असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी रिंकी भुईयां सरमा पर तीन देशों के पासपोर्ट रखने, सरमा परिवार के पास विदेशी सम्पत्ति होने के गंभीर आरोप लगाने और फिर हिमंता बिस्वा सरमा और उनकी पत्नी द्वारा कानूनी कार्रवाई किये जाने की चेतावनी के बाद मंगलवार को कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के दिल्ली स्थित आवास पर असम पुलिस पहुंची है. असम पुलिस के साथ दिल्ली पुलिस अधिकारी भी पवन खेड़ा के आवास पर पहुंचे हैं.पुलिस की टीम पवन खेड़ा के आवास पर मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी रिंकी भुइयां सरमा पर लगाए गए आरोपों को लेकर उनसे पूछताछ करना चाहती हैं. निजामुद्दीन स्थित आवास पर पहुंचने से पहले कांग्रेस नेता को सूचित कर दिया गया था. लेकिन पुलिस के पहुंचने पर पवन खेड़ा घर पर नहीं मिले. बताया गया कि वह बाहर गये हुए हैं. जानकारी है कि पुलिस अधिकारी घर पर ही उनका इंतजार कर रहे हैं ताकि उनसे मुलाकात हो सके. सूत्र बता रहे हैं अगर पवन खेड़ा से पुलिस की मुलाकात हो जाती है तो वह उन्हें अपने साथ गुवाहाटी ले जा सकती है, लेकिन इस बात की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
रिंकी भुईयां के पास तीन पासपोर्ट और विदेश में अकूत संपत्ति का लगाया है आरोप
बता दें कि कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के एक बयान ने असम में राजनीतिक बखेड़ा खड़ा कर दिया है. कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमैन खेड़ा ने सीएम सरमा और उनकी पत्नी पर विदेशों में बड़ी संपत्ति जमा करने का आरोप लगाया है. साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि असम सीएम की पत्नी के पास तीन देशों- मिस्र, संयुक्त अरब अमीरात और एंटीगुआ-बरमुडा के पासपोर्ट भी हैं. पवन खेड़ा ने यह आरोप दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर लगाया था. इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस नेता गौरव गोगोई भी मौजूद थे. खेड़ा का आरोप है कि सरमा के पास दुबई में 2 संपत्ति है और अमेरिका में 52,000 करोड़ रुपये की एक कंपनी है.
हिमंता बिस्वा सरमा और रिंकी भुईयां ने कानूनी कार्रवाई की दी थी चेतावनी
पवन खेड़ा के आरोपों के बाद सीएम हिमंता ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि पवन खेड़ा ने जो मनगढ़ंत आरोप लगाये हैं उसके उन्हें “कानूनी परिणाम भुगतने होंगे”. इस साथ ही वह और उनकी पत्नी रिंकी भुइयां ने यह भी घोषणा की है कि वे कांग्रेस नेता पर सिविल और क्रिमिनल दोनों तरह के मानहानि केस दर्ज करेंगे. पवन खेड़ा पर यह कार्रवाई 48 घंटे के भीतर की जाएगी.
खड़गे जी पागलों जैसी बातें करते हैं: हिमंता बिस्वा सरमा
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा है कि कोई भी आरोप लगाने से पहले उन्हें विदेश मंत्री से पूछना चाहिए था. खड़गे जी की उम्र हो गई है. फिर भी वह पागलों जैसी बातें करते हैं. असम पुलिस तो पाताल से भी लोगों ढूंढकर ला सकती है. मुझे शक है कि राहुल गांधी ने ही उन्हें ये दस्तावेज दिए हैं. इसलिए इस मामले की आंच राहुल गांधी तक पहुंचेगी. हमें डराने की कोशिश मत करो. यह असम है. हमने 17 बार इस्लामी आक्रमण के खिलाफ लड़ाई लड़ी है. इससे पहले पवन खेड़ा को लेकर हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा था कि वह कल गुवाहटी भाग गए थे. मीडिया से मिली जानकारी से पता चला कि पुलिस उनके दिल्ली वाले आवास पर गई थी. लेकिन वह हैदराबाद भाग गए. कानून अपना काम करेगा.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, मामला 5 अप्रैल को हुई कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस से जुड़ा है. इस दौरान कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने आरोप लगाया था कि असम के मुख्यमंत्री सरमा की पत्नी के पास तीन अलग-अलग पासपोर्ट हैं. साथ ही पूछा था कि उनको तीन पासपोर्ट रखने की जरूरत क्यों है? क्या वे कोई अपराधी हैं?
इसके अलावा उन्होंने कहा था कि मुख्यमंत्री के पास एक से ज्यादा पासपोर्ट हैं. क्या वे असम चुनाव हारने के बाद कहीं भागने की तैयारी में हैं? पवन खेड़ा ने हिमंता बिस्वा सरमा की पूरी राजनीति को मुसलमानों के खिलाफ नफरत आधारित करार दिया. इसके अलावा पवन खेड़ा ने पूछा था कि क्या इसकी जानकारी गृहमंत्रीको है? शाह जवाब दें कि क्या वो एसआईटी बिठाकर इस मामले की जांच कराएंगे?
