गाजियाबाद में सलीम वास्तविक पर जानलेवा हमला करने वाला जीशान पुलिस एनकाउंटर में मारा गया है. लोनी में हुए एनकाउंटर में जीशान को मार गिराया गया. पुलिस ने इस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया हुआ था. जानकारी के मुताबिक लोनी के थानाध्यक्ष मुकेश कुमार की बुलेटप्रूफ जैकेट में गोली लगी है. इसके साथ ही दो कॉन्स्टेबल विपिन कुमार सचिन कुमार जख्मी हुए हैं, दोनों की बाजू में गोली लगी है.
पुलिस को विदेशी पिस्टल और बाइक मिली है. मारा गया अपराधी अमरोहा का रहने वाला था. बताया जा रहा है कि हमले के दौरान वो बाइक के पीछे बैठा था. पुलिस को वो धारधार हथियार भी मिला है, जिससे हमला किया गया था. एक बदमाश मौके से फरार हो गया.
पिछले साल दिसंबर में भी गाजियाबाद में एनकाउंटर
पिछले साल दिसंबर महीने में भी गाजियाबाद में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई थी. गाजियाबाद के थाना अंकुर विहार पुलिस ने देर रात एनकाउंटर के दौरान हत्या में वांछित दो बदमाशों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की थी. गिरफ्तार किए गए दोनों बदमाशों पर 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित था. जानकारी के मुताबिक ये दोनों कई आपराधिक मामलों में संलिप्त था.
पुलिस की गोली से जख्मी हुआ था बदमाश
पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया था. मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से एक बदमाश जख्मी हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया था. उस दौरान बताया गया था कि थाना अंकुर विहार पुलिस टीम दिल्ली-सहारनपुर हाईवे की सर्विस लेन पर गढ़ी कट्टैया कट से आगे एक खाली प्लॉट के पास चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अपराधियों को रोकने की कोशिश की तो उसने गोली चला दी. जिसके बाद जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया.
