नई दिल्ली। नितिन नबीन भाजपा के निर्विरोध 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए हैं। मंगलवार को भाजपा मुख्यालय में इसका ऐलान किया गया। इस मौके पर पीएम मोदी ने उनका माला पहनाकर स्वागत किया।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 55 मिनट के भाषण में कहा भाजपा ऐसी पार्टी है जहां लोगों को लगता होगा कि मोदीजी इतनी छोटी उम्र में मुख्यमंत्री बन गए। हेड ऑफ द गवर्नमेंट बन गए हैं। इन सबसे बड़ी चीज है कि मैं बीजेपी का कार्यकर्ता हूं। लेकिन मैं मानता हूं कि नितिनजी मेरे बॉस हैंए मैं कार्यकर्ता हूं। अब वे मेरे काम का आकलन करेंगे।अध्यक्ष के तौर पर नितिन नबीन ने अपने पहले भाषण में कहा हम ऐसे राजनीतिक दल से जुड़े हैं जहां राजनीति सत्ता नहीं साधना है। राजनीति भोग नहीं त्याग है। राजनीति ऐशो.आराम नहीं तपस्या है। राजनीति कोई पदभार नहीं उत्तरदायित्व है। नितिन को 14 दिसंबर 2025 को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्पीच की बड़ी बातें…
कांग्रेस अपने पतन की जिम्मेदार: ‘आज देश को याद भी नहीं होगा कि 1984 में कांग्रेस को 400 से अधिक सीटें मिली थीं और देश ने कांग्रेस को करीब-करीब 50% वोट दिया था, लेकिन आज कांग्रेस 100 सीटों के लिए तरस गई है। कांग्रेस अपने इस घनघोर पतन की कभी समीक्षा नहीं करती, क्योंकि अगर समीक्षा करेंगे और पतन के कारणों पर जाएंगे तो उसी परिवार पर सवाल उठेंगे, जिस परिवार ने कांग्रेस पर कब्जा कर रखा है। और इसलिए बहाने ढूंढते रहते हैं। पतन का सही कारण ढूंढने की हिम्मत तक खो चुके हैं।’
घुसपैठियों को देश लूटने नहीं देगा: ‘आज देश के सामने बहुत बड़ी चुनौती घुसपैठियों की है। दुनिया के समर्थ देश भी अपने देश में घुसपैठियों की जांच पड़ताल कर रहे हैं और उनको पकड़-पकड़ कर निकाल रहे हैं। दुनिया में कोई अपने देश में घुसपैठियों को स्वीकार नहीं करता, भारत भी घुसपैठियों को अपने गरीबों, युवाओं के हक लूटने नहीं दे सकता। घुसपैठिए देश की सुरक्षा के लिए बहुत बड़ा खतरा है, उनकी पहचान करके उन्हें वापस उनके देश भेजना बहुत जरूरी है। इसके अलावा ऐसे राजनीतिक दल जो वोट बैंक की राजनीति में घुसपैठियों को बचा रहे हैं, उन्हें हमें पूरी शक्ति से जनता के सामने बेनकाब करना होगा।’
महाराष्ट्र नतीजों ने बताया भाजपा पहली पसंद: ‘भाजपा सिर्फ संसद और विधानसभा की ही नहीं, बल्कि नगरपालिकाओं और नगर निगमों में भी पहली पसंद है। इसका ताजा उदाहरण महाराष्ट्र है। भाजपा, महाराष्ट्र के स्थानीय निकायों में नंबर वन पार्टी बनी है। कुल 29 में से 25 बड़े शहरों की जनता ने भाजपा-एनडीए को चुना है। कुल जितने पार्षद जीते हैं, उनमें से 50% भाजपा के हैं। ऐसे ही केरल में भाजपा के करीब 100 पार्षद हैं। ऐसे ही तिरुवनंतपुरम की जनता ने मेयर चुनाव में 45 साल बाद लेफ्ट से सत्ता छीनी और भाजपा पर भरोसा किया।’
