पटना. बिहार की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से जुड़ी बड़ी खबर सामने आ रही है. दरअसल बांकीपुर सीट से बीजेपी उम्मीदवार अभिषेक सिन्हा उर्फ अभिषेक बंटी ने अपना नामांकन वापस ले लिया है. इसके साथ ही उन्होंने विधानसभा उपचुनाव नहीं लड़ने का ऐलान कर दिया है. अभिषेक बंटी ने शुक्रवार शाम एक प्रेस कांफ्रेंस कर कहा कि वह पारिवारिक कारणों से चुनावी मैदान से हट रहे हैं. वहीं इसी के साथ बीजेपी ने बांकीपुर सीट पर दूसरे उम्मीदवार की खोज शुरू कर दी है.
अभिषेक सिन्हा ने इस संबंध में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी को पत्र लिखकर अपना निर्णय भी बता दिया है. बांकीपुर सीट पर भाजपा ने अभिषेक बंटी को उम्मीदवार बनाया था और उन्होंने गुरुवार को नामांकन भी दाखिल किया था. नामांकन के दौरान सीएम सम्राट चौधरी समेत बिहार के तमाम दिग्गज मौजूद थे. वहीं नामांकन के बाद अभिषेक बंटी ने बिहार के पूर्व सीएम नीतीश कुमार से भी मुलाकात की थी. हालांकि, अब अभिषेक बंटी ने नामांकन वापस लेने का ऐलान कर दिया है, जिसको लेकर तरह तरह की चर्चाएं की जा रही है.
कौन हैं अभिषेक सिन्हा बंटी?
अभिषेक सिन्हा बंटी पिछले करीब 27 वर्षों से बीजेपी के सक्रिय कार्यकर्ता हैं. उन्होंने पार्टी में सबसे निचले स्तर यानी बूथ अध्यक्ष के रूप में काम शुरू किया. इसके बाद संगठन में लगातार जिम्मेदारियां निभाते हुए मंडल मंत्री, मंडल महामंत्री, पटना महानगर युवा मोर्चा के अध्यक्ष और अब प्रदेश युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष तक पहुंचे. संगठन में उनकी सक्रियता और लंबे अनुभव को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें विधानसभा चुनाव लड़ाने का फैसला किया था. लेकिन, अब अभिषेक सिन्हा ने नाम वापस लेने का ऐलान किया है.
निभाई कई अहम जिम्मेदारियां
अभिषेक बंटी ने बीजेपी संगठन में अलग-अलग स्तर पर काम किया है. वे बीजेपी पटना महानगर युवा मोर्चा के अध्यक्ष रह चुके हैं. इसके अलावा मंडल मंत्री और महामंत्री की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं. वर्तमान में वे बीजेपी युवा मोर्चा, बिहार के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं. संगठन के कार्यक्रमों और चुनावी अभियानों में उनकी सक्रिय भूमिका रही है.
संगठन के कार्यकर्ता पर बीजेपी का भरोसा
बीजेपी ने इस बार किसी बड़े चेहरे के बजाय संगठन से जुड़े एक पुराने कार्यकर्ता पर दांव लगाया है. पार्टी का संदेश साफ है कि वर्षों तक संगठन के लिए काम करने वाले कार्यकर्ताओं को भी बड़ा मौका दिया जा सकता है. राजनीतिक जानकार इसे कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने वाला फैसला मान रहे हैं.
नितिन नवीन के करीबी माने जाते हैं अभिषेक बंटी
सूत्रों के मुताबिक, अभिषेक सिन्हा बंटी को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का करीबी माना जाता है. बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में भी उनकी लंबे समय से सक्रियता रही है. स्थानीय संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच उनकी अच्छी पकड़ बताई जाती है, जिसका फायदा पार्टी को चुनाव में मिलने की उम्मीद है.
