नोएडा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन किया। जिले में 25 साल पहले देखा गया नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का सपना इसी के साथ साकार हो गया। पीएम नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम को लेकर पहले से तैयारियों को पूरा कराया गया था। दरअसल, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण के लिए वर्ष 2001 में तत्कालीन मुख्यमंत्री राजनाथ सिंह ने प्रयास शुरू किया था। उन्होंने इंटरनेशनल एयरपोर्ट एंड एविएशन हब का प्रस्ताव पारित किया। इसके बाद एयरपोर्ट निर्माण को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ ने कोशिश शुरू की। उनके प्रयासों के बाद एयरपोर्ट निर्माण का कार्य शुरू किया गया। पीएम मोदी ने उद्घाटन के बाद जेवर में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान वे प्रदेश में विकास कार्यों की चर्चा करते दिखे।
पीएम मोदी ने कहा…..
पीएम नरेंद्र मोदी ने जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन करने के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए सवाल किया कि क्या उद्घाटन हो गया। उन्होंने कहा कि अभी आधा उद्घाटन हुआ है। आप सभी हाथ में मोबाइल की लाइट जलाकर एयरपोर्ट का उद्घाटन करें। पीएम मोदी के आह्वान पर तमाम लोगों ने मोबाइल की लाइट जलाई। इस पर पीएम मोदी ने कहा कि अब उद्घाटन हुआ। उन्होंने कार्यक्रम में आए युवाओं की तरफ इशारा करते हुए कहा कि इस भीड़ को यहां अपना भविष्य नजर आ रहा है। इस एयरपोर्ट के उद्घाटन के साथ यूपी पांच इंटरनेशनल एयरपोर्ट वाला प्रदेश बन गया है। इस एयरपोर्ट के शिलान्यास और उद्घाटन का कार्य आपने मुझे दिया। मैंने आपके हाथों से इसका उद्घाटन किया। यह एयरपोर्ट आपकी अमानत है। इससे विकसित यूपी का नया अध्याय शुरू हुआ है।
पीएम मोदी के भाषण के मुख्य बिंदु:
नोएडा एयरपोर्ट से युवाओं के भविष्य को नई उड़ान मिलेगा। विकसित यूपी और विकसित भारत अभियान का नया अध्याय लिखा जा रहा है।
जेवर एयरपोर्ट पश्चिमी यूपी की कनेक्टिविटी को नई ऊंचाई देगा। यह एयरपोर्ट विश्व से कनेक्टिविटी का हब होगा।
तेल संकट पर पीएम मोदी ने कहा कि पश्चिमी एशिया में युद्ध जैसी स्थिति बनी हुई है। इस कारण कई देशों में तेल और गैस का संकट उत्पन्न हो गया है।
पश्चिम एशिया में गहराए संकट से निपटने के लिए सरकार के स्तर पर हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। भारत पूरी शक्ति के साथ इस प्रकार की संकट का
मुकाबला कर रहा है।
समाजवादी पार्टी पर बड़ा हमला करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि समाजवादी पार्टी सरकार ने नोएडा को लूट और वसूली का एटीएम बना लिया था।
केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार ने पिछले एक माह में पश्चिमी उत्तर प्रदेश को चार बड़ी परियोजनाओं की सौगात दी है। यह इस क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के अवसर देने वाली होगी।
समाजवादी पार्टी सरकार पर हमला करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पूर्व की सरकार सत्ता जाने के डर से नोएडा को उसके हाल पर छोड़ दिया था। उन्होंने कहा कि हमें भी डराने का प्रयास किया गया कि मोदी जी, अभी प्रधानमंत्री बने हो, नोएडा के कार्यक्रम में मत जाओ। आज वही नोएडा दुनिया का स्वागत करने के लिए तैयार है।
गन्ना किसानों की स्थिति का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पहले बकाया का भुगतान के लिए उन्हें विकट परिस्थिति का सामना करना पड़ता था। डबल इंजन की सरकार ने भुगतान को सहज बनाया है। गन्ने से कच्चे तेल पर निर्भरता कम करने की योजना पर काम किया जा रहा है।
नोएडा एयरपोर्ट से हर दो मिनट पर फ्लाइट उड़ेगी। इसी एयरपोर्ट के उद्घाटन से कांग्रेस और सपा ने इनकार कर दिया था। 2003 में एयरपोर्ट प्रोजेक्ट को मंजूरी दिए जाने के बाद भी इस पर काम नहीं हुआ। पहले कोई सीएम नोएडा नहीं आता था। हम लोगों की उड़ान को सहज बनाने की दिशा में लगातार काम कर रहे हैं।
