लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी समेत 25 सांसदों को गोली मारने की धमकी देने वाले राज सिंह आमेरा को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हिरासत में ले लिया. कोटा शहर पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दी गई धमकी को गंभीरतापूर्वक संज्ञान लेते हुए आरोपी को डिटेन किया. कोटा शहर एसपी तेजस्वनी गौतम की ओर से जारी संदेश में कहा गया है कि इस मामले में विधिक कार्यवाही जारी है. कानून सर्वोपरी है. कानून को हाथ में लेने की कोशिश पर सख्त कार्रवाई तय है.
इससे हमारा कोई संबंध नहीं- करणी सेना
वीडियो में राज सिंह आमेरा ने खुद को करणी सेना का कोटा संभागीय प्रभारी बताया. वहीं, करणी सेना ने कहा कि इससे हमारा कोई संबंध नहीं है. फिलहाल जिस अकाउंट से ये धमकी दी गई थी वह बंद कर दिया गया है. आमेरा कोटा का रहने वाला है. इसने इंस्टाग्राम पर यह पोस्ट डालकर धमकी दी थी.
राजस्थान कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा, “लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गाधी को खुलेआम हत्या की धमकियां दी जा रही हैं, ये RSS की वही ज़हरीली मानसिकता है जिसने कभी नाथूराम गोडसे को जन्म दिया था. ये BJP-RSS की कट्टर वैचारिक उग्रता का मॉडल है, जहां असहमति और विरोध को “राष्ट्र-विरोध” बताकर पहले माहौल बनाया जाता है, और अंत में हिंसा की जमीन तैयार करते हैं.”
‘ये देश गोडसे की सोच पर नहीं, गांधी के रास्ते पर चलेगा’
इसके आगे उन्होंने कहा, “संवैधानिक पद पर बैठे नेता विपक्ष राहुल जी करोड़ों हिंदुस्तानियों के हक व न्याय की आवाज़ हैं. लेकिन हैरानी की बात है कि उन्हें हत्या की धमकी देने और षड्यंत्र करने वाले उग्र संगठनों के नेता व कार्यकर्ता आजाद घूम रहे हैं. आखिर ऐसे लोगों पर कब कार्रवाई होगी? BJP-RSS कितना भी ज़हर घोल ले, ये देश गोडसे की सोच पर नहीं, गांधी के रास्ते पर चलेगा.”
क्या है वायरल वीडियो में
वीडियो में खुद को करणी सेना का बताते हुए शख्स ने संसद में ओम बिरला के चैंबर में हुई घटना का जिक्र किया। शख्स की पहचान राज आमेरा के रूप में हुई है। वह कोटा के उद्योग नगर का है। करणी सेना का संभागीय प्रवक्ता है। करीब 3 दिन पहले ही प्रवक्ता बनाया गया है।
राज आमेरा ने कहा कि ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष के 25 सांसदों ने जो बदतमीजी की है। वह बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस सब के पीछे राहुल गांधी जिम्मेदार हैं।
मैं चेतावनी देता हूं अगर दोबारा ऐसी घटना हुई तो उन 25 सांसदो के घर में तोड़फोड़ करेंगे और राहुल गांधी सुन लें उनके घर में घुसकर गोली मारेंगे। इसका जिम्मेदार प्रशासन होगा। मेरी मांग है कि उन 25 सांसदों पर कार्रवाई हो।
मोदी सरकार में मंत्री किरेन रिजिजू को जो बयान सामने आया, उसे सुनने के बाद हम लोग काफी गुस्से में हैं। मेरी इस धमकी के बाद अगर मुझे जेल हो जाए तो मुझे कोई दिक्कत नहीं है।
खेड़ा बोले- रिजिजु ने देश को गुमराह किया पवन खेड़ा ने धमकी वाला वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि पहले किरेन रिजिजु ने झूठ बोला। उन्होंने देश को गुमराह किया कि कांग्रेस सांसदों ने लोकसभा में ओम बिरला का अपमान किया। फिर भाजपा सांसदों ने यह दोहराना शुरू किया कि राहुल गांधी ‘भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए सबसे बड़ा खतरा’ हैं। यह विपक्ष को बदनाम करने और विशेषकर राहुल जी के खिलाफ हिंसा को वैध ठहराने का एक सुनियोजित अभियान है।
अब जानिए ओम बिरला को लेकर हुए विवाद को
11 फरवरी को भाजपा ने दावा किया था कि कांग्रेस के 20-25 सांसदों ने स्पीकर ओम बिरला के चैंबर्स में घुसकर उनसे बदसलूकी की। प्रियंका गांधी, वेणुगोपाल वहां मौजूद थे लेकिन उन्होंने सांसदों को रोकने की बजाय, बदतमीजी के लिए उकसाया। बाद में विपक्ष ने स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस पेश कर दिया। इसमें 118 सांसदों के हस्ताक्षर हैं।
सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि ओम बिरला अब लोकसभा नहीं जाएंगे। अविश्वास प्रस्ताव के गिरने के बाद ही वे स्पीकर की चेयर संभालेंगे। विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव पर सदन में 9 मार्च को चर्चा हो सकती है। 13 फरवरी को बजट सत्र के वर्तमान सेशन का आखिरी दिन था। इसके बाद 8 मार्च से सदन की कार्यवाही फिर से शुरू होगी।
