भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने उत्तर प्रदेश में होने वाले राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव के लिए बरेली से दो नामों की घोषणा कर दी है। प्रदेश सरकार में पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह और अर्बन कोआपरेटिव बैंक की चेयरमैन श्रुति गंगवार को पार्टी ने राज्यसभा प्रत्याशी बनाया है। दोनों नामों की घोषणा के बाद जिले में भाजपा की सियासत में हलचल बढ़ गई है।आंवला विधानसभा क्षेत्र से धर्मपाल सिंह पिछले तीन चुनावों में लगातार जीत हासिल कर रहे हैं। पिछले कार्यकाल में भी वह प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे। मौजूदा सरकार में उन्हें पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग की जिम्मेदारी मिली है।
धर्मपाल सिंह का राजनीतिक आधार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मजबूत माना जाता है. खास तौर पर लोध समुदाय के बीच उनकी अच्छी पकड़ है. ऐसे में राज्यसभा के लिए उनके नाम को बीजेपी की बड़ी राजनीतिक रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है. पश्चिमी यूपी के साथ-साथ ब्रज क्षेत्र में भी लोध समाज की अच्छी संख्या है. धर्मपाल सिंह को राज्यसभा भेजने से पार्टी इस बड़े सामाजिक समूह के बीच अपना आधार और मजबूत करने की कोशिश कर सकती है.
बरेली से मजबूत हुआ राजनीतिक सफर
धर्मपाल सिंह बरेली के रहने वाले हैं और आंवला विधानसभा क्षेत्र से उनका लंबे समय से जुड़ाव रहा है. वह इस सीट से पांच बार चुनाव जीत चुके हैं. इसी वजह से इलाके में उनकी मजबूत राजनीतिक पकड़ मानी जाती है. विधायक के तौर पर लंबे अनुभव के बाद उन्होंने योगी सरकार में मंत्री के रूप में भी काम किया. मौजूदा सरकार में वह पशुधन विभाग संभाल रहे हैं.
श्रुति गंगवार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उभरती हुई महिला नेता हैं. वे उत्तर प्रदेश के दिग्गज राजनेता व झारखंड के वर्तमान राज्यपाल (पूर्व केंद्रीय मंत्री और बरेली से 8 बार के सांसद) संतोष गंगवार की बेटी हैं. एक मजबूत राजनीतिक घराने में पली-बढ़ीं श्रुति लंबे समय से जनसेवा और पार्टी के संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय रही हैं. इसके अलावा वह बरेली के अर्बन कोऑपरेटिव बैंक की अध्यक्ष के रूप में भी अपनी प्रशासनिक क्षमताएं दिखा चुकी हैं.सोमवार को भाजपा उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें उत्तर प्रदेश से राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया है. मुख्यधारा की राजनीति में उनकी इस बड़ी एंट्री को यूपी में युवा और महिला नेतृत्व को सशक्त बनाने की दिशा में भाजपा का एक अहम रणनीतिक कदम माना जा रहा है.
बैंकिंग सेक्टर में निभा रही हैं अहम भूमिका
श्रुति गंगवार केवल राजनीतिक पृष्ठभूमि से ही नहीं आतीं, बल्कि वे एक कुशल प्रशासक भी हैं. अगस्त 2024 में उन्हें ‘अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड, बरेली’ का निर्विरोध अध्यक्ष (Chairperson) चुना गया था. बैंकिंग क्षेत्र में उनका यह अनुभव उनकी नेतृत्व क्षमता को और मजबूती देता है.
बरेली और बहेड़ी में मजबूत जमीनी पकड़
श्रुति गंगवार केवल अपने पिता के नाम पर निर्भर नहीं हैं, बल्कि वे जमीनी स्तर पर भी लगातार सक्रिय हैं. वे बरेली और बहेड़ी विधानसभा क्षेत्रों में नियमित रूप से ‘जनसंपर्क अभियान’ चलाती हैं. इन अभियानों के दौरान वे विशेष रूप से महिला सशक्तिकरण और युवाओं की शिक्षा पर जोर देती हैं. साथ ही, वे राज्य और केंद्र सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को आम जनमानस तक पहुंचाने का काम भी कर रही हैं.
कुर्मी वोटबैंक को साधने की कोशिश
बीजेपी द्वारा श्रुति गंगवार को राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने से बरेली क्षेत्र के कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है. इसे गंगवार परिवार के प्रति पार्टी के सम्मान और रुहेलखंड क्षेत्र में कुर्मी वोटबैंक को साधने की एक मजबूत रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है.
