पटना। एटम बम से बड़ा हाइड्रोजन बम होता है। बीजेपी के लोगों तैयार हो जाओ। हाइड्रोजन बम आ रहा है। पूरे देश को आपकी सच्चाई पता लगने वाली है। हाइड्रोजन बम के बाद नरेंद्र मोदी जी अपना चेहरा देश को नहीं दिखा सकेंगे। राहुल गांधी ने कहा कि जिन शक्तियों ने महात्मा गांधी की हत्या की उन्हें हम संविधान की हत्या नहीं करने देंगे। कुछ भी हो जाए। इसलिए हमने बिहार में वोटर अधिकार यात्रा की। आपका हमें जबरदस्त समर्थन मिला। बिहार के युवा से लेकर छोटे.छोटे बच्चे जीप के पास आकर कहते थे कि वोट चोर गद्दी छोड़।
पाटलिपुत्र की धरती पर खूब गरजे राहुल
राहुल गांधी ने कहा कि बीच में बीजेपी के लोग हमें काले झंडे दिखा रहे थे। बीजेपी के लोग सुन लें एटम बम का नाम सुना है उससे बड़ा हाइड्रोजन बम होता है। माधवपुरा में हमने एटम बम दिखाया था बिहार में हम हाइड्रोजन बम दिखाएंगे। हाइड्रोजन बम के बाद नरेंद्र मोदी अपना चेहरा इस देश को नहीं दिखा पाएंगे।
संविधान की हत्या नहीं करने देंगे
राहुल गांधी ने कहा कि बिहार के युवाओं को कहना चाहता हूं वोट चोरी का मतलब अधिकार की चोरी। आरक्षण की चोरी। रोजगार की चोरी। शिक्षा की चोरी। लोकतंत्र की चोरी। युवाओं के भविष्य की चोरी। आपकी जमीन आपका राशन कार्ड लेकर किसी और को दे देंगे। महात्मा गांधी की हत्या करने वाली शक्ति अब संविधान की हत्या करने की कोशिश कर रही है। मगर हम इन्हें संविधान की हत्या नहीं करने देंगे। बिहार की यात्रा हमने की। सारे के सारे युवा बिहार के खड़े हो गए। राहुल ने दावा किया कि छोटे छोटे बच्चे जीप के पास आते थे और कहते थे वोट चोर गद्दी छोड़।
मल्लिकार्जुन खरगे बोले- सतर्क नहीं रहे तो मोदी-शाह डुबो देंगे
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने संबोधित करते हुए कहा कि इस 15 दिन की यात्रा पूरे देश में चर्चा चली। भाजपा ने इसमें रुकावट डालने की पूरी कोशिश की। गठबंधन के लोग राहुल जी या तेजस्वी जी नहीं डरे। वोट चोरी करने वाले पैसा चोरी करने की भी आदत रखते हैं। बैंक से चोरी कर बाहर जाने वालों को भी यह संभालते हैं। मोदी जी बिहार में वोट चोरी कराकर जीतना चाहते हैं। सतर्क नहीं रहेंगे तो यह मोदी और शाह आपको डुबा देंगे। आजादी के बाद जो वोट का अधिकार दिलाया गया, उसे खोना नहीं। यह महात्मा गांधी, आंबेडकर और नेहरु जी ने अधिकार दिया है। सीएम नीतीश कुमार पर हमला करते हुए खरगे ने कहा कि यह आरएसएस वाले आपको कचरा में जाकर फेकेंगे। खरगे ने पुलिस को राहुल गांधी की यात्रा रोकने के लिए भी आड़े हाथ लिया। उन्होंने नारा लगवाया- मोदी को हटाओ।
तेजस्वी यादव बोले- भ्रष्टाचार के भीष्म पितामह बन गए डुप्लीकेट नीतीश
बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे के बाद हेमंत सोरेन अभिवादन करते हुए अपना संबोधन शुरू किया और मुकेश सहनी और क्रिकेटर युसुफ पठान को बड़ा भाई कहकर संबोधित किया। आदाब, प्रणाम और सलाम करते हुए तेजस्वी ने कहा कि यह बिहार की धरती है, लोकतंत्र की जननी है। यह कुछ, कुछ भी नहीं दो भाजपाई लोग चुनाव आयोग के साथ मिलकर लोकतंत्र की धरती से लोकतंत्र को खत्म कर देना चाहते हैं। लोकतंत्र चाहिए या राजतंत्र चाहिए? यह लोग चाहते हैं कि बिहारी लोग को ठग लें। फैक्टरी लगाएंगे गुजरात में और वोट चाहिए बिहार में! हमारे मुख्यमंत्री इतनी बार पलटी मारे हैं कि इनका दिमाग चकरा गया है।
एक इंजन अपराध और एक भ्रष्टाचार में लगा है। अपना वोट कटने नहीं देना है। बड़ी चालाकी से फर्जी वोट जोड़े जा रहे हैं। इस सरकार को आने वाले चुनाव में उखाड़ फेंकना है। भ्रष्टाचार के भीष्म पितामह बन गए हैं सीएम नीतीश कुमार। मंत्रीजी के यहां सुबह शाम जाते हैं। और, उनके विभाग के इंजीनियर पकड़े जाते हैं तो रुपए जला दिए जाते हैं। करोड़ों-अरबों जला दिए जा रहे हैं। यह नकलची सरकार है। हम जो कहते हैं, वह यह करने लगती है। यह सरकार नकल तो कर सकती है, विजन नहीं ला सकती है। तेजस्वी आगे-आगे और यह सरकार पीछे-पीछे। डुप्लीकेट सीएम चाहिए कि ओरिजनल सीएम चाहिए। अभी तो डुप्लीकेट सीएम का राज चल रहा है। हमलोग एफआईआर वगैरह से डरने वाले नहीं हैं। लालू प्रसाद की औलाद हैं। कृष्ण के वंशज हैं, जिनका जन्म ही जेल में हुआ था। लालूजी का खून तेजस्वी के अंदर है। मोदीजी झूठ बोलने की फैक्टरी हैं। इंडस्ट्री हैं, डिस्ट्रीब्यूटर हैं, होल सेलर हैं। वोट की चोरी करने वालों को उखाड़ फेंकना है।
सोरेन बोले- वोट चोरी करने वाले पकड़े गए, आज पर्दाफाश कर रहे
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि यह चुनाव बिहार नहीं, देश को बचाने का अवसर है। षडयंत्रकारियों के खिलाफ बड़ा आंदोलन करना है। इन्होंने मुझे भी जेल में डाल दिया थ। बिहार की ऐतिहासिक धरती से आग्रह है कि जिस तरह से वोटर रिवीजन का काम किया है, लेकिन यह विशेष और गहन- दोनों को जोड़कर पुनरीक्षण कराया गया है और यह गलत है। साजिश है। आज यह वोट चोरी करने वाले पकड़े गए हैं। आज हम इसका पर्दाफाश कर रहे हैं। ईडी-सीबीआई जैसी एजेंसियों का दुरुपयोग करने वाले चुनाव आयोग का दुरुपयोग कर लोकतंत्र को बर्बाद कर रहे हैं।
राजद ने कहा- आज मोदी सरकार के श्राद्ध की तिथि तय होगी
राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उदय नारायण चौधरी ने एनडीए सरकार और चुनाव आयोग पर जमकर हमला बोला। इनकम टैक्स चौराहे पर राजद कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन कर रहे उदय नारायण चौधरी ने कहा कि आज वोट अधिकार यात्रा का समापन नहीं है। आज राहुल और तेजस्वी मोदी सरकार के श्राद्ध की तिथि तय करेंगे। मोदी सरकार को इस बार गद्दी छोड़नी ही होगी। काले कारनामों की पोल अब खुल चुकी है।
