नई दिल्ली एशिया कप 2025 में आज दुबई में भारत-पाकिस्तान के बीच मैच है। ऑपरेशन सिंदूर के बाद दोनों देशों के बीच पहला इंटरनेशनल मैच है। हालांकि देशभर के क्रिकेट प्रशंसक बंटे हुए हैं। कहीं विरोध हो रहा है, तो कहीं टीम इंडिया की जीत के लिए हवन पूजा की जा रही है।22 अप्रैल को हुए पहलगाम हमले और 7 मई को हुए ऑपरेशन सिंदूर के बाद ये पहला मौका है, जब दोनों देशों की क्रिकेट टीमें आमने-सामने होंगी।महाराष्ट्र में शिवसेना उद्धव गुट के कार्यकर्ताओं ने टीवी तोड़कर विरोध प्रदर्शन किया। वहीं, महिला कार्यकर्ताओं ने पीएम को सिंदूर भेजा, साथ ही BCCI के लिए चंदा मांगा।पहलगाम हमले में मारे गए लोगों के परिजन ने भी भारत-पाक मैच के खिलाफ बयान दिया। कइयों ने कहा-जिनके हाथ खून से सने हैं, हमारा उन्हीं से मैच हो रहा है। हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने सरकार से सवाल किया कि क्या मैच से कमाया गया पैसा पहलगाम हमले में मारे गए 26 नागरिकों की जान से ज्यादा कीमती है।
‘खून और क्रिकेट साथ-साथ’, भारत-पाक क्रिकेट मैच के विरोध में उतरीं विपक्षी पार्टियां ने सरकार को घेरा
शिवसेना यूबीटी के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने शनिवार को मुंबई में भाजपा पर निशाना साधते हुए पूछा कि क्या सरकार ऑपरेशन सिंदूर बंद कर दिया गया है सरकार इसकी घोषणा करने जा रही है। पहलगाम आतंकी हमले के जख्म अभी भी ताजा होने का हवाला देते हुए ठाकरे ने लोगों से मैच नहीं देखने की अपील की और कहा कि यह क्रिकेट मैच राष्ट्रीय भावनाओं का अपमान है। सवाल किया कि क्या हमें पाकिस्तान क्रिकेट खेलना चाहिए जब हमारे सैनिक सीमाओं पर अपने प्राणों की आहुति दे रहे हैं।साथ ही कहा कि शिवसेना संस्थापक बाल ठाकरे ने वर्षों पहले पाकिस्तानी क्रिकेटर जावेद मियांदाद से कहा था कि जैसे खून और पानी साथ-साथ नहीं बह सकते तो क्रिकेट और खून साथ-साथ नहीं चल सकते।ठाकरे ने भाजपा पर देशभक्ति के नाम पर व्यापार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी पार्टी रविवार को सड़क पर उतरकर मैच के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेगी और पार्टी की महिला कार्यकर्ता सिंदूर इकट्ठा कर उसे प्रधानमंत्री कार्यालय भेजेंगी।
पहलगाम आतंकी हमले और ऑपेरशन सिंदूर की लड़ाई के बाद भारत के पाकिस्तान से एशिया कप मैच खेलने की अनुमति देने पर सवाल उठाते हुए विपक्षी दलों ने केंद्र की भाजपा-एनडीए सरकार पर तीखा हमला किया है। कांग्रेस, शिवसेना यूबीटी, तृणमूल कांग्रेस समेत विपक्षी आइएनडीआईए के दलों के साथ आम आदमी पार्टी ने क्रिकेट मैच का विरोध करते हुए सरकार पर देश की भावनाओं तथा पहलगाम के शहीदों का अपमान करने का आरोप लगाया। खून और पानी साथ नहीं बहने के पीएम के बयान का जिक्र कर खून और क्रिकेट साथ-साथ होने पर तंज कसा।शिवसेना यूबीटी और आप ने तो रविवार को मैच के दिन सड़क पर विरोध में उतरने का एलान भी किया है। आप ने राजधानी दिल्ली के रेस्तरां-क्लबों को भारत-पाक मैच का प्रसारण नहीं दिखाने को लेकर आगाह किया। वहीं सोशल मीडिया प्लेटफार्मस पर भी एक वर्ग ने सरकार के साथ बीसीसीआई को आड़े हाथों लेते हुए भारत-पाक क्रिकेट मैच का बहिष्कार करने का अभियान चलाया है।
