लोकसभा में मंगलवार को जोरदार हंगामा देखने को मिला, जब पीठासीन अधिकारी कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बोलने से रोकते हुए अगले वक्ताओं के नाम पुकारने शुरू कर दिए. इस कदम के विरोध में सपा, टीएमसी और अन्य विपक्षी दलों के सांसदों ने भी बोलने से इनकार कर दिया.राहुल गांधी के समर्थन में विपक्षी सांसद वेल में आ गए और जमकर नारेबाज़ी की. हंगामे के दौरान विपक्षी सदस्यों ने आसन की ओर कागज भी उछाले. लगातार शोरगुल के कारण सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से नहीं चल सकी. स्थिति बिगड़ने पर पीठासीन तेन्नेटी ने कार्यवाही को दोपहर तीन बजे तक स्थगित करने की घोषणा कर दी.संसद के बजट सत्र में मंगलवार को लोकसभा की कार्यवाही लगातार दूसरे दिन हंगामेदार रही. नेता विपक्ष राहुल गांधी के भाषण पर मंगलवार को भी हंगामा हुआ. इस बीच स्पीकर पर कुछ सांसदों ने पेपर भी उछाले, स्पीकर पर पेपर उछालने वाले 8 विपक्षी सांसदों को निलंबित कर दिया गया है. इस निलंबन के खिलाफ राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित अन्य कांग्रेस नेताओं ने संसद के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया. इससे पहले भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सरकार पर निशाना साधने की कोशिश कर रहे कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के सदस्यों ने मंगलवार को लोकसभा में हंगामा किया जिसके कारण सदन की बैठक शुरू होने के कुछ मिनट बाद ही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई.फिर कार्यवाही शुरू हुई तो हंगामा जारी रहा. इसके बाद सदन की कार्यवाही 2 बजे तक स्थगित कर दी गई. इसके बाद राहुल गांधी 2 बजे बोलने के लिए खड़े हुए और फिर उन्होंने चीन का मुद्दा उठाया. इस पर किरण रिजिजू ने आपत्ति जताई और राहुल गांधी को बोलने से रोका गया. हंगामा हुआ और सदन की कार्यवाही को स्थगित कर दिया गया.
मुझे क्यों रोका जा रहा है?- राहुल गांधी ने पूछा सवाल
लोकसभा में बोलते हुए विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, ‘राष्ट्रपति के भाषण में एक बहुत ही महत्वपूर्ण मुद्दा राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित है. पाकिस्तान, चीन और हमारे बीच के संबंध. इस लेख में एक बहुत ही महत्वपूर्ण बिंदु है जिसकी मैंने पुष्टि की है. इसमें प्रधानमंत्री की प्रतिक्रिया का जिक्र है… हमारे राष्ट्रपति का भाषण भारत के वर्तमान भविष्य के मार्ग के बारे में था. विश्व मंच पर, अंतरराष्ट्रीय मामलों का मुख्य मुद्दा चीन और अमेरिका के बीच का संघर्ष है. यह हमारे राष्ट्रपति के भाषण का केंद्रबिंदु है. मैं बस इतना कह रहा हूं कि मुझे चीन और भारत के बीच जो कुछ हुआ और उस पर हमारे प्रधानमंत्री की क्या प्रतिक्रिया थी, उस पर बोलने दीजिए. मुझे क्यों रोका जा रहा है?’भाजपा सांसदों ने राहुल गांधी के इस मुद्दे पर बोलने पर आपत्ति जताई.
सदन शुरू होते ही मचा हंगामा
इसके बाद अध्यक्ष ने जैसे ही प्रश्नकाल शुरू कराया, कांग्रेस समेत विपक्षी दलों के सांसद नारेबाजी करते हुए आसन के समीप आ गए. वे भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का मुद्दा उठाते हुए सरकार के खिलाफ नारे लगा रहे थे. शोर-शराबे के बीच ही गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने एक सदस्य के पूरक प्रश्न का उत्तर दिया.बिरला ने विपक्षी सदस्यों से कार्यवाही चलने देने की अपील करते हुए कहा, ‘प्रश्नकाल में नियोजित तरीके से आसन के पास आकर नारेबाजी करने का कोई औचित्य है क्या? यह सदस्यों का समय होता है. इसमें सांसद प्रश्न उठाते हैं, सरकार की जवाबदेही तय होती है.’
