शिक्षक दिवस पर उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने बड़ी घोषणा की है. अब यूपी में सभी शिक्षकों को कैशलैस इलाज की सुविधा मुहैया कराई जाएगी. यानी प्राथमिक, उच्च प्राथमिक समेत एडेड स्कूलों के सभी शिक्षकों को कैशलैस इलाज की सुविधा दी जाएगी. इस फैसले का सराहनीय पहलू ये है कि इसमें शिक्षामित्र, इंस्ट्रक्टर और रसोइयों को भी जोड़ा जाएगा. सरकार के इस आदेश से राज्य के 9 लाख परिवार लाभान्वित होंगे. इसके साथ ही आने वाले समय में शिक्षा मित्र और इंस्ट्रक्टर्स के मानदेय बढ़ाने को लेकर काम शुरू होने की बात कही जा रही है. रिपोर्ट के मुताबिक इसके लिए एक कमेटी भी बनाई गई है.इसके साथ ही सीएम योगी ने निर्देश दिया कि इस व्यवस्था को एक समयसीमा में लागू कर दिया जाए ताकि शिक्षकों और अन्य पात्रों को इसका फायदा मिल सके.
सीएम ने कहा कि अभी हम लोग इस व्यवस्था को इसके साथ दे रहे हैं और मुझे लगता है कि यह सभी विभाग बेसिक, माध्यमिक या उच्च, बहुत शीघ्र इस औपचारिकता को पूर्ण करते हुए एक कैशलेस उपचार की व्यवस्था का लाभ इन्हें उपलब्ध करवाने की दिशा में अपने कार्यक्रम को तेजी के साथ आगे बढ़ाए. एक समय सीमा के अंदर इसको पूरा कर लें जिससे यह सुविधा सबको प्राप्त हो सके.
उन्होंने कहा कि मैंने एक हायर लेवल की कमेटी बनाई है जिसमें शिक्षामित्र और अनुदेशकों के मानदेय को बढ़ाने के लिए भी हम लोग कार्य कर रहे हैं क्योंकि वह लोग भी कार्य कर रहे हैं और कदम से कदम मिलाकर के इस अभियान के साथ जुड़ते हैं. इसके लिए बहुत शीघ्र मेरे पास और रिपोर्ट आने वाली है और हम उस दिशा में कुछ बेहतर करने का प्रयास करेंगे. मेरा पूरा विश्वास है कि अभी जो यह कार्यक्रम चल रहे हैं हमारे हम लोग इन सभी कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने में इसके माध्यम से हमें मदद मिलेगी
