नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के बेटे महानआर्यमन सिंधिया ने मंगलवार को मध्यप्रदेश क्रिकेट संघ (एमपीसीए) के अध्यक्ष का पदभार संभाल लिया. इंदौर के होलकर स्टेडियम में आयोजित एमपीसीए की वार्षिक साधारण सभा (एजीएम) में नवनिर्वाचित कार्यकारिणी पर आखिरी मुहर लगी.29 साल के महानआर्यमन साल 1957 में स्थापित एमपीसीए के इतिहास के सबसे युवा अध्यक्ष बनकर इतिहास रच चुके हैं. एमपीसीए की एजीएम में शामिल होने से पहले, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अपने बेटे महानआर्यमन के साथ शहर के खजराना गणेश मंदिर पहुंचे और गणेशोत्सव के दौरान दर्शन किए.महानआर्यमन ने 2008 से 2014 तक दून स्कूल, देहरादून से पढ़ाई की. 2019 में उन्होंने अमेरिका के येल विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में ग्रेजुएशन किया. उन्होंने समर स्कूल कार्यक्रम के दौरान लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से इंटरनेशनल रिलेशंस की भी पढ़ाई की.महाआर्यमन सिंधिया की जब ताजपोशी हो रही थी तब उनके पिता ज्योतिरादित्य सिंधिया भी उनके साथ मौजूद थे। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस दौरान अपने बेटे पर प्यार भी लुटाया। उन्होंने महाआर्यमन सिंधिया के गले में गमछा डालकर उनका अभिवादन किया। वे MPCA के इतिहास में सबसे युवा अध्यक्ष चुने गए हैं।
एक्सपिरियंस
महानआर्यमान का प्रोफेशनल करियर 2014 में भूटान के सकल राष्ट्रीय प्रसन्नता केंद्र में इंटर्नशिप के साथ शुरू हुआ. बाद में उन्होंने नई दिल्ली में वित्त मंत्रालय, लंदन में क्रिस्टीज, नई दिल्ली में यूआईडीएआई, सॉफ्टबैंक और न्यूयॉर्क में मैक्रो एडवाइजरी पार्टनर्स में इंटर्नशिप की. 2019 से 2021 तक, उन्होंने मुंबई में बोस्टन कंसल्टिंग ग्रुप (बीसीजी) के साथ एक सहयोगी के रूप में काम किया. महानआर्यमान ने अंडरसाउंड्स एंटरटेनमेंट और जय विलास पैलेस (2021-2024) के निदेशक के रूप में भी काम किया है. 2022 में उन्होंने कुबेर एआई लॉन्च किया और बाद में 2024 में इथारा एआई की स्थापना की.साल 2022 में उन्होंने सूर्यांश राणा के साथ मिलकर ‘माईमंडी’ की स्थापना की, जो ताजे फल और सब्जियों की ऑनलाइन डिलिवरी करने वाला एक स्टार्टअप है. मार्च 2024 तक इसने 2.33 मिलियन डॉलर का रेवेन्यू कमा लिया और इसकी नेटवर्थ 8.12 मिलियन डॉलर हो गई, जिसमें रियल टाइम एक्सेलेरेटर फंड और लेट्सवेंचर से 2.06 मिलियन डॉलर का निवेश शामिल था. रतन टाटा भी इसके निवेशकों में से एक रहे हैं.
क्रिकेट का अनुभव
2022 में महानआर्यमन ग्वालियर डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशन (GDCA) के उपाध्यक्ष और MPCA के आजीवन सदस्य बने. 2024 में उन्होंने मध्य प्रदेश टी-20 लीग की शुरुआत की और अब 2025 में उन्हें MPCA का अध्यक्ष चुना गया.
शाही विरासत
सिंधिया परिवार ग्वालियर के जय विलास पैलेस में रहता है, जिसकी अनुमानित कीमत 4,000 करोड़ रुपये है. 15 एकड़ में फैले इस महल में 400 से ज्यादा कमरे हैं. इसमें 560 किलो सोना, फ्रांसीसी और फारसी कलाकृतियां, एक चांदी का रथ और एक चांदी की रेलगाड़ी है, जिसका इस्तेमाल आज भी भोजन कक्ष में होता है. इसके झूमर को आठ हाथियों के वजन से परखी गई छत पर टिकाया गया है.