पिछले डेढ़ साल में जीते 4 राज्यों में चुनाव: ‘बीते डेढ़-दो वर्षों में भाजपा पर जनता का भरोसा और मजबूत हुआ है। विधानसभा हो या स्थानीय निकाय, भाजपा की स्ट्राइक रेट अभूतपूर्व रही है। इस दौरान देश में 6 राज्यों में विधानसभा चुनाव हुए हैं, इनमें से 4 चुनाव भाजपा-एनडीए ने जीते हैं।’ भाजपा की परंपरा मेंबरशिप से ज्यादा रिलेशनशिप अहम: ‘भाजपा एक संस्कार है। भाजपा एक परिवार है। हमारे यहां ‘मेंबरशिप’ से भी ज्यादा ‘रिलेशनशिप’ होती है। भाजपा एक ऐसी परंपरा है, जो पद से नहीं प्रक्रिया से चलती है। हमारे यहां पदभार एक व्यवस्था है और कार्यभार जीवन भर की जिम्मेदारी है। हमारे यहां अध्यक्ष बदलते हैं, लेकिन आदर्श नहीं बदलते। नेतृत्व बदलता है लेकिन दिशा नहीं बदलती।’
पीएम ने कहा- मैं एक लाख युवाओं को राजीनिति में लाना चाहता हूं
पीएम मोदी ने कहा, ‘साथियों देश के लिए परिवारवाद बहुत बड़ा अभिशाप है। जब मैं यह कहता हूं तो अर्बन नक्सल मैदान में आ जाते हैं। वे कहते हैं फलाने का बेटा बेटी, हम किसी की प्रतिभा के विरोधी नहीं है। दुर्भाग्य से कांग्रेस में एक के बाद एक उनके परिवार के अध्यक्ष ही बनते हैं। पार्टी के कार्यकर्ता को उनके विचार से कोई लेना देना नहीं। ये लोकतंत्र के लिए खतरनाक हैं। परिवारवाद की राजनीति ने देश के युवाओं के लिए राजनीति में आने के रास्ते बंद कर दिए हैं। इसलिए मैं एक लाख ऐसे युवाओं को राजीनिति में लाना चाहता हूं जिनके परिवार से वे पहली बार राजनीति में आएंगे।’
पीएम मोदी ने कहा- घुसपैठियों को देश लूटने नहीं देंगे
पीएम ने कहा, ‘दुनिया के बड़े देश भी अपने यहां घुसपैठियों की जांच कर रहे हैं, लेकिन कोई उनको नहीं पूछ रहा है। दुनिया में कोई अपने देश में घुसपैठियों को स्वीकार नहीं करता। भारत भी घुसपैठियों को देश को लूटने नहीं दे सकता। वे देश की सुरक्षा के लिए खतरा हैं। उनकी पहचान करके उन्हें उनके देश भेजना जरूरी है। जो राजनीतिक दल उन्हें बचा रहे हैं, उन्हें जनता के सामने एक्सपोज करना होगा। एक और बड़ी चुनौती अर्बन नक्सल की भी है। अर्बन नक्सल का दायरा इंटरनेशनल हो रहा है। हमें इन्हें भी हटाना होगा।’
पीएम ने कहा, देश के राजनीतिक समीक्षकों को दुनिया को यह बात बतानी चाहिए भारत ऐसा देश है जिसकी रगों में मजबूती से लोकतंत्र चल रहा है। जहां दुनिया की सबसे बड़ी पॉलिटिकल पार्टी है। बीजेपी एक संस्कार है एक परिवार है। हमारे यहां मेंबरशिप से भी ज्यादा रिलेशनशिप होती है। बीजेपी प्रक्रिया से चलती है। हमारे यहां पदभार एक व्यवस्था है,और कार्यभार जीवन भर की जिम्मेदारी है। हमारे यहां अध्यक्ष बदलते हैं आदर्श नहीं बदलते। नेतृत्व बदलता है दिशा नहीं बदलती। भाजपा का स्वरूप नेशनल है। स्पिरिट नेशनल है, क्योंकि हमारा जुड़ाव लोकल है। हमारी जड़ें जमीन के नीचे गहरी हैं।
पीएम ने कहा- आने वाले 25 साल बहुत महत्वपूर्ण हैं
मोदी ने कहा, नितिन नबीन जी, हम सभी के अध्यक्ष हैं। उनका दायित्व भाजपा को संभालना नहीं है, NDA के साथ भी तालमेल का दायित्व देखना होता है। नितिनजी के संपर्क में जो भी आया है वो उनकी सरलता सहजता की चर्चा जरूर करता है। बीजेपी युवा मोर्चा का दायित्व हो, राज्य प्रभारी की जिम्मेदारी हो, नितिनजी ने जो-जो दायित्व उठाया उसे पूरा किया। पीएम ने कहा, ‘साथियों ये 21वीं सदी है, देखते ही देखते पहले 25 साल तो पूरे भी हो चुके हैं। आने वाले 25 साल बहुत महत्वपूर्ण हैं। ये वो कालखंड है जब विकसित भारत का निर्माण होना है और तय है।’ उन्होंने कहा कि इस कालखंड की शुरुआत में नितिनजी बीजेपी की विरासत को आगे बढ़ाएंगे। आजकल के युवाओं की भाषा में कहूं कि नितिन जी मिलेनियल हैं। वो उस जनरेशन से हैं, जिसने बचपन में रेडियो से सूचना पाई और आज AI से भी काम कर रहे हैं। ये हमारे दल के हर कार्यकर्ता के लिए बहुत उपयोगी होगा। इस साल जनसंघ की स्थापना को 75 साल हो रहे हैं। अनेक परिवारों ने पीढ़ियों ने जो त्याग तपस्या बलिदान दिया है मैं उन्हें आदर देता हूं।’
मोदी ने कहा- हमारा नेतृत्व परंपरा से चलता है
मोदी ने कहा, ‘मैं देशभर के कार्यकर्ताओं का इसे सफल बनाने के लिए अभिनंदन करता हूं। साथियों से बीते एक डेढ़ साल में श्यामा प्रसाद मुखर्जी, अटल जी की 100वीं जयंती, संघ की 100वीं जयंती हम मनाते रहे हैं। ये वो प्रेरणाएं हैं जो देश के लिए जीने के हमारे संकल्प को और मजबूत करती हैं। हमारा नेतृत्व परंपरा से चलता है, अनुभव से समृद्ध होता है और राष्ट्र सेवा के भाव से संगठन को आगे बढ़ाता है।’
मोदी ने कहा- पार्टी की अध्यक्ष चुनने की प्रक्रिया सौ प्रतिशत लोकतांत्रिक
मोदी ने कहा, ‘बीते कई महीनों से संगठन पर्व यानी कि पार्टी का छोटी सी ईकाई से लेकर अध्यक्ष चुनने की प्रक्रिया सौ प्रतिशत लोकतांत्रिक तरीके से चुनने की भारतीय जनता पार्टी के संविधान की आत्मा और उसमें बताई गई हर बात को ध्यान में रखकर चल रही है। आज उसका विधिपूर्वक समापन हुआ है। संगठन पर्व का यह आयोजन BJP की लोकतांत्रिक आस्था और कार्यकर्ता केंद्रित सोच का प्रतीक है।पीएम मोदी ने कहा-‘भारतीय जनता पार्टी के नवीन अध्यक्ष नितिन नबीन जी, हमारे पूर्व अध्यक्ष जेपी नड्डा जी, भाजपा परिवार के वरिष्ठजन देशभर से आए साथी, सबसे पहले नितिन जी को दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल का अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई शुभकामनाएं देता हूं।
जेपी नड्डा ने कहा, ‘मैं नितिन जी को शुभकामनाएं देता हूं। अटल जी, कुशाभाऊ की परंपरा को आगे बढ़ाने उन्हें 12वां अध्यक्ष बनाया गया है। नितिन जी बहुत ही छोटी उम्र में 5 बार विधायक रह चुके हैं। आपने सारे देश को समझा है। ऐसे नौजवान अध्यक्ष के रूप में आपने कार्यभार संभाला है। आपको बधाई। आप पार्टी को तेज गति से आगे ले जाएंगे। इसके लिए शुभकामनाएं देता हूं। मैं सभी को धन्यवाद देता हूं क्योंकि आप सभी ने पार्टी को चलाने के लिए मेरे साथ मिलकर काम किया। मुझे ताकत दी। जमीनी स्तर पर जो सहयोग उसका धन्यवाद।’
हर सेट पर 20 नेताओं के साइन
राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी डॉ. के. लक्ष्मण ने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया 36 में से 30 राज्यों में प्रदेश अध्यक्षों के चुनाव पूरे होने के बाद शुरू की गई। जो की 50% जरूरी आंकड़े से ज्यादा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए दाखिल कुल 37 सेट नामांकन पत्रों में से 36 सेट अलग-अलग राज्यों से आए, जिनमें हर सेट पर 20 नेताओं के साइन थे। जबकि एक अलग नॉमिनेशन सेट भाजपा के संसदीय बोर्ड के सदस्यों की ओर से प्रस्तावित किया गया, जिस पर प्रधानमंत्री सहित 37 सांसदों के साइन थे।
