देश में E20 (20% एथेनॉल मिला) पेट्रोल को लेकर बहस तेज हो गई है. इसे लेकर सरकार और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है. इस बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए कहा कि वह E20 का मुद्दा बड़े स्तर पर उठाने वाले हैं. उन्होंने कहा कि E20 पेट्रोल से गाड़ियां खराब हो रही है. उन्होंने सरकार की E20 पेट्रोल नीति पर तंज कसते हुए कहा कि इस मामले में ‘दाल में कुछ काला नहीं, बल्कि पूरी दाल ही काली है.
E20 भ्रष्टाचार का बहुत बड़ा मामला: राहुल गांधी
कांग्रेस सासंद राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार की इस नीति से आम जनता और गाड़ी चालकों को भारी नुकसान हो रहा है. उन्होंने कहा, ‘पेट्रोल में एथेनॉल मिलाने से गाड़ियों के इंजन की उम्र कम हो रही है और माइलेज पर भी बुरा असर पड़ रहा है. सरकार ऐसा करके जनता जेब पर बोझ डाल रही है. सरकार ने अभी तक ये स्पष्ट नहीं किया है कि इससे आम आदमी का क्या फायदा हो रहा है.’ उन्होंने कहा कि E20 भ्रष्टाचार का बहुत बड़ा मामला है.
कांग्रेस ने इससे पहले आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा पूरे देश में E20 ईंधन को जल्दबाजी में लागू किया जा रहा है और इसके जल संसाधनों, खाद्य सुरक्षा पर पड़ने वाले प्रभावों की अनदेखी की जा रही है. पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि E20 ईंधन के पर्यावरणीय प्रभाव का समग्र आकलन तभी संभव है, जब इसके जल संसाधनों और खाद्य सुरक्षा पर पड़ने वाले असर को भी ध्यान में रखा जाए.