लोकसभा के हंगामे पर कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल का बयान
कांग्रेस सांसद के. सी. वेणुगोपाल ने कहा, “आप किताब या मैगज़ीन को कोट नहीं कर सकते. अगर आप कोट करना चाहते हैं, तो आपको उसे ऑथेंटिकेट करना होगा. यह फैसला कल स्पीकर ने दिया था. आज सुबह, भाषण शुरू करने से पहले ही, अभी राहुल गांधी ने चेयर से इसे ऑथेंटिकेट करने की इजाज़त मांगी. चेयर ने इजाज़त दे दी. चेयर से इजाज़त मिलने के बाद, उन्होंने सदन की मेज पर रखी पूरी मैगज़ीन को ऑथेंटिकेट किया. फिर उन्होंने बोलना शुरू किया. फिर मैंने कहा, मैं किताब को कोट नहीं कर रहा हूं, मैं मैगज़ीन को कोट नहीं कर रहा हूं, लेकिन मैं मोटे तौर पर देश की अंदरूनी सुरक्षा व्यवस्था के बारे में बात कर रहा हूं…”
लोकतांत्रिक मुल्क में सुनने का भी दिल होना चाहिएः मनोज झा
RJD सांसद मनोज कुमार झा ने लोकसभा से 7 कांग्रेस सांसद और 1 CPM सांसद सस्पेंशन पर कहा, “…ऐसा क्या सच छुपाने की कोशिश कर रहे हैं एक मजबूत लोकतांत्रिक मुल्क में सुनने का भी दिल होना चाहिए. उसके बाद साक्षा विचार होना चाहिए. बाकि आप जो सस्पेंशन कर रहे है उसका ओरिजिन कहा है ये देखना होगा ना…अगर इस तरह से सस्पेंशन हुआ होता तो 2012-13 में पूरी की पूरी बीजेपी सस्पेंड हो गई होती.”
विरोध के नाम पर सदन को बाधित करना ससंदीय परंपरा के खिलाफः दिलीप सैकिया
हंगामे के दौरान विपक्षी सांसदों ने पीठासीन स्पीकर दिलीप सैकिया की ओर पेपर उछाले. अब भाजपा सांसद दिलीप सैकिया ने कहा, “अपोज़िशन पार्टी को सदन में अपने मुद्दे रखने का पूरा अधिकार है. सदन में चर्चा होनी चाहिए, क्योंकि सदन सभी के लिए है. लेकिन सिर्फ़ विरोध के नाम पर सदन को पूरी तरह बाधित करना और कामकाज ठप करना, यह संसदीय परंपराओं के खिलाफ है…”
सस्पेंड होने के बाद कांग्रेस सांसद मणिक्कम टैगोर ने क्या कहा?
लोकसभा से सस्पेंड होने के बाद कांग्रेस सांसद मणिक्कम टैगोर ने कहा, “8 सांसद सस्पेंड किए गए हैं, 7 कांग्रेस सांसद और मदुरै से 1 CPM सांसद एस. वेंकटेशन. हमारी गलती यह है कि हम सरकार के उस फैसले का विरोध कर रहे थे जिसमें विपक्ष के नेता राहुल गांधी को बोलने नहीं दिया जा रहा था. कल, विपक्ष के नेता राहुल गांधी को बार-बार परेशान किया गया, और उन्हें बोलने नहीं दिया गया, और उनसे ऑथेंटिकेशन देने के लिए कहा गया. आज, वह ऑथेंटिकेशन लेकर आए और उन्होंने लेटर दिया और ऑथेंटिकेशन जमा किया. उसके बाद उन्होंने विपक्ष के नेता का भाषण रोक दिया. राहुल गांधी ने चीन, अमेरिकी टैरिफ के बारे में बात की. उसके बाद राहुल गांधी का माइक ले लिया गया, और हमने विरोध किया इसलिए हमें सस्पेंड कर दिया गया है…”
