नई दिल्ली: बीजेपी के केंद्रीय संगठन में जल्द बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। पार्टी की नई केंद्रीय टीम के गठन की अटकलों के बीच बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। सूत्रों के अनुसार, यह बैठक अमित शाह के आवास पर करीब तीन घंटे तक चली। इस दौरान बीजेपी के महासचिव (संगठन) बी.एल. संतोष भी मौजूद रहे। हालांकि, बैठक को लेकर पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई, लेकिन माना जा रहा है कि इसमें संगठन से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
नई केंद्रीय टीम पर हुआ मंथन
सूत्रों के मुताबिक, बैठक का सबसे अहम एजेंडा बीजेपी की नई केंद्रीय टीम का गठन था। जनवरी में पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन पहली बार अपनी पूरी टीम को अंतिम रूप देने की तैयारी में हैं। बताया जा रहा है कि संगठन में कई नए चेहरों को जगह देने के साथ-साथ कुछ पुराने और अनुभवी नेताओं की भूमिका भी तय की जा रही है।
वरिष्ठ और युवा नेताओं को मिलेगा मौका
बीजेपी सूत्रों का कहना है कि नई टीम में अनुभवी नेताओं और युवा चेहरों के बीच संतुलन बनाया जाएगा। इसके अलावा केंद्र सरकार में जिम्मेदारी निभा रहे कुछ नेताओं को भी संगठन में अहम जिम्मेदारियां सौंपी जा सकती हैं। पार्टी नेतृत्व का प्रयास है कि संगठन को आगामी राजनीतिक और चुनावी चुनौतियों के लिए और मजबूत बनाया जाए।
जल्द हो सकता है नई टीम का ऐलान
सूत्रों के अनुसार, बीजेपी की नई केंद्रीय टीम में शामिल किए जाने वाले नेताओं के नामों की घोषणा जल्द की जा सकती है। माना जा रहा है कि यह बदलाव पार्टी की भविष्य की रणनीति और आने वाले चुनावों को ध्यान में रखकर किए जा रहे हैं। राजनीतिक हलकों में अब इस बात पर नजर है कि नई टीम में किन नेताओं को जगह मिलती है और किन चेहरों को नई जिम्मेदारी सौंपी जाती है।
