नई दिल्ली. ग्लोबल टेक कंपनी असेंचर (Accenture) ने बीते तीन महीनों के दौरान अपने 11 हजार कर्मचारियों की छंटनी कर दी है. अब कंपनी ने इसकी वजह बताई है. उसका कहना है कि सिर्फ उन्हीं कर्मचारियों की छंटनी की गई है, जो आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (AI) में खुद को ट्रेंड नहीं कर सके थे. कंपनी की सीईओ जूली स्वीट ने बताया कि असेंचर अपने फर्कफोर्स में बदलाव कर रहा है, जो एआई माहौल के अनुकूल हो. यही वजह है कि पिछले 3 महीने में 11 हजार से ज्यादा कर्मचारियों की छंटनी की गई है.
कंपनी की सीईओ जूलिया स्वीट ने कहा कि हम एआई स्किल्ड कर्मचारियों पर फोकस कर रहे हैं और अगले साल हम फिर से हायरिंग करेंगे. अगर छंटनी के बाद इन कर्मचारियों ने खुद को एआई में ट्रेंड किया तो दोबारा मौका दिया जाएगा. छंटनी के बाद असेंचर में अगस्त महीने तक कुल कर्मचारियों की संख्या 7.79 लाख रह गई है, जो तीन महीने पहले तक 7.91 लाख थी. कंपनी ने नवंबर, 2025 तक छंटनी की प्रक्रिया चलाने की बात कही है. इससे कॉस्ट कटिंग कके रूप में 1 अरब डॉलर की बचत हो सकेगी.
अधिग्रहण कर रही कंपनी
असेंचर सीएफओ एंजी पार्क का कहना है कि कंपनी फिलहाल 2 अधिग्रहण पर काम कर रही है. साथ ही टैलेंट रोटेशन के जरिये कंपनी तेजी से अपने कर्मचारियों की नियुक्ति में भी बदलाव कर रही है. अब हम एआई आधारित टैलेंट को ही हायर कर रहे हैं. पार्क ने कहा कि कंपनी में एआई और डाटा स्पेशलिस्ट की नियुक्ति तेजी से बढ़ रही है. साल 2023 में यह संख्या दोगुनी बढ़ाकर 77 हजार कर दी है. इसके साथ ही कंपनी ने एआई टैलेंट से लैस कर्मचारियों की संख्या बढ़कर 5.50 लाख पहुंच चुकी है.
कंपनी को कितनी हुई कमाई
छंटनी के बावजूद असेंचर की कमाई में तेजी दिख रही है. कंपनी ने बताया है कि सालाना आधार पर कंपनी का राजस्व 7 फीसदी बढ़कर 17.6 अरब डॉलर पहुंच गया है, जो जून-अगस्त तिमाही का आंकड़ा है. कंपनी का सारा फोकस एआई आधारित वर्कफोर्स बढ़ाने पर है, जैसा कि दूसरी कंपनियां जेसे मेटा, माइक्रोसॉफ्ट और अन्य टेक कंपनियां कर रही हैं. कंपनी की तैयारी एआई का विस्तार और रिस्क को कम करने की है.
भर्ती की तैयारी भी शुरू
कंपनी की सीईओ का कहना है कि असेंचर में छंटनी सिर्फ कॉस्ट कटिंग के लिए नहीं की जा रही है, बल्कि हमारा फोकस कर्मचारियों के टैलेंट को बढ़ाना है. यही वजह है कि छंटनी के बावजूद कंपनी ने आगे भी भर्ती का प्लान बनाया है. जूलिया ने कहा कि अगले वित्तवर्ष में हमारी कंपनी एआई टैलेंटेड कर्मचारियों की भर्ती पर फोकस करेगी. उन्होंने उम्मीद जताई कि जिन कर्मचारियों की छंटनी हुई है, वे भी एआई में ट्रेंड होकर कंपनी में वापसी कर सकते हैं.
