citizenexpress.in

कुरान के अपमान पर आक्रोश में भाजपा, खूब गूंजे अल्लाह हू अकबर के नारे

कुरान के अपमान को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दिल्ली की सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) पर हमलावर है। ‘आप’ विधायक को कुरान की तौहीन से जुड़े केस में सजा सुनाए जाने के बाद भाजपा ने मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल के आवास के पास भाजपा के अल्पसंख्यक मोर्चा ने धरना प्रदर्शन किया। इसमें ‘नारा-ए-तकबीर अल्लाह हू अकबर’ जैसे नारे भी खूब गूंजे। भाजपा ने ‘आप’ से मांग की है कि दोषी करार दिए गए विधायक नरेश यादव को पार्टी से बाहर किया जाए।नरेश यादव को पंजाब में कुरान का अनादर करने के मामले में दोषी ठहराया गया है। महरौली के विधायक को पिछले शनिवार को पंजाब के मलेरकोटला जिला अदालत ने 2016 के मामले में दो साल जेल की सजा सुनाई। अदालत ने यादव पर 11,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया। दिल्ली प्रदेश भाजपा के अल्पसंख्यक मोर्चा ने आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल के फिरोजशाह रोड स्थित आवास के निकट प्रदर्शन किया और उनकी पार्टी के विधायक नरेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने प्रदर्शन के दौरान कहा, ‘पवित्र कुरान का अनादर करने के आरोप में आप के विधायक को दोषी ठहराए जाने के बावजूद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी (आप) के मुस्लिम नेता चुप हैं। यह केजरीवाल और उनकी पार्टी के दोहरे रवैये को उजागर करता है।’ प्रदर्शनकारी अशोक रोड पर एकत्र हुए और केजरीवाल के पांच, फिरोजशाह रोड स्थित आवास की ओर मार्च करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। प्रदर्शन के दौरान अरविंद केजरीवाल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। इसके अलावा अल्लाह हू अकबर जैसे धार्मिक नारे भी खूब गूंजे।

error: Content is protected !!
Scroll to Top