चंडीगढ़: संत रविदास की जयंती पर पंजाब पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि आप सभी जानते हैं कि मेरा रिश्ता श्री गुरु रविदास जी की जन्मभूमि काशी से है। काशी के लोगों ने मुझे आशीर्वाद दिए और सांसद के रूप में काशी की सेवा करने का भी मुझे सौभाग्य मिला। मैं जब भी सीर गोवर्धनपुर जाता हूं, बड़ी संख्या में मुझे पंजाब के भाई बहनों से मिलने का भी सौभाग्य मिलता है। मैं इस बार संत रविदास जी की प्रेरणा भूमि पंजाब की वीर भूमि पर आया हूं। इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि अबसे थोड़ी देर पहले संत रविदास जी के नाम पर आदमपुर एयरपोर्ट का नया नामकरण हुआ है। आदमपुर एयरपोर्ट को अब श्री गुरु रविदास महाराज जी एयरपोर्ट के नाम से जाना जाएगा।
संत रविदास को किया प्रणाम
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि मैं मानता हूं कि ये श्री गुरु रविदास जी की ईच्छा है और मेरा बहुत सौभाग्य है। मैं इस आयोजन में निमंत्रित करने के लिए डेरा सचखंड बल्ला का आभार व्यक्त करता हूं। उन्होंने कहा कि आज माघ पूर्णिमा की पवित्र तिथि है। श्री गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती का पावन अवसर है। इस पुण्य पर्व पर आज मुझे आप सभी के बीच आने का सौभाग्य मिला है। मैं इस पवित्र मंच से श्री गुरु रविदास जी को प्रणाम करता हूं और आप सभी को और सभी देशवासियों को संत रविदास जयंती और माघ पूर्णिमा की शुभकामनाएं देता हूं।
डेरा सचखंड बल्लां पर बोले पीएम
पीएम मोदी ने कहा कि समाज सेवा के क्षेत्र में डेरा सचखंड बल्लां के कार्य बहुत सराहनीय रहे हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य से जुड़े अनेक कार्य पूज्य संत श्री निरंजन दास जी महाराज के मार्गदर्शन में अविरत हो रहे हैं। उनके नेतृत्व में दुनिया के कई देशों में श्री गुरु रविदास जी के विचारों का प्रसार भी हुआ है। इस योगदान को सम्मान देने के लिए अभी हाल ही में हमारी भाजपा की केंद्र सरकार ने पूज्य संत श्री निरंजन दास जी महाराज को पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया है। इस अवसर पर मैं उन्हें आदरपूर्वक नमन करता हूं।
पीएम मोदी की बड़ी 10 बातें:
मेरा रिश्ता श्री गुरु रविदास जी की जन्मभूमि काशी से है।
मध्य प्रदेश के सागर में श्री गुरु रविदास जी का मंदिर और संग्रहालय बन रहा है।
संत रविदास जी के आशीर्वाद से हम विकसित भारत के लक्ष्य को जरूर पाकर रहेंगे।
संसद में प्रस्तुत बजट, गरीब, अन्नदाता, युवाशक्ति और नारी को सशक्त करेगा।
ये बजट गांव को मजबूत करने का बजट है। ये किसान की आय बढ़ाने वाला बजट है।
ये आत्मनिर्भर भारत को, मेक इन इंडिया को बढ़ावा देने वाला बजट है।
पिछले 11 सालों में बहुत सारी दवाएं सस्ती की गई हैं।
भारत-यूरोपीय यूनियन के बीच ट्रेड डील से यूरोप के 27 देशों के साथ व्यापार होगा।
पंजाब को स्किल्ड युवाओं के लिए जाना जाता है। ट्रेड डील से पंजाब के भाईयों-बहनों को बहुत फायदा होने वाला है।
हमें अपने product की quality पर बहुत जोर देना होगा। हमारे उत्पाद जहां भी जाएंगे, उन पर भारत की छाप होगी।
