कांग्रेस महासचिव और केरल के वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा असम दौरे पर हैं. उनका ये दौरा विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर काफी अहम माना जा रहा है. इस दौरान उन्होंने गुरुवार (19 फरवरी) को कामाख्या देवी मंदिर पहुंचकर दर्शन किए. उम्मीद है कि फरवरी के अंत तक कांग्रेस असम चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर सकती है.
असम के 2 दिवसीय दौरे पर प्रियंका गांधी
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा से जब कामाख्या मंदिर के बाहर पत्रकारों ने सवाल किया कि मैम आज दर्शन के लिए आईं हैं, क्या मांगेंगी. इस पर उन्होंने जवाब दिया कि मैं कभी मांगती नहीं हूं भगवान से. इस दौरान उनके साथ असम कांग्रेस चीफ गौरव गोगोई समेत कई पार्टी नेता मौजूद थे. बता दें कि प्रियंका गांधी असम के दो दिवसीय दौरे पर हैं.
गौरव गोगोई ने बुधवार को कहा कि पहली सूची में शामिल नामों सहित कुल 80 कांग्रेस उम्मीदवारों के नामों की घोषणा मार्च के पहले सप्ताह तक कर दी जाएगी. गोगोई ने कहा कि हमारा लक्ष्य चयन प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा करना है. केंद्रीय नेतृत्व ने हमें यह सुनिश्चित करने के लिए कहा है कि पहली सूची इस महीने के अंत तक जारी हो जाए.
असम कांग्रेस चीफ ने कहा कि मार्च के पहले सप्ताह तक लगभग 80 सीटों के लिए नामों को अंतिम रूप दे दिया जाएगा और उनकी घोषणा कर दी जाएगी. कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि ये निश्चित रूप से होने वाला है और इस मामले में पार्टी सत्तारूढ़ बीजेपी से काफी आगे है.
कांग्रेस गठबंधन में कौन-कौन शामिल
बता दें कि अमस चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन में माकपा, रायजोर दल, असम जातीय परिषद (AJP), भाकपा, भाकपा (ML) लिबरेशन, जातीय दल-असम (जेडा) और कार्बी आंगलोंग स्थित ऑल पार्टी हिल लीडर्स कॉन्फ्रेंस (APHLC) शामिल हैं. कांग्रेस असम प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि प्रियंका गांधी कांग्रेस के कई पदाधिकारियों के साथ बैठकें करेंगी. इसके अलावा वो एआईसीसी के तीन वरिष्ठ पर्यवेक्षकों से भी मिलेंगी और चुनावों के संबंध में उनकी राय लेंगी.