पहलगाम में शहीद हुए शुभम द्विवेदी की पत्नी के बयान का हवाला देते हुए श्रीनेत ने भाजपा से पूछा कि यह कैसी देशभक्ति है? दिल्ली के पूर्व सीएम आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एक्स पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री को पाकिस्तान के साथ मैच करवाने की आखिर क्या जरूरत है? सारा देश कह रहा है कि ये मैच नहीं होना चाहिए। फिर ये मैच क्यों करवाया जा रहा है? क्या ये भी ट्रंप के दबाव में किया जा रहा है? आखिर ट्रंप के आगे कितना झुकोगे? टीएमसी की मुखर सांसद महुआ मोइत्रा ने भी पाक से खेलने का विरोध करते हुए एक्स पोस्ट में कहा कि ”पाकिस्तान में खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते लेकिन खून और क्रिकेट एक साथ बह सकते हैं। खासकर तब जब अमित शाह के ”केवल योग्यता” वाले बेटे की किस्मत इसी पर निर्भर हो। सर्वश्रेष्ठ टीम की जीत की कामना करती हूं।”
दिल्ली के कनॉट प्लेस में भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप मैच के प्रसारण के खिलाफ जोरदार विरोध हो रहा है। प्रदर्शन कर रहे लोग आरोप लगा रहे हैं कि कुछ व्यापारी अपने फायदे के लिए इस मैच को दिखा रहे हैं, जबकि देश आतंकवाद और सीमा पर शहीदों के मुद्दों से जूझ रहा है।भोपाल में ऑल इंडिया मुस्लिम कमेटी ने दुबई में हो रहे भारत-पाकिस्तान मैच का विरोध किया। कमेटी के सदस्यों ने पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए। कमेटी ने BCCI पर देश की भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया।हरियाणा के कैथल में कांग्रेस के राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि जिस देश के साथ हमारा विवाद चल रहा हो, उसके साथ क्रिकेट खेलना शहीदों का अपमान है। इस मैच से अमित शाह के बेटे जय शाह और BCCI पैसा कमा रहा है। खून और क्रिकेट का खेल साथ-साथ कैसे चल सकता है।
आम आदमी पार्टी ने भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया और बीजेपी और पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी की। महिला विंग ने प्रधानमंत्री को सिंदूर और चूड़ियां भेजीं। दिल्ली प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज के नेतृत्व में पार्टी मुख्यालय पर महिला विंग ने टीवी तोड़कर लोगों से पाकिस्तान के साथ हो रहे क्रिकेट मैच नहीं देखने की अपील की। इस दौरान सौरभ भारद्वाज ने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद पीएम मोदी ने कहा था कि उनकी रगों में गर्म सिंदूर बहता है, लेकिन आज वह ठंडा पड़ गया है। महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष सारिका चौधरी ने कहा कि हम इसका पुरजोर विरोध करते हैं। आम आदमी पार्टी का यूथ विंग और एसैप ने दिल्ली के लोगों के साथ भारत पाकिस्तान क्रिकेट मैच के खिलाफ रविवार शाम सड़क पर उतर गया।कनॉट प्लेस समेत कई जगहों पर कुछ लोग मैच दिखाने की तैयारी कर रहे थे, जिसका एसैप और यूथ विंग ने युवाओं के साथ मिलकर विरोध किया। आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज ने एसैप से जुड़े छात्रों की सराहना करते हुए कहा कि “आप” के यूथ विंग ने आज कनॉट प्लेस पर सैकड़ों युवाओं का दिल जीत लिया। पार्टी ने दावा किया कि इस विरोध के दौरान जनता का भी एसैप और यूथ विंग को भरपूर साथ मिला।
‘देश सर्वोपरि, मैच नहीं’; पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए शुभम की पत्नी का बयान
पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए शुभम द्विवेदी की पत्नी एशान्या ने भी आरोप लगाए हैं। शुभम के परिवार वालों ने नाराजगी जताते हुए मैच के बहिष्कार की अपील कीआतंकी हमले का शिकार हुए शुभम द्विवेदी की पत्नी समेत स्वजनों ने फिर अपनी तीखी प्रतिक्रिया दी है। शुभम द्विवेदी की पत्नी ऐशान्या द्विवेदी ने दुख जताया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के साथ मैच खेलने का मतलब पहलगाम में 26 परिवार के लोगों के बलिदार का बीसीसीआइ के लिए कोई मायने नहीं रखता। उन्होंने देशवासियों से इस मैच के बहिष्कार की अपील की है।एशान्या ने कहा, पहलगाम हमले को अभी पांच महीने हुए हैं, सरकार और बीसीसीआइ इस आतंकी हमले को कैसे भूल गई। हमारे देश के लोग ऐसा कैसे कर सकते हैं। बीसीसीआइ के लिए उन परिवार के लोगों की शहादत, आपरेशन सिंदूर कुछ भी मायने नहीं रखता है। जम्मू और कश्मीर में पहलगाम में बीते 22 अप्रैल को चकेरी के श्यामनगर निवासी सीमेंट कारोबारी को आतंकियों ने पत्नी ऐशान्या के सामने धर्म पूछकर गोली मारी थी। इसके बाद परिवार को प्रदेश व देश के साथ ही विपक्षी दलों का साथ मिला। वहीं, भारत – पाक के प्रस्तावित क्रिकेट मैच का घटना के बाद से विरोध कर रहीं शुभम की पत्नी ऐशान्या ने इस मैच को देशविरोधी बताया है, उनका कहना है कि उनके पति शुभम के बलिदान को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने कुछ महीनों में भुला दिया।शुभम के पिता संजय द्विवेदी मायूस होते हुए कहा कि जिस देश के पोषित आतंकवादियों ने हमारे बेटे को धर्म पूछकर गोली मार दी थी। उसी आतंकी देश के साथ क्रिकेट मैच खेलना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण हैं।
भारत पाक मैच के विरोध में किसने क्या कहा
सांसद असदुद्दीन ओवैसी- असम और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और सभी से मेरा सवाल है कि क्या आपके पास पाकिस्तान के खिलाफ मैच खेलने से इनकार करने का अधिकार नहीं है।
पूर्व CM अरविंद केजरीवाल – क्लब, पब और रेस्टोरेंट्स मैच न दिखाएं। अगर ऐसा हुआ तो हम प्रदर्शन करेंगे। यह देश के साथ धोखा है।
सांसद संजय राऊत- देशभक्त नागरिकों को सोशल मीडिया पर उन रेस्टोरेंट और क्लबों की जानकारी शेयर करनी चाहिए जहां भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच दिखाया जाएगा।भाजपा के पापा (PM मोदी) रूस-यूक्रेन युद्ध रोक सकते हैं। यहां तक कि डोनाल्ड ट्रंप के दबाव में वे भारत-पाकिस्तान युद्ध रोक सकते हैं, लेकिन वे भारत-पाक क्रिकेट मैच नहीं रोक सकते।
पुणे में अभिनेता नाना पाटेकर ने कहा कि यह विषय बोलने लायक नहीं है, लेकिन उनकी व्यक्तिगत राय है कि भारत को पाकिस्तान से नहीं खेलना चाहिए। जब हमारे लोगों का खून बहा है, तो फिर उनसे खेल का क्या मतलब?
शिवसेना (UBT) सांसद अरविंद सावंत ने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले में हिंदू होने पर लोगों को गोली मारी गई और 26 महिलाएं विधवा हुईं। सावंत ने सवाल किया- क्या हम शहीद शुभम द्विवेदी की पत्नी के दर्द को देखकर भी पाकिस्तान से मैच खेलेंगे?
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने कहा कि हमारी सरकार ने तय किया है कि मैच होना चाहिए। अगर मल्टीनेशन टूर्नामेंट है तो भारतीय टीम पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगी। बायलेटरल सीरीज में नहीं खेलेगी, इसलिए अभी हम कहें, आप कहें या जो भी कहे, इससे कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। प्लेयर्स और बीसीसीआई को वही मानना पड़ेगा जो सरकार कह रही है।
