कोलंबो; भारत ने टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान को रिकॉर्ड आठवीं बार हरा दिया है. श्रीलंका के कोलंबो में खेले गए मुकाबले में भारत ने 61 रनों से जीत दर्ज की. भारत ने पहले खेलने के बाद 20 ओवर में सात विकेट पर 175 रन बनाए थे. जवाब में पाकिस्तान की टीम 18 ओवर में 114 रनों पर ढेर हो गई. भारत के लिए हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने दो-दो विकेट चटकाए. इस जीत के साथ ही भारतीय टीम सुपर-8 में भी क्वालीफाई कर गई है.कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान के घमंड को चकनाचूर कर दिया. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 175/7 का मजबूत स्कोर खड़ा किया और फिर पाकिस्तान को सिर्फ 114 रन पर समेट करारी हार दी.
10 चौके, तीन छक्के लगाकर पाकिस्तान को घुटनों पर लाने वाले ईशान किशन
पाकिस्तान के खिलाफ आईसीसी टी20 विश्व कप ग्रुप ए मैच में 40 गेंद में 77 रन की ताबड़तोड़ पारी खेलकर भारत की बड़ी जीत में अहम योगदान देने वाले ईशान किशन ने रविवार को यहां कहा कि इस जीत से टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ेगा.ईशान ने स्पिन की अनुकूल पिच पर 40 गेंद में 10 चौकों और तीन छक्के लगाने के अलावा तिलक वर्मा (25) के साथ दूसरे विकेट के लिए 87 रन जोड़कर भारत का दबदबा कायम किया. उन्हें इस पारी के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया.भारत ने सात विकेट पर 175 रन बनाने के बाद पाकिस्तान को 18 ओवर में 114 रन पर आउट कर 61 रन से जीत दर्ज की.ईशान ने मैच के बाद पुरस्कार समारोह में कहा, ‘‘मुझे लगता है कि शुरुआत में विकेट उतना आसान नहीं था. ऐसे में खुद पर भरोसा रखना और अपनी ताकत पर ध्यान केंद्रित करना जरूरी था. मैंने अपने ऑफ-साइड खेल पर काफी मेहनत की है. मैं बस चीजों को सरल रखने की कोशिश कर रहा था.’’उन्होंने कहा कि उनके दिमाग में 160-170 रन का स्कोर खड़ा करने का लक्ष्य था. उन्होंने कहा, ‘‘ मेरे दिमाग में साफ था कि अगर हम 160-170 रन बना लेते हैं तो वह हमारे लिए अच्छा स्कोर होगा.’’ उन्होंने कहा कि इस जीत से टीम का मनोबल बढेगा.उन्होंने कहा, ‘‘ भारत बनाम पाकिस्तान हमेशा एक खास मुकाबला होता है, सिर्फ हमारे लिए ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए. पाकिस्तान के खिलाफ यह मैच जीतने से हमें काफी आत्मविश्वास मिलेगा और हम इसी लय को आगे भी बनाए रखना चाहेंगे.’’उन्होंने जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पंड्या जैसे भारतीय तेज गेंदबाजों की तारीफ करते हुए कहा, ‘‘ जब शाहीन गेंदबाजी कर रहे थे तो मुझे नहीं लगा कि तेज गेंदबाजों के लिए पिच से ज्यादा मदद मिल रही है, हार्दिक ने उन दो ओवरों में जिस तरह गेंदबाजी की, वह अविश्वसनीय था.
ड्रेसिंग रूम में छाई निराशा
मैच खत्म होने के बाद पाकिस्तान के हेड कोच माइक हेसन ने बताया कि टीम के खिलाड़ी इस हार से काफी निराश हैं. उन्होंने कहा कि भारत के खिलाफ मुकाबला पाकिस्तान के लिए सिर्फ एक मैच नहीं बल्कि प्रतिष्ठा से जुड़ा होता है. ऐसे में इतनी बड़ी हार को स्वीकार करना खिलाड़ियों के लिए आसान नहीं है.
कोच ने यह भी माना कि टीम पिछले कुछ मैचों में अच्छा प्रदर्शन कर रही थी और भारत के खिलाफ जीत को लेकर आत्मविश्वास भी था. हालांकि इस मुकाबले में टीम पूरी तरह दबाव में नजर आई.
भारत की बल्लेबाजी ने बदला मैच का रुख
मैच की शुरुआत में भारत को पहला झटका जल्दी लग गया था, लेकिन इसके बाद युवा बल्लेबाज ईशान किशन ने शानदार पारी खेलते हुए 77 रन बनाए और टीम को संभाल लिया. उनके अलावा कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 32 रन और ऑलराउंडर शिवम दुबे ने 27 रन की उपयोगी पारी खेलकर स्कोर को 175 तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई.
गेंदबाजों के आगे नहीं टिक पाई पाकिस्तान टीम
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान टीम की शुरुआत बेहद खराब रही. तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने दूसरे ओवर में ही दो बड़े विकेट लेकर पाकिस्तान को बैकफुट पर धकेल दिया. इसके बाद टीम लगातार दबाव में रही और 18 ओवर में 114 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. उस्मान खान ने 44 रन बनाकर कुछ संघर्ष जरूर किया, लेकिन टीम को हार से नहीं बचा सके.
सुपर-8 में पहुंचा भारत, पाकिस्तान पर बढ़ा दबाव
इस जीत के साथ भारत ने लगातार तीसरी जीत दर्ज करते हुए सुपर-8 में अपनी जगह पक्की कर ली है. वहीं पाकिस्तान के लिए अब आगे का रास्ता मुश्किल हो गया है. उन्हें अगले मुकाबले में हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी, तभी टूर्नामेंट में बने रहने की उम्मीद बची रहेगी. टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में भारत अब पाकिस्तान पर 8-1 की बढ़त बना चुका है, जो पाकिस्तान के लिए चिंता का बड़ा कारण बन गया
कोलंबो स्टेडियम से सामने आया वीडियो
वायरल वीडियो कोलंबो स्टेडियम का बताया जा रहा है. इसमें कुछ फैंस पाकिस्तान की जर्सी पहने हुए हैं और भारत का राष्ट्रगान गा रहे हैं. उनके साथ स्टेडियम में मौजूद भारतीय दर्शक भी राष्ट्रगान के सम्मान में खड़े दिखाई दे रहे हैं. यह दृश्य मैच शुरू होने से पहले दोनों देशों के राष्ट्रगान के दौरान का बताया जा रहा है.
सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं. कई लोग इसे खेल भावना और आपसी सम्मान की मिसाल बता रहे हैं. वहीं कुछ यूजर्स का कहना है कि यह सिर्फ सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए किया गया कदम हो सकता है. हालांकि बड़ी संख्या में लोग फैंस की तारीफ कर रहे हैं.
मैच में भारत की बड़ी जीत
रविवार को खेले गए इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान को 176 रनों का लक्ष्य दिया. जवाब में पाकिस्तानी टीम 18 ओवर में 114 रन पर ऑलआउट हो गई. इस जीत के साथ भारत ने विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ अपना शानदार रिकॉर्ड कायम रखा.
ईशान किशन की दमदार पारी
भारतीय पारी में ईशान किशन ने 77 रनों की शानदार पारी खेली, जिसने टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. उनकी बल्लेबाजी की सोशल मीडिया पर भी काफी तारीफ हो रही है.
हार से पहले ही स्टेडियम से निकले दर्शक
मैच के दौरान पाकिस्तान के गृह मंत्री और पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी समेत कुछ दर्शक टीम की हार तय होने से पहले ही स्टेडियम छोड़कर चले गए. यह दृश्य भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है.
