पीएम मोदी ने शुक्रवार रात इंस्टाग्राम पर रील शेयर की। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर कुछ शरारती बच्चों ने मुझे और मेरी मां को भद्दी-भद्दी गालियां दीं, लेकिन बचपन में गलतियां होती हैं।उन्होंने आगे कहा कि बचपन गलतियों को सुधारने का अवसर भी होता है। ये गुमराह बच्चे हैं, इन्हें राह दिखाने का समय है, इन्हें माफ करना चाहता हूं।यह पिछले 9 दिनों में पीएम मोदी का 5वां वीडियो है। रात 11 बजे जारी किए गए वीडियो को 30 मिनट में 13 लाख लोगों ने लाइक किया।प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “मैं उन्हें माफ करना चाहता हूं, समाज भी इस बात को स्वीकार करे, लेकिन यह एक ‘कल्चरल शॉक’ है कि हमारी बेटियां इस तरह की भाषा कैसे बोल सकती हैं। मैं समाज के आक्रोश को भलीभांति समझ सकता हूं, लेकिन यह समय हमारे बच्चों को अपनाकर उन्हें सही राह दिखाने का है। ये गुमराह बच्चे हैं; इन्हें सजा देने या अदालतों के चक्कर कटवाने से समस्या हल नहीं होगी।”उन्होंंने आगे कहा, “हमें इन गुमराह बच्चों को माफ करना चाहिए; आखिरकार वे हमारे ही बच्चे हैं, उन्हें सही राह दिखाना हमारा फर्ज है। मैं सभी बच्चों से अपील करता हूं कि वे आगे आएं और अपनी गलतियों से सीखें; देश आगे बढ़ रहा है और बच्चे देश के लिए साथ मिलकर आगे बढ़ें। अगर हमारे दांत हमारी जीभ को काट लें, तो भी हम उन्हें तोड़ते नहीं हैं; क्योंकि दोनों हमारे ही हैं, ठीक वैसे ही जैसे हमारे बच्चे हमारे अपने हैं।”
