंजाब के गन्ना उत्पादक अब देश में सबसे अच्छा मुआवजा प्राप्त करने वाले बने रहेंगे.”
सीधे खाते में भुगतान से पारदर्शिता बढ़ेगी
यह योजना किसानों को सीधा लाभ देने के लिए डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) मॉडल पर आधारित है. अब सब्सिडी निजी मिलों के माध्यम से नहीं, बल्कि सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जाएगी. इससे मिलों से पैसे में देरी, कटौती या ग़लत हिसाब-किताब जैसी शिकायतें कम होंगी.सरकार का यह कदम पंजाब के गन्ना काश्तकारों को देश में सबसे अधिक भाव दिलाने में मदद करेगा. साथ ही किसानों की आय सुरक्षा और आर्थिक स्थिरता भी मजबूत होगी. सीधे खाते में पैसा आने से किसानों को समय पर भुगतान मिलेगा और उनकी फसल की लागत निकालना आसान होगा. यह प्रणाली पारदर्शिता बढ़ाएगी और किसानों का भरोसा भी मजबूत करेगी.
